ETV Bharat / bharat

दिल्ली की इन चार ITI को रेखा सरकार ने दी सौगात, बनाई जाएंगी हाईटेक लैब्स-जानिए और क्या मिलेंगी सुविधाएं

सीएम रेखा गुप्ता ने दिल्ली के चार प्रमुख आईटीआई में अत्याधुनिक लैब्स की स्थापना और उनमें हाईटेक सुविधाएं देने का ऐलान किया है.

दिल्ली कैबिनेट
दिल्ली कैबिनेट (ETV BHARAT)
author img

By ETV Bharat Delhi Team

Published : April 16, 2026 at 4:56 PM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

नई दिल्ली: राजधानी के युवाओं को तकनीकी रूप से और अधिक सशक्त बनाने के लिए दिल्ली सरकार ने औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (ITI) के कायाकल्प की तैयारी कर ली है.

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिल्ली के चार प्रमुख आईटीआई में अत्याधुनिक लैब्स की स्थापना और मौजूदा सुविधाओं के आधुनिकीकरण की घोषणा की है. इस पहल का उद्देश्य प्रशिक्षण को सीधे तौर पर उद्योग की जरूरतों से जोड़ना और युवाओं की रोजगार क्षमता में वृद्धि करना है.

मुख्यमंत्री ने बताया कि जहांगीर पुरी, जेल रोड, मयूर विहार और अरब की सराय स्थित आईटीआई में विशिष्ट क्षेत्रों के अनुसार नई लैब्स और सेंटर ऑफ एक्सीलेंस विकसित किए जाएंगे. आईटीआई जहांगीर पुरी पावर इलेक्ट्रॉनिक्स का बनेगा केंद्र. यहां एक उन्नत पावर इलेक्ट्रॉनिक्स लैब स्थापित होगी. इसमें सोलर पीवी ट्रेनिंग किट, स्मार्ट एनर्जी मॉनिटरिंग सिस्टम और पीएलसी किट जैसे आधुनिक उपकरण होंगे. इससे सोलर टेक्नीशियन और इलेक्ट्रिकल ट्रेड के लगभग 480 छात्रों को रिन्यूएबल एनर्जी और इंडस्ट्रियल ऑटोमेशन की बारीकियां सीखने को मिलेंगी.

आईटीआई जेल रोड में हाई-टेक वेल्डिंग लैब
हरि नगर स्थित इस संस्थान में वेल्डिंग लैब का आधुनिकीकरण किया जाएगा. यहां पारंपरिक वेल्डिंग के साथ-साथ सिमुलेशन आधारित प्रशिक्षण, प्लाज्मा कटिंग और मेटल फैब्रिकेशन वर्कस्टेशन जैसी सुविधाएं होंगी. इससे 200 छात्रों को मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर के वैश्विक मानकों के अनुसार प्रशिक्षण मिल सकेगा.

आईटीआई अरब की सराय वर्चुअल रियलिटी से मिलेगी ट्रेनिंग
निजामुद्दीन स्थित इस संस्थान में ऑटोमोटिव सेक्टर को नई दिशा दी जाएगी. यहां पहली बार वर्चुअल रियलिटी सिमुलेटर के जरिए ड्राइविंग, पेंटिंग और वेल्डिंग की ट्रेनिंग दी जाएगी. साथ ही छात्रों को एबीएस और एयरबैग जैसे आधुनिक सुरक्षा प्रणालियों की जांच और मरम्मत सिखाई जाएगी. इससे 208 प्रशिक्षु लाभान्वित होंगे.

आईटीआई मयूर विहार में ईवी सेक्टर पर फोकस
भविष्य की जरूरतों को देखते हुए मयूर विहार में इलेक्ट्रिक व्हीकल लैब बनाई जाएगी. इसमें बैटरी मैनेजमेंट सिस्टम (BMS), इलेक्ट्रिक मोटर्स और चार्जिंग स्टेशनों की मरम्मत का प्रशिक्षण दिया जाएगा. इलेक्ट्रॉनिक्स और मेकाट्रॉनिक्स ट्रेड के 184 छात्रों को ग्रीन ट्रांसपोर्ट तकनीक में माहिर बनाया जाएगा.

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि ये लैब्स युवाओं के लिए मील का पत्थर साबित होंगी. प्रशिक्षुओं को न केवल किताबी ज्ञान मिलेगा, बल्कि वे उद्योगों की वास्तविक कार्यप्रणाली को भी समझ पाएंगे. इससे उनके लिए निजी क्षेत्र में नौकरी के साथ-साथ स्वरोजगार के रास्ते भी खुलेंगे.

जानिए दिल्ली की उन ITI के बारे में जो वर्षों से युवाओं को दक्ष बना रही हैं

1. आईटीआई जहांगीरपुरी
उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के जहांगीरपुरी क्षेत्र में स्थित इस सरकारी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में इलेक्ट्रिकल, इलेक्ट्रॉनिक्स और मैकेनिकल ट्रेड्स में प्रशिक्षण दिया जाता है और औद्योगिक क्षेत्रों के समीप होने के कारण यह संस्थान व्यावहारिक प्रशिक्षण के लिए उपयुक्त माना जाता है.
2. आईटीआई जेल रोड (हरि नगर)
पश्चिमी दिल्ली के हरि नगर स्थित यह आईटीआई राजधानी के प्रमुख एवं पुराने प्रशिक्षण संस्थानों में शामिल है. यहां वेल्डिंग, फिटर, टर्नर और मोटर वाहन जैसे ट्रेड्स में प्रशिक्षण प्रदान किया जाता है. संस्थान की विशेषता इसका मजबूत वर्कशॉप ढांचा और उद्योग-आधारित प्रशिक्षण व्यवस्था है.
3. आईटीआई अरब की सराय (निजामुद्दीन)
दक्षिणी दिल्ली के निजामुद्दीन क्षेत्र में स्थित यह आईटीआई दिल्ली के सबसे पुराने प्रशिक्षण संस्थानों में से एक है. यह संस्थान लंबे समय से विभिन्न इंजीनियरिंग और गैर-इंजीनियरिंग ट्रेड्स में प्रशिक्षण प्रदान करता आ रहा है और कौशल विकास के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित है.
4. एचजेबी आईटीआई, मयूर विहार (खिचड़ीपुर)
पूर्वी दिल्ली के मयूर विहार क्षेत्र (खिचड़ीपुर) में स्थित यह संस्थान डॉ. होमी जहांगीर भाभा के नाम पर स्थापित है. यह आईटीआई आधुनिक और उभरती तकनीकों जैसे इलेक्ट्रॉनिक्स, ऑटोमोबाइल और मेकाट्रॉनिक्स में प्रशिक्षण प्रदान करता है और नई पीढ़ी के कौशल विकास पर विशेष रूप से केंद्रित है.

ये भी पढ़ें- दिल्ली सरकार हब-एंड-स्पोक मॉडल के तहत 15 आईटीआई को करेगी अपग्रेड

ये भी पढ़ें- दिल्ली की CM रेखा गुप्ता ने मेधावी विद्यार्थियों और खिलाड़ियों को किया सम्मानित, 1200 टॉपर्स को लैपटॉप वितरण