दिल्ली से पटना आ रहे AIR INDIA के विमान से पक्षी टकराया, पटना एयरपोर्ट पर टला बड़ा हादसा
पटना एयरपोर्ट पर बड़ा हादसा टल गया. 164 यात्रियों के लेकर आ रहा एयर इंडिया के विमान से पक्षी टकरा गया था. रिपोर्ट- कुंदन कुमार

Published : August 24, 2026 at 3:16 PM IST
पटना : पटना हवाई अड्डे पर सोमवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब दिल्ली से आ रहे एयर इंडिया के विमान से एक पक्षी टकरा गया. विमान की पटना के जयप्रकाश नारायण अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सुरक्षित लैंडिंग करा ली गई है. विमान में सवार सभी 164 यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं.
पटना एयरपोर्ट पर टला बड़ा हादसा : एयरपोर्ट अधिकारियों ने बताया कि, दिल्ली से पटना आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट AI-1741 सोमवार सुबह जैसे ही पटना हवाई क्षेत्र के करीब पहुंची, लैंडिंग की प्रक्रिया के दौरान एक पक्षी विमान से टकरा गया.

विमान के इंजन से टकराया पक्षी : अधिकारी ने बताया कि, ''रनवे पर लैंडिंग के दौरान ही एयर इंडिया के विमान के दाहिने तरफ की इंजन (टरबाइन) से पक्षी टकरा गया. इसके बाद पायलट ने सस्पेकटेड बर्ड हिट की सूचना एयरपोर्ट अधिकारी को दी.''
विमान की लैंडिंग, 164 यात्री सुरक्षित : सूचना के बाद एयरपोर्ट पर मौजूद फायर ब्रिगेड और मेडिकल टीम अलर्ट हो गई. इसके बाद पायलट ने विमान की सुरक्षित लैंडिंग कराई. इसके बाद हवाई अड्डा प्रशासन और तकनीकी टीम ने तुरंत विमान को अपने घेरे में ले लिया. एयरपोर्ट पर तैनात सुरक्षा अधिकारियों ने विमान की जांच की और विमान के बर्ड हिट होने की पुष्टि की.

सुबह 7 बजकर 44 मिनट की घटना : अधिकारियों के मुताबिक, ''सुबह 7 बजकर 44 मिनट बजे हुई इस घटना में विमान की रनवे पर सुरक्षित लैंडिंग हुई. विमान में मौजूद सभी 164 यात्री सुरक्षित हैं. रनवे की जांच कराई गई, जिसमें विमान को सुरक्षित पाया गया.'' इसके बाद विमान को दिल्ली लौटने की अनुमति दे दी गई. वापसी की फ्लाइट AI-1852 को 79 मिनट की देरी के बाद 10 बजकर 9 मिनट पर रवाना हुई.
''मैं एयरपोर्ट पर पहुंचा हुआ था. मुझे दिल्ली उसी लौटती फ्लाइट से जाना था, लेकिन पता चला कि बर्ड हिट हुआ है तो हम घर वापस आ गए और फिर दूसरी फ्लाइट से दिल्ली गए.''- मनोज झा, राज्यसभा सांसद, आरजेडी

एक हफ्ते में दूसरी घटना: पटना एयरपोर्ट पर बर्ड हिट की एक हफ्ते में यह दूसरी घटना है, जिसने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं. इससे पहले 17 अगस्त में दिल्ली से पटना आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट बर्ड हिट का शिकार हुई थी. लैंडिंग के बाद विमान की मरम्मत की गई थी.
ये भी पढ़ें- एयर इंडिया फ्लाइट में 4 सेकंड तक नहीं था कंट्रोल, तीनों हाइड्रोलिक सिस्टम फेल, टर्बुलेंस पर बड़ा खुलासा

