ETV Bharat / bharat

YearEnder 2025: आतंकवाद से लेकर अपराध तक!, जानिए दिल्ली की 10 वो बड़ी घटनाएं, जिन्हें नहीं भूल पाएंगे लोग

साल 2025 आपराधिक मामलों के लिहाज से राजधानी के लिए काफी उथल-पुथल भरा रहा. आइए डालते हैं उन मामलों पर एक नजर..

दिल्ली में आतंकवाद से लेकर अपराध तक की घटनाओं का जिक्र
दिल्ली में आतंकवाद से लेकर अपराध तक की घटनाओं का जिक्र (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Delhi Team

Published : December 25, 2025 at 6:35 AM IST

|

Updated : December 25, 2025 at 11:57 AM IST

13 Min Read
Choose ETV Bharat

नई दिल्ली/धनंजय वर्मा: साल 2025 अब खत्म होने के पड़ाव पर है. इस साल राजधानी दिल्ली में कुछ ऐसी आपराधिक घटनाएं हुईं, जो काफी सुर्खियों में रही. खासकर 2025 के आखिरी के महीनों में राष्ट्रीय राजधानी अपराध और आतंक से थर्रा उठी. साथ ही, कुछ ऐसी भी आपराधिक घटनाएं घटी, जो लोगों की जिंदगियां छीन लीं. हालांकि, यह साल सिर्फ खौफ और हादसों का नहीं, बल्कि दिल्ली पुलिस की सटीक कार्रवाई, तेज जांच व अपराध के खिलाफ कड़े अभियान का भी गवाह रहा है. इस ईयर-एंडर में उन प्रमुख घटनाओं को क्रमबद्ध रूप से पेश किया जा रहा है, जिसका दिल्ली पर खासा असर पड़ा है...

घटना-1

लाल किला ब्लास्ट:

10 नवंबर को लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास हुए डरावने कार ब्लास्ट ने सिर्फ दिल्ली ही नहीं बल्कि पूरे देश को दहला दिया. इसमें 15 लोगों की मौत हुई और 32 लोग घायल हो गए थे. NIA की जांच में "व्हाइट कॉलर टेरर मॉड्यूल" के खुलासे से लेकर डॉक्टरों जैसी दिखने वाली पेशेवर परतों तक आतंक का नेटवर्क प्रकाश में आया. जांच एजेंसियों ने देश के कई राज्यों में छापेमारी की, जिनमें बड़ी मात्रा में करीब 2,900 किलोग्राम विस्फोटक बरामद हुआ. अधिकारियों के अनुसार, यह नेटवर्क लंबे समय से गुप्त रूप से काम कर रहा था, फिलहाल इस मामले में जांच जारी है. इस मामले में आगे और गिरफ्तारियां होने की संभावना है. इसे आतंकी घटना बताया गया. इस घटना ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया. यह हमला इस बात की याद दिलाता है कि आतंकी खतरा आज भी जीवित है, लेकिन इस बार सुरक्षा एजेंसियों की तत्परता ने पूरे मॉड्यूल को बिखेर कर रख दिया.

दिल्ली की 10 बड़ी घटनाओं के बारे में जानिए (ETV Bharat)

घटना-2

UPSC अभ्यर्थी रामकेश मीणा की हत्या

6 अक्टूबर 2025 को UPSC अभ्यर्थी रामकेश मीणा की हत्या कर दी गई, जिसने लोगों को हिलाकर रख दिया. दिल्ली पुलिस की जांच में यह बात सामने आई कि इस हत्या के पीछे रामकेश की प्रेमिका और उसके पूर्व बॉयफ्रेंड की साजिश थी. बताया गया कि आपसी संबंधों व निजी विवादों के चलते दोनों ने मिलकर फिल्मी अंदाज में अपराध की योजना बनाई. दोनों ने हत्या के बाद सबूत मिटाने के उद्देश्य से शव को तेल और घी डालकर जलाने की कोशिश भी की, जिससे घटना को दुर्घटना का रूप दिया जा सके. हालांकि, पुलिस की सतर्कता व समय पर जांच के कारण यह साजिश ज्यादा समय तक छिप नहीं सकी. जांच के दौरान साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने प्रेमिका समेत कुल तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया. यह घटना न सिर्फ एक होनहार छात्र की असमय मौत का प्रतीक बनी, बल्कि यह भी दर्शाती है कि व्यक्तिगत रिश्तों में उत्पन्न तनाव किस तरह गंभीर अपराध का कारण बन सकता है.

दिल्ली में साल 2025 की 10 बड़ी घटनाएं और पुलिस की कार्रवाई
दिल्ली में साल 2025 की 10 बड़ी घटनाएं और पुलिस की कार्रवाई (ETV Bharat)

घटना-3

ISIS से जुड़े आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़

अक्टूबर–नवंबर 2025 के दौरान दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने ISIS से जुड़े एक आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ कर एक बड़े संभावित हमले को नाकाम किया. दिवाली से पहले की गई इस कार्रवाई में दो संदिग्ध आतंकियों को गिरफ्तार किया गया, जिससे सुरक्षा एजेंसियों को बड़ी राहत मिली. ये सभी दिल्ली समेत देश के अन्य राज्यों में बम धमाके की प्लानिंग में थे. इसके लिए रेकी भी कर चुके थे. जांच के दौरान आरोपियों के पास से आतंकी विचारधारा से संबंधित साक्ष्य, डिजिटल डिवाइस व संदिग्ध ऑनलाइन सामग्री बरामद की गई. प्रारंभिक जांच में यह सामने आया कि आरोपी कट्टरपंथी विचारों से प्रभावित थे. सोशल मीडिया व एन्क्रिप्टेड प्लेटफॉर्म के जरिए संपर्क में थे. सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि इनकी गतिविधियां देश की शांति व सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बन सकती थीं. इस कार्रवाई के बाद राजधानी व अन्य संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई. फिलहाल, इस मामले में जांच जारी है. नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है.

दिल्ली में साल 2025 की 10 बड़ी घटनाएं और पुलिस की कार्रवाई
दिल्ली में साल 2025 की 10 बड़ी घटनाएं और पुलिस की कार्रवाई (ETV Bharat)

घटना-4

3 वर्षीय तेजस की निर्मम हत्या

21 अक्टूबर 2025 को दिल्ली के नरेला इलाके में 3 वर्षीय बच्चे तेजस की निर्मम हत्या की चौकाने वाली घटना सामने आई. बच्चे की हत्या निजी रंजिश के चलते तेजस के पिता के ड्राइवर ने की. आरोपी ने बच्चा मारने के बाद वारदात को छुपाने की कोशिश भी की. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने व्यापक तकनीकी जांच शुरू की, जिसमें कॉल डिटेल्स, सीसीटीवी फुटेज व डिजिटल साक्ष्यों का इस्तेमाल किया गया. त्वरित जांच व सबूतों के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया. यह मामला निजी रंजिश के खतरनाक परिणाम व बच्चों की सुरक्षा पर चिंता जताता है.

दिल्ली पुलिस की सटीक कार्रवाई, तेज जांच व अपराध के खिलाफ कड़े अभियान
दिल्ली पुलिस की सटीक कार्रवाई, तेज जांच व अपराध के खिलाफ कड़े अभियान (ETV Bharat)

घटना-5

हर्ष विहार इलाके में गोलीकांड

5 सितंबर 2025 को दिल्ली के हर्ष विहार इलाके में खुलेआम गोलीकांड की घटना सामने आई. इस मामले में 35 वर्षीय सुधीर उर्फ बंटी व 30 वर्षीय राधे प्रजापति की गोली मारकर हत्या कर दी गई. घटना दिनदहाड़े हुई, जिससे इलाके में डर व सनसनी फैल गई. दिल्ली पुलिस ने तुरंत घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू की. चार आरोपियों को गिरफ्तार किया. प्रारंभिक जांच में यह पता चला कि यह हमला पुरानी रंजिश व व्यक्तिगत विवाद के कारण किया गया था. पुलिस ने मौके से फॉरेंसिक साक्ष्य व गवाहों के बयान एकत्र किए. गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई व मामले की जांच जारी है.

घटना-6

रोहिणी सेक्टर-17 में डबल मर्डर

30 अगस्त 2025 को राजधानी दिल्ली के रोहिणी सेक्टर-17 में डबल मर्डर की एक गंभीर घटना सामने आई. इस मामले में 27 वर्षीय प्रिया व उसकी 63 वर्षीय मां कुसुम सिन्हा की उनके ही घर में हत्या कर दी गई. पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों की हत्या कैंची से वार कर की गई थी. घटना की जानकारी मिलने पर इलाके में हड़कंप मच गया, दिल्ली पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाए और फॉरेंसिक जांच शुरू की. जांच के दौरान यह स्पष्ट हुआ कि हत्या प्रिया के पति योगेश सहगल ने की थी. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. यह मामला पारिवारिक विवाद, घरेलू हिंसा व रिश्तों में बढ़ते तनाव को उजागर करता है.

चर्चित मर्डर केस और पुलिस नियंत्रण पर क्या बोले एलएन राव, पूर्व उपायुक्त
चर्चित मर्डर केस और पुलिस नियंत्रण पर क्या बोले एलएन राव, पूर्व उपायुक्त (ETV Bharat)

घटना-7

मजनू का टीला इलाके में डबल मर्डर

7 जुलाई 2025 को दिल्ली के मजनू का टीला इलाके में डबल मर्डर की गंभीर घटना सामने आई. इस मामले में सोनम नामक युवती और उसकी सहेली के छह महीने के बच्चे की हत्या कर दी गई थी. पुलिस जांच में पता चला कि दोनों की हत्या गला रेतकर की गई. इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई. घटना की सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस ने मामला दर्ज कर त्वरित जांच शुरू की. पुलिस ने मौके से साक्ष्य एकत्र किए. तकनीकी व फॉरेंसिक जांच के आधार पर सोनम के एक दोस्त को आरोपी के रूप में चिन्हित किया. ठोस सबूत मिलने पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया. यह घटना आपसी संबंधों में तनाव व विश्वासघात के खतरनाक परिणामों को दर्शाती है.

घटना-8

19 वर्षीय युवती की हत्या

24 जून 2025 को दिल्ली के ज्योति नगर इलाके में 19 वर्षीय युवती नेहा की हत्या कर दी गई. दिल्ली पुलिस की जांच में पता चला कि हत्या करने वाला युवक नेहा का परिचित था. आरोपी ने पहचान छिपाने के लिए बुर्का पहनकर उसके घर में प्रवेश किया और इस वारदात को अंजाम दिया. घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई. सूचना मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की. सीसीटीवी फुटेज, कॉल डिटेल रिकॉर्ड्स व तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान की. ठोस सबूत मिलने पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया. ये मामला महिलाओं की सुरक्षा व भरोसे के दुरुपयोग से जुड़े गंभीर सवाल खड़े करता है.

घटना-9

दिल्ली विश्वविद्यालय की छात्रा की हत्या

2 जून 2025 को दिल्ली के संजय वन क्षेत्र में एक सनसनीखेज मर्डर की घटना हुई, जिसमें दिल्ली विश्वविद्यालय की 18 वर्षीय छात्रा की उसके करीबी दोस्त ने ईर्ष्या के चलते हत्या कर दी. पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ने पहचान छिपाने के उद्देश्य से शव को जलाने की कोशिश की. घटना की सूचना मिलने पर दिल्ली पुलिस ने मामला दर्ज की और जांच शुरू की. पुलिस ने फॉरेंसिक साक्ष्यों, तकनीकी सर्विलांस व कॉल डिटेल रिकॉर्ड्स की मदद से आरोपी की पहचान की. साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार भी कर लिया गया. यह मामला युवाओं में बढ़ती हिंसा, मानसिक असंतुलन व रिश्तों में असुरक्षा जैसी गंभीर सामाजिक समस्याओं को उजागर करता है.

घटना-10

सब्ज़ी मंडी में मोनू नामक व्यक्ति हत्या

मार्च 2025 में दिल्ली की एक सब्ज़ी मंडी में आर्थिक विवाद के चलते हत्या की एक गंभीर घटना सामने आई. इस सनसनी खेज घटना में मोनू नामक व्यक्ति की पांच नाबालिगों ने मिलकर हत्या कर दी. पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया कि लेन–देन से जुड़े विवाद के कारण यह घटना हुई. वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और स्थानीय लोगों में भय का माहौल बन गया. सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी पांचों नाबालिग आरोपियों को पकड़ लिया. पुलिस ने मामले में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू की. जांच के दौरान उपलब्ध साक्ष्य एकत्र किए गए. यह घटना नाबालिगों में बढ़ते अपराध व सामाजिक चिंताओं की ओर ध्यान आकर्षित करती है.

दिल्ली पुलिस की कार्यशैली को लेकर पूर्व पुलिस उपायुक्त एलएन राव को सुनिए (ETV Bharat)

" वर्ष 2025 में दिल्ली पुलिस ने अपराध नियंत्रण और मामलों के खुलासे में सराहनीय कार्य किया है. विशेष रूप से स्पेशल सेल व क्राइम ब्रांच ने अन्य पुलिस स्टेशनों के साथ मिलकर कई बड़ी उपलब्धियां हासिल की हैं. लाल किला के पास हाल ही में हुए बम विस्फोट जैसी गंभीर घटना के बाद भी पुलिस ने तेजी से कार्रवाई की. नारकोटिक्स के मामलों में बड़ी बरामदगी हुई और अवैध हथियारों की भी रिकवरी की गई. कई कुख्यात गैंगस्टरों पर नियंत्रण लगाया गया है, हालांकि अभी पूरी तरह नियंत्रण होना बाकी है. लगभग सभी अहम मामलों को पुलिस ने सुलझाया है और आगे भी इसी उत्साह से काम जारी रहेगा." –एलएन राव, पूर्व उपायुक्त, दिल्ली पुलिस व अधिवक्ता

दिल्ली पुलिस की संगठित अपराधों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई

अप्रैल 2025 में तीन दिन तक चले स्पेशल ऑपरेशन में पुलिस ने उत्तर-पश्चिम जिले में गैंग्स, सट्टेबाजी व अवैध वसूली नेटवर्क पर कड़ी शिकंजा कसते हुए 39 मुकदमे दर्ज किए और बड़ी संख्या में लोगों को गिरफ्तार किया. इस अभियान ने यह साफ किया कि दिल्ली पुलिस अपराध की आर्थिक जड़ों को काटने पर ध्यान दे रही है.

रिश्तों में हत्याएं और बढ़ती संवेदनहीनता: जून से अक्टूबर तक दिल्ली महिलाओं और युवाओं के खिलाफ हुई कई वारदातों से सुृन्न पड़ी रही. ज्योति नगर में नेहा की हत्या, संजय वन में छात्रा मर्डर केस, मजनू का टीला डबल मर्डर और नंद नगरी में 20 वर्षीय रिया की दर्दनाक मौत, ये सब हत्याएं रिश्तों में अविश्वास व बदले की सोच से प्रेरित थीं. पुलिस ने सभी मामलों में तेजी से जांच शुरू कर ज्यादातर आरोपियों को गिरफ्तार किया.

संगठित नशा कारोबार व आतंक के कुचक्र पर चोट: 10 अगस्त 2025 को पुलिस ने 1 करोड़ रुपए कीमत की ड्रग्स के साथ एक अंतरराज्यीय सिंडिकेट का पर्दाफाश किया, जो स्कूल-कॉलेज नेटवर्क तक फैला हुआ था. वहीं, त्योहारों से पहले ISIS मॉड्यूल का भंडाफोड़ कर पुलिस ने संभावित बड़े हमले को नाकाम भी किया. यह इस साल पुलिस की सबसे बड़ी सफलता में से एक रही.

चर्चित मर्डर केस और पुलिस का नियंत्रण: रोहिणी डबल मर्डर (3 अगस्त), हर्ष विहार फायरिंग (5 सितंबर) और UPSC उम्मीदवार की हत्या (28 अक्टूबर)-तीनों मामलों ने हत्या के नए सामाजिक आयामों को उजागर किया. हर केस में पुलिस की जांच ने न केवल आरोपी तक पहुंच बनाई बल्कि साइंटिफिक इंवेस्टिगेशन को भी नए सिरे से परखा गया. अपराध नियंत्रण में नई तकनीक दिल्ली पुलिस के लिए टेक्नोलॉजी-ड्रिवन इन्वेस्टिगेशन का साल साबित हुआ. सीसीटीवी, मोबाइल डेटा, फॉरेंसिक विज़ुअल एनालिसिस व साइबर ट्रैकिंग के जरिए दर्जनों मामलों में ब्रेकथ्रू मिला.

आने वाला साल नए सुरक्षा तंत्र की दिशा तय करेगाः वर्ष 2025 ने दिल्ली को भय, सबक व उम्मीद तीनों एक साथ दिए. जहां एक तरफ आतंक व अपराध ने समाज की संवेदनाओं को परखा. वहीं, दूसरी तरफ दिल्ली पुलिस की निर्णयात्मक और तकनीकी तत्परता ने राजधानी को कई बड़ी त्रासदियों से भी बचाया. उम्मीद है कि आने वाला साल इसी अनुभव व सख्ती के साथ नए सुरक्षा तंत्र की दिशा तय करेगा.

ये भी पढ़ें:

  1. दिल्ली बम ब्लास्ट: जानें कब-कब धमाकों से दहली देश की राजधानी दिल्ली, देखें पूरी टाइमलाइन
  2. दिल्ली लाल किले ब्लास्ट का खौफनाक वीडियो, जब अचानक फटा बम और चारों तरफ मच गई चीख पुकार
  3. दिल्ली धमाका: अमित शाह के आवास पर शुरू हुई हाईलेवल मीटिंग, NIA निदेशक समेत शामिल हुए आलाधिकारी
  4. लाल किला ब्लास्ट मामला: सामने आया पुलवामा कनेक्शन, जानें कहां तक पहुंची पुलिस की जांच
  5. धमाके से फिर दहली दिल्ली, लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर-1 के पास कार में विस्फोट, 11 लोगों की मौत
  6. तीन घंटे तक खड़ी रही ब्लास्ट वाली i20 कार, ड्राइवर ने पहना था नकाब, एक नजर में देखिए
  7. लाल किला के पास हुए ब्लास्ट पर चांदनी चौक ट्रेडर्स परिषद की कड़ी निंदा, बाजार बंद करने की नहीं हुई कोई कॉल
Last Updated : December 25, 2025 at 11:57 AM IST