ETV Bharat / bharat

कॉकरोच जनता पार्टी का एक्स अकाउंट बहाल करने का आदेश, केंद्र ने नहीं जताई कोई आपत्ति

जस्टिस स्वर्णकांता शर्मा की बेंच ने एक्स अकाउंट बहाल करने का आदेश दिया.

दिल्ली हाईकोर्ट
दिल्ली हाईकोर्ट (File Photo)
author img

By ETV Bharat Delhi Team

Published : July 7, 2026 at 1:41 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

नई दिल्ली: दिल्ली हाईकोर्ट ने कॉकरोच जनता पार्टी का एक्स अकाउंट बहाल करने का आदेश दिया है. सोमवार को केंद्र सरकार की ओर से पेश सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने कहा कि केंद्र सरकार को कॉकरोच जनता पार्टी का एक्स अकाउंट बहाल करने पर कोई आपत्ति नहीं है. उसके बाद जस्टिस स्वर्णकांता शर्मा की बेंच ने एक्स अकाउंट बहाल करने का आदेश दिया.

कोर्ट ने 29 मई को केंद्र और एक्स को नोटिस जारी किया था. कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने एक्स अकाउंट ब्लॉक करने के फैसले को चुनौती दी थी. कॉकरोच जनता पार्टी का एक्स अकाउंट इंटेलिजेंस ब्यूरो के इनपुट के आधार पर ब्लॉक किया गया था. इंटेलिजेंस ब्यूरो ने राष्ट्रीय सुरक्षा की वजह से एक्स अकाउंट ब्लॉक करने की सिफारिश की थी. उसके बाद इलेक्ट्रॉनिक्स एंड इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी मंत्रालय ने एक्स को कॉकरोच जनता पार्टी का अकाउंट ब्लॉक करने का आदेश दिया था.

बता दें कि कॉकरोच जनता पार्टी हाल ही में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर एक व्यंग्यात्मक आनलाइन आंदोलन के रुप में उभरा है. दरअसल 15 मई को एक मामले की सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट में चीफ जस्टिस सूर्यकांत ने कहा था कि बेरोजगार युवा कॉकरोच की तरह होते हैं. उन्होंने कहा था कि ऐसे कई बेरोजगार युवा जिन्हें न तो रोजगार मिलता है और न ही पेशे में कोई ठिकाना तो वे आगे चलकर मीडिया, सोशल मीडिया, आरटीआई एक्टिविस्ट या अन्य तरह के एक्टिविस्ट बन जाते हैं और पूरे सिस्टम पर हमला करने लग जाते हैं.

कोर्ट ने कहा था कि कुछ वकीलों खासकर दिल्ली में लॉ डिग्रियों की प्रामाणिकता की सीबीआई जांच की जरुरत है. बाद में चीफ जस्टिस ने इस मामले पर सफाई भी दी. सफाई में चीफ जस्टिस सूर्यकांत ने कहा कि मुझे यह पढ़कर दुख हुआ कि मीडिया के एक हिस्से ने एक तुच्छ मामले की सुनवाई के दौरान मेरी मौखिक टिप्पणियों को किस तरह गलत तरीके से पेश किया है. मैंने विशेष रूप से उन लोगों की आलोचना की थी, जिन्होंने फर्जी और नकली डिग्रियों की मदद से वकालत जैसे व्यवसायों में प्रवेश किया है.

चीफ जस्टिस ने कहा है कि ऐसे ही लोग मीडिया, सोशल मीडिया और अन्य प्रतिष्ठित व्यवसायों में भी घुसपैठ कर चुके हैं, और इसलिए, वे परजीवी की तरह हैं. चीफ जस्टिस की इस टिप्पणी के बाद कॉकरोच जनता पार्टी के रुप में आनलाइन आंदोलन शुरू किया गया था. इस आंदोलन को सोशल मीडिया पर देखते ही देखते काफी लोकप्रियता मिली. कॉकरोच को लेकर कई मीम और गाने भी बने.

ये भी पढ़ें: