ETV Bharat / bharat

गंगा दशहरा पर गंगोत्री धाम में उमड़ा जनसैलाब, श्रद्धा और भक्ति से सराबोर हुआ पूरा धाम

प्रदेश के गंगा दशहरा पर्व पर तमाम मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है. जिससे मंदिर परिसर भक्तिमय हो गया है.

Uttarakhand Gangotri Dham
उत्तराखंड गंगोत्री धाम (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttarakhand Team

Published : May 25, 2026 at 11:00 AM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

उत्तरकाशी (उत्तराखंड): पतितपावनी मोक्षदायिनी मां भागीरथी (गंगा) के धरा अवतरण के पावन पर्व गंगा दशहरा के अवसर पर विश्व प्रसिद्ध गंगोत्री धाम में आस्था, श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है. गंगा दशहरा पर सोमवार सुबह से ही गंगोत्री धाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी. मंदिर परिसर, भागीरथी घाट और आसपास का पूरा क्षेत्र 'हर-हर गंगे' तथा 'जय मां गंगे' के जयघोष से गुंजायमान हो उठा.

देश के विभिन्न राज्यों सहित विदेशों से पहुंचे हजारों श्रद्धालु मां गंगा के पावन दर्शन और स्नान के लिए धाम पहुंचे. प्रातःकाल में मां गंगा की विशेष पूजा-अर्चना के साथ धार्मिक अनुष्ठानों का शुभारंभ हुआ. मंदिर परिसर में वैदिक मंत्रोच्चारण, शंखध्वनि और घंटियों की मधुर ध्वनि से वातावरण पूरी तरह भक्तिमय बना रहा. गंगोत्री मंदिर के कपाट खुलते ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लग गईं.

गंगा दशहरा पर गंगोत्री धाम में उमड़ा जनसैलाब. (ETV Bharat)

श्रद्धालुओं ने भागीरथी नदी के पवित्र एवं शीतल जल में स्नान कर पुण्य लाभ अर्जित किया. मान्यता है कि गंगा दशहरा के दिन मां गंगा में स्नान करने और दान-पुण्य करने से समस्त पापों का नाश होता है और व्यक्ति को मोक्ष की प्राप्ति होती है. धाम में पहुंचे श्रद्धालुओं में पर्व को लेकर विशेष उत्साह दिखाई दिया.

Uttarkashi Gangotri Dham
गंगोत्री धाम में उमड़ा जनसैलाब (Photo-Information Department)

कई श्रद्धालु परिवार सहित गंगा स्नान और मां गंगा के दर्शन के लिए पहुंचे. घाटों पर श्रद्धालु पूजा-अर्चना, दीपदान और धार्मिक अनुष्ठान करते नजर आए. साधु-संतों और तीर्थ पुरोहितों द्वारा श्रद्धालुओं को गंगा दशहरा का महत्व बताया गया. श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन और पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह मुस्तैद रहा.

Uttarkashi Gangotri Dham
गंगा दशहरा पर गंगोत्री धाम में उमड़ा श्रद्धालुओं का रेला (Photo-Information Department)

मंदिर परिसर, घाटों और यात्रा मार्गों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है. स्वास्थ्य विभाग, एसडीआरएफ, नगर पालिका और अन्य विभागों की टीमें भी मौके पर तैनात रहीं. श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पेयजल, साफ-सफाई, चिकित्सा और यातायात की विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं.

Uttarkashi Gangotri Dham
श्रद्धा और भक्ति से सराबोर हुआ गंगोत्री धाम (Photo-Information Department)

गंगा दशहरा के अवसर पर गंगोत्री धाम का आध्यात्मिक और दिव्य वातावरण श्रद्धालुओं को भावविभोर कर रहा है. मां गंगा के दर्शन और पावन स्नान के लिए श्रद्धालुओं का पहुंचना लगातार जारी रहा. गौर हो कि गंगा दशहरा पर्व को लेकर हरिद्वार में श्रद्धालुओं का रेला उमड़ पड़ा. रविवार को धर्मनगरी हरिद्वार में 27 लाख श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान किया, जबकि आज सोमवार की सुबह गंगा आरती के बाद श्रद्धालुओं की संख्या 16 लाख पहुंच चुकी है.

पढ़ें- गंगा दशहरा पर्व: हरिद्वार में उमड़ा आस्था का जनसैलाब, हर-हर गंगे के जयघोष से गूंजे घाट, सुबह तक 16 लाख पहुंचा आंकड़ा