पूर्व नेशनल रेसलर अमित श्योराण गिरफ्तार, पहलवान से बाउंसर और फिर बना ड्रग्स तस्कर, खिलाड़ियों के बीच करता था अफीम सप्लाई
दिल्ली पुलिस और झारखंड पुलिस की संयुक्त टीम ने ड्रग्स मामले में नेशनल लेवल के पहलवान अमित श्योराण को गिरफ़्तार किया. प्रशांत कुमार की रिपोर्ट.

Published : August 20, 2026 at 9:27 AM IST
|Updated : August 21, 2026 at 1:09 PM IST
रांची: कभी अखाड़े में दांव-पेच दिखाकर राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाला पहलवान नशे के कारोबार में गिरफ्तारी के बाद सुर्खियों में है. पहलवान की गिरफ्तारी भले ही दिल्ली से हुई है, लेकिन गिरफ्तार होने का कनेक्शन रांची से जुड़ा है.
क्या है पूरा मामला
31 वर्षीय पूर्व नेशनल पहलवान अमित श्योराण को दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच और झारखंड पुलिस की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार किया है. वह झारखंड से अफीम लेकर दिल्ली और हरियाणा में सप्लाई करने के आरोप में वांटेड था. पुलिस के मुताबिक उसके खिलाफ रांची के धुर्वा (तुपुदाना) थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज है और वह दिसंबर 2023 से फरार चल रहा था. अमित की गिरफ्तारी दिल्ली के मधुबन चौक मेट्रो स्टेशन के पास से की गई.
2013 में जीता था राष्ट्रीय स्तर पर कांस्य पदक
पुलिस के अनुसार अमित श्योराण मूल रूप से हरियाणा के रोहतक का रहने वाला है. उसने कुश्ती में अपनी पहचान बनाई थी. वर्ष 2013 में आयोजित राष्ट्रीय कैडेट कुश्ती प्रतियोगिता में उसने कांस्य पदक जीता था. राष्ट्रीय स्तर पर खेलने के बावजूद, अमित कुश्ती और अखाड़े से जुड़े लोगों के संपर्क में बना रहा. इसी दौरान, कुश्ती के साथ-साथ उसने बड़े क्लबों में बाउंसर के तौर पर काम करना शुरू किया. रांची पुलिस के मुताबिक, इसी समय वह ऐसे लोगों के संपर्क में आया, जो अफीम का इस्तेमाल करते थे. उन्हीं के जरिए वह कथित तौर पर नशे के कारोबार में उतर गया.
झारखंड से अफीम लाकर खिलाड़ियों के बीच करता था सप्लाई
2023 में हुए रांची पुलिस के एफआईआर में बताया गया है कि अमित झारखंड से अफीम हासिल कर उसे दिल्ली और हरियाणा तक पहुंचाता था. वहां वह विभिन्न अखाड़ों और कुश्ती से जुड़े लोगों के बीच अफीम की सप्लाई करता था. मामले की जांच के दौरान सामने आया कि अमित झारखंड में सक्रिय एक स्थानीय अफीम तस्कर के संपर्क में था. इसी कड़ी ने पुलिस को उसके दिल्ली तक पहुंचने वाले नेटवर्क का सुराग दिया.
अफीम के साथ पकड़े गए तस्कर से खुला राज
रांची पुलिस के रिकॉर्ड के अनुसार अमित के खिलाफ कार्रवाई की शुरुआत अप्रैल 2023 में हुई थी. उस समय झारखंड पुलिस ने स्थानीय तस्कर राजेश नाग को करीब 492 ग्राम अफीम के साथ गिरफ्तार किया था. पूछताछ के दौरान राजेश ने कथित तौर पर अमित शेओरान का नाम लिया और उसे अफीम लेने वाले प्रमुख लोगों में बताया.
इसके बाद पुलिस ने अमित की तलाश शुरू की. लेकिन गिरफ्तारी से पहले ही वह फरार हो गया. जांच आगे बढ़ने पर उसके खिलाफ रांची के धुर्वा (तुपुदाना) थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया.
दिसंबर 2023 में घोषित हुआ था भगोड़ा
रांची पुलिस के मुताबिक लगातार फरार रहने के बाद अदालत ने दिसंबर 2023 में अमित शेओरान को Proclaimed Offender यानी घोषित अपराधी घोषित कर दिया था. इसके बाद से पुलिस उसकी लगातार तलाश कर रही थी. इस बीच दिल्ली क्राइम ब्रांच को उसके दिल्ली में छिपे होने की सूचना मिली. सूचना के आधार पर झारखंड पुलिस के सहयोग से उसकी गतिविधियों पर नजर रखी गई. आखिरकार मधुबन चौक मेट्रो स्टेशन के पास उसे दबोच लिया गया.
हत्या और आर्म्स एक्ट समेत छह मामले दर्ज
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक अमित श्योराण के खिलाफ सिर्फ एनडीपीएस एक्ट का मामला ही नहीं है. उसके खिलाफ हत्या और आर्म्स एक्ट समेत कुल छह आपराधिक मामले दर्ज होने की बात सामने आई है. पुलिस अब उसके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड और नशे के कारोबार से जुड़े संपर्कों को भी खंगाल रही है.
अखाड़े से शुरू हुआ सफर अपराध की दुनिया तक पहुंचा
अमित श्योराण की कहानी इसलिए भी चौंकाने वाली है क्योंकि जिस खेल ने उसे राष्ट्रीय स्तर तक पहचान दिलाई, उसी से जुड़े संपर्कों का इस्तेमाल उसने कथित तौर पर नशे के कारोबार में किया. कभी अखाड़े में पदक के लिए मुकाबला करने वाला खिलाड़ी अब एनडीपीएस मामले में पुलिस की गिरफ्त में है.
दिल्ली पुलिस ने दी जानकारी
मामले को लेकर दिल्ली पुलिस ने अपने ऑफिशियल एक्स हैंडल पर भी जानकारी साझा की है. दिल्ली पुलिस के क्राइम ब्रांच के अनुसार, लंबे समय से फरार चल रहे घोषित अपराधी और वांछित ड्रग तस्कर को गिरफ्तार किया गया है. आरोपी झारखंड के रांची स्थित धुर्वा (तुपुदाना) थाना क्षेत्र में दर्ज NDPS एक्ट के मामले में वांछित था.
क्राइम ब्रांच की NR-II टीम ने लगातार निगरानी, मानव खुफिया तंत्र और तकनीकी सर्विलांस के जरिए आरोपी की गतिविधियों का पता लगाया. इसके बाद दिल्ली क्राइम ब्रांच और रांची के धुर्वा (तुपुदाना) थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया.
🚨🔥 DECLARED PROCLAIMED OFFENDER → ARRESTED AFTER LONG MANHUNT! 🔥🚔
— Crime Branch Delhi Police (@CrimeBranchDP) August 19, 2026
🎯 NR-II, Crime Branch, Delhi Police apprehends a wanted drug smuggler & Proclaimed Offender after sustained surveillance and a meticulously coordinated operation.
💊 Wanted in an NDPS case of PS Dhurwa… pic.twitter.com/7ozX2AfEil
रांची पुलिस भी लेगी रिमांड पर
बता दें कि नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के निर्देश पर झारखंड सहित पूरे देश में अफीम तस्करों सहित दूसरे ड्रग्स के कारोबारी की तलाश की जा रही है. केंद्रीय गृह मंत्री के बैठक के बाद सभी राज्यों ने अफीम तस्करों के खिलाफ जोरदार कार्रवाई के लिए एक दूसरे से सूचनाओं को साझा किया था. इसी कड़ी में अमित की भी गिरफ्तारी हुई है.
रांची पुलिस के अधिकारियों के अनुसार झारखंड में अफीम तस्करी के नेटवर्क की जानकारी को लेकर जल्द ही अमित को रिमांड पर लेकर रांची लाया जाएगा ताकि उससे पूछताछ की जा सके.
ये भी पढ़ें: रांची पुलिस की कार्रवाई, अफीम के साथ दो तस्कर गिरफ्तार
अफीम की खेती के 27 आरोपी बरी, 16 साल बाद आया कोर्ट का फैसला
तैयार अफीम निकलवाने की जुगत में तस्कर, शिकंजे में आया अपने ही खेत में अफीम उगाने वाला शख्स!

