ETV Bharat / bharat

'नीतीश कुमार को ही नहीं लालू यादव को भी मिले भारत रत्न..' JDU में दो फाड़

नीतीश को भारत-रत्न देने की मांग पर सियासत गरम है. जेडीयू में ही इसको लेकर मतभेद है, वहीं तेजप्रताप ने भी अलग डिमांड रखी है-

Etv Bharat
नीतीश को भारत रत्न देने की मांग (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Bihar Team

Published : January 10, 2026 at 7:05 PM IST

5 Min Read
Choose ETV Bharat

पटना : बिहार की राजनीति भारत रत्न की डिमांड के इर्द-गिर्द घूम रही है. इसकी शुरुआत हाल ही में केसी त्यागी ने पीएम नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर नीतीश कुमार को भारत रत्न देने की मां की थी, जिसके बाद 'भारत रत्न' को लेकर बिहार में चर्चा छिड़ गई.

भारत रत्न देने की मांग पर घमासान : हालाकि नीतीश कुमार को भारत रत्न देने की मांग करने वाले केसी त्यागी की डिमांड को पार्टी प्रवक्ता राजीव रंजन ने खारिज कर दिया और कहा कि ये उनका निजी बयान है. लेकिन चर्चा इस बयान के बाद भी नहीं थमी. अब तेजप्रताप ने आरजेडी प्रमुख लालू यादव को भारत रत्न देने की मांग रख दी है.

तेजप्रताप ने लालू के लिए भी मांगा भारत रत्न : जनशक्ति जनता दल प्रमुख तेजप्रताप यादव ने कहा कि लालू यादव को भी देश का सर्वोच्च सम्मान भारत रत्न मिलना चाहिए. ये सम्मान नीतीश को दें तो हमारे पिता और नीतीश कुमार दोनों भाई जैसे हैं. तो दोनों भाइयों को ये सम्मान मिलना चाहिए.

"लालू प्रसाद यादव को भी भारत रत्न मिलना चाहिए. अगर लोग कह रहे हैं कि नीतीश कुमार को यह मिलना चाहिए, तो उन्हें दें, लेकिन कहा जाता है कि हमारे पिता और नीतीश कुमार भाई जैसे रहे हैं, तो दोनों भाइयों को यह मिलना चाहिए. जन शक्ति जनता दल की मांग है कि लालू प्रसाद यादव को भारत रत्न मिलना चाहिए."- तेजप्रताप यादव, अध्यक्ष, जनशक्ति जनता दल

'नीतीश भारत रत्न के काबिल' : इधर चिराग पासवान ने भी नीतीश को भारत रत्न देने की मांग का समर्थन किया है. उन्होंने कहा कि जिस तरह से पिछले दो दशक से मौजूदा मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार ने आगे बढ़ने का कार्य किया है, यकीनन वो इस अधिकार के काबिल हैं. भारत रत्न जैसा सर्वोच्च सम्मान किनको दिया जाए, किनको नहीं ये मांग करके या किसी के चाहने से नहीं होता. मुझे लगता है इसके पीछे की जो प्रक्रिया है, जो इसके काबिल होगा उसे जरुर दिया जाएगा.

"पिछले 2 दशक से जिस तरीके से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने प्रदेश का नेतृत्व किया है, यकीनन उनके द्वारा किए गए कई ऐसे कार्य हैं, जिसकी सराहना का जानी चाहिए. देश का सर्वोच्च सम्मान भारत रत्न का आधार कई तरीके की प्रक्रिया होती है. मैं इतना जरूर मानूंगा की वे इसके काबिल जरूर हैं."- चिराग पासवान, केंद्रीय मंत्री

जीतनराम मांझी को पीएम मोदी पर भरोसा : वहीं जीतन राम मांझी बहुत पहले से ही नीतीश को भारत रत्न देने की मांग करते आ रहे हैं. हालाकि तब इतना विवाद नहीं हुआ जितना केसी त्यागी की डिमांड के बाद शुरू हुआ. हिन्दुस्तानी अवाम मोर्चा (सेकुलर) के नेता और केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से उम्मीद जताई है कि वो अपने चौकाने वाले फैसले के तहत नीतीश कुमार को भारत रत्न देकर एक बार फिर सबको हैरान कर देंगे.

"...हमें पूरा भरोसा है कि प्रधानमंत्री मोदी जी, जो अपने फैसलों से सबको चौंकाने के लिए जाने जाते हैं, एक बार फिर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को भारत रत्न देने का फैसला करके सबको चौंका देंगे."- जीतनराम मांझी, केंद्रीय मंत्री

क्या बोले नीतीश के करीबी मंत्री : वैसे केसी त्यागी चले थे नीतीश कुमार को खुश करने के लिए लेकिन अब वो जेडीयू में हैं भी या नहीं पार्टी के कार्यकर्ता और नेता भी नहीं तय कर पा रहे हैं. बिहार के मंत्री अशोक चौधरी ने भी केसी त्यागी की मांग पर वही कहा जो पार्टी लाइन थी. अशोक चौधरी ने उनके बयान को निजी राय होने का हवाला दिया और कहा कि ''ये उनकी व्यक्तिगत और अपनी डिमांड है, पार्टी में इस बारे में कोई चर्चा नहीं हुई है.''

नीतीश को भारत रत्न वाली मांग जायज : भले ही जेडीयू ने केसी त्यागी की डिमांड से किनारा कर लिया लेकिन जेडीयू सांसद देवेश चंद्र ठाकुर ने उनकी मांग का न सिर्फ समर्थन किया बल्कि ये भी कहा कि जो भी लोग नीतीश कुमार को भारत रत्न देने की मांग कर रहे हैं वह मांग एकदम जायज है.

"मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को निश्चित तौर पर भारत रत्न मिलना चाहिए. बिहार जैसे पिछड़े राज्य को आगे बढ़ाने का काम मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने 20 साल के कार्यकाल के दौरान किया है. यह बहुत बड़ी बात है, और इसको लेकर ही भारत रत्न उन्हें मिलना चाहिए. जो भी लोग उनके भारत उनको भारत रत्न देने की मांग प्रधानमंत्री से कर रहे हैं, वह मांग जायज है.'' - देवेश चंद्र ठाकुर, सांसद, जेडीयू

केसी त्यागी की डिमांड पर जेडीयू में दो-फाड़ : फिलहाल इन बयानों को देखकर लगता है कि केसी त्यागी के बयान पर जेडीयू में मतभेद है. एक पक्ष नीतीश को भारत रत्न देने की मांग को भी सिरे से खारिज कर रहा है तो वहीं दूसरा पक्ष इसे जायज मान रहा है. बहरहाल देखना ये है कि भारत रत्न देने की मांग वाली चर्चा अभी कितनी दूर तक जाती है.

ये भी पढ़ें-