दिल्ली लखनऊ इंडिगो फ्लाइट की भोपाल में इमरजेंसी लैंडिंग, यूपी के दोनों डिप्टी सीएम थे सवार
दिल्ली से लखनऊ पहुंची इंडिगो की फ्लाइट भोपाल डायवर्ट, खराब मौसम के कारण कई बार लैंडिंग फेल. यूपी के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक थे सवार.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : May 4, 2026 at 10:48 PM IST
भोपाल: सोमवार को लखनऊ में खराब मौसम के कारण इंडिगो की फ्लाइट जो दिल्ली से लखनऊ पहुंची थी उसे भोपाल भेजकर इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई. इस इंडिगो की फ्लाइट 6E-6476 में यूपी के दोनों डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक सवार थे. इससे पहले लखनऊ एयरपोर्ट पर 3 बार प्लेन की लैंडिंग फेल हो चुकी थी. फिलहाल दोनों डिप्टी सीएम भोपाल से डेढ़ घंटे बाद रवाना हो गए.
पायलट की तीन बार लैंडिंग की कोशिश फेल
बताया जा रहा है कि इंडिगो की फ्लाइट 6E-6476 लखनऊ एयरपोर्ट पर पहुंच भी गई थी, लेकिन पायलट की तीन बार लैंडिंग की कोशिश फेल हो गई. इसके बाद प्लेन को भोपाल लाया गया. दरअसल, लखनऊ में सोमवार को तूफान के साथ करीब डेढ़ घंटे झमाझम बारिश हुई. इस दौरान कई इलाकों में नाले उफना गए. सुल्तानपुर रोड की तरफ सड़कों पर पानी भर गया. खराब मौसम के कारण लखनऊ के अधिकांश इलाकों में अंधेरा छा गया.

फ्लाइट की भोपाल में लैंडिंग
फिर खराब मौसम के बीच दिल्ली से लखनऊ आ रही इंडिगो की फ्लाइट 6E-6476 को भोपाल डायवर्ट किया गया. यहां राजाभोज एयरपार्ट पर प्लेन की सुरक्षित लैंडिंग कराई गई. दोनों डिप्टी सीएम समेत सभी यात्री भोपाल में सुरक्षित उतारे गए.
ये भी पढ़ें:

- बेंगलुरु जा रही फ्लाइट की इंदौर एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग, मासूम की इलाज के दौरान मौत
- कटनी में इमरजेंसी लैंडिग, स्कूल के मैदान में उतरा हेलीकॉप्टर, बड़ा हादसा टला
एयरपोर्ट डायरेक्टर रामजी अवस्थी ने बताया कि "यह कोई इमरजेंसी लैंडिंग नहीं थी, बल्कि मौसम खराब होने के कारण एहतियातन फ्लाइट्स को भोपाल डायवर्ट किया गया था. कुल तीन फ्लाइट्स भोपाल आईं, जिनमें एक एयर इंडिया एक्सप्रेस और दो इंडिगो की थीं. इनमें से दो फ्लाइट रात में और एक सुबह के समय पहुंची. मौसम सामान्य होते ही सभी फ्लाइट्स को उनके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया. "
एयरपोर्ट प्रबंधन के अनुसार, यह पूरी प्रक्रिया सामान्य रही और किसी तरह की आपात स्थिति नहीं बनी. अभी भी मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है.

