ETV Bharat / bharat

कौन था हिस्ट्रीशीटर विक्रम शर्मा जिसका देहरादून में दिनदहाड़े हुआ मर्डर, एक क्लिक में जानिए

विक्रम का इतिहास एक हिस्ट्रीशीटर का था. उसपर झारखंड में हत्या, वसूली और गंभीर धाराओं में 50 से अधिक मुकदमे दर्ज बताए जा रहे हैं.

HISTORYSHEETER VIKRAM SHARMA MURDER
देहरादून सिल्वर सिटी मॉल मर्डर (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttarakhand Team

Published : February 13, 2026 at 3:03 PM IST

7 Min Read
Choose ETV Bharat

नवीन उनियाल की रिपोर्ट

देहरादून (उत्तराखंड): अपनी शांत वादियों के लिए प्रसिद्ध राजधानी दून आज एक बार फिर गोलियों की तड़तड़ाहट से दहल उठी. तरीका वही था. तीन बदमाश बाइक से देहरादून के सिल्वर सिटी मॉल पहुंचे. दो बदमाशों मॉल के बाहर खड़े हुए और तीसरा बाइक पर उनका इंतजार. अचानक से उन दोनों बदमाशों ने मॉल में संचालित जिम से बाहर आते एक शख्स पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाना शुरू कर दिया. उस शख्स को संभलने तक का मौका नहीं मिला.

शहर के बीचोंबीच इतनी बड़ी घटना होने पर देहरादून पुलिस चौकन्नी हुई. आईजी गढ़वाल, एसएसपी सहित पूरी फोर्स घटनास्थल पर पहुंची. घायल व्यक्ति को अस्पताल ले जाने की कार्रवाई हुई लेकिन तबतक वो दम तोड़ चुका था. जांच हुई को पता चला कि मृतक व्यक्ति का नाम विक्रम शर्मा है. मूल रूप से वो झारखंड के जमशेदपुर का रहने वाला है लेकिन फिलहाल राजधानी में ही रह रहा था.

देहरादून सिल्वर सिटी मॉल मर्डर (ETV Bharat)

विक्रम शर्मा के रिकॉर्ड खंगाले गए तो मालूम चला कि उसके ऊपर 50 से ज्यादा मुकदमे दर्ज थे. कई आपराधिक गतिविधियों में उसका नाम था. यहां तक कि जिम के बाहर निकलते हुए उसके पास एक पिस्टल भी थी जो पुलिस ने बरामद की है. हालांकि, हमला इतनी जल्दी हुआ कि विक्रम को वो हथियार इस्तामेल करने का वक्त ही नहीं मिला. मृतक का पुराना रिकॉर्ड मिलने के बाद पुलिस इस पूरे घटनाक्रम को आपसी रंजिश या गैंगवार के रूप में भी देख रही है.

गोलियों की तड़तड़ाहट से दहला सिल्वर सिटी मॉल: मामला देहरादून के पॉश इलाके राजपुर रोड का है. वहां सिल्वर सिटी मॉल में सुबह करीब 10:15 बजे हथियारबंद बदमाशों ने विक्रम शर्मा नाम के व्यक्ति पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. हमला इतना अचानक और सटीक था कि विक्रम शर्मा को संभलने या जवाबी कार्रवाई का मौका तक नहीं मिल पाया. गोलियां लगते ही वह खून से लथपथ होकर मॉल की सीढ़ियों के पास गिर पड़ा. मौके पर ही उसकी मौत हो गई.

HISTORYSHEETER VIKRAM SHARMA MURDER
देहरादून में मर्डर (ETV Bharat)

घात लगाये बैठे बदमाशों ने की फायरिंग: प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विक्रम शर्मा जिम करने के बाद सिल्वर सिटी मॉल की सीढ़ियों से नीचे उतर रहा था. उसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे बदमाशों ने उसे निशाना बनाया. बताया जा रहा है कि तीन हमलावरों में से एक बाहर बाइक पर निगरानी कर रहा था. दो हमलावर मॉल के अंदर घुसे हुए थे. जैसे ही विक्रम सीढ़ियों से नीचे आया, हमलावर उसके करीब पहुंचे और उस पर ताबड़तोड़ तीन गोलियां दाग दीं. हमले की रफ्तार इतनी तेज थी कि विक्रम अपने पास मौजूद लाइसेंसी पिस्टल तक नहीं निकाल सका.

फायरिंग के बाद मौके से फरार बदमाश: घटना के समय मॉल के अधिकतर शोरूम बंद थे, लेकिन सफाई का काम चल रहा था. गोलियों की आवाज सुनते ही वहां मौजूद कुछ महिलाएं और कर्मचारी घबराकर घटनास्थल की ओर दौड़े. तबतक हमलावर मौके से फरार हो चुके थे. फर्श पर खून बिखरा पड़ा था. जिम में मौजूद लोग व ट्रेनर सीढ़ियों की ओर पहुंचे. आनन-फानन में विक्रम को अस्पताल ले जाने की कोशिश की गई, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी. इसी दौरान किसी ने पुलिस को सूचना दी.

HISTORYSHEETER VIKRAM SHARMA MURDER
काली शर्ट/ब्लेज़र में विक्रम शर्मा (फाइल). (ETV Bharat)

अपराधियों की तलाश तेज, जांट टीमें गठित: सूचना मिलते ही पुलिस भारी फोर्स के साथ मौके पर पहुंची. पूरे क्षेत्र को घेर लिया. घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए. मॉल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है. पुलिस ने आसपास के इलाकों में नाकेबंदी भी की है. फरार आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं. साथ ही झारखंड पुलिस से भी संपर्क साधा गया है. जिससे विक्रम के आपराधिक नेटवर्क और संभावित दुश्मनों की जानकारी जुटाई जा सके.

रंजिश या आर्थिक लेनदेन से जुड़ा मामला: प्रारंभिक जांच में ये मामला पुरानी रंजिश या आर्थिक लेनदेन से जुड़ा प्रतीत हो रहा है. हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है. यह भी जांच का विषय है कि हमलावरों को विक्रम की दिनचर्या और जिम आने-जाने के समय की इतनी सटीक जानकारी कैसे मिली.

HISTORYSHEETER VIKRAM SHARMA MURDER
घटनास्थल पर जांच करती पुलिस. (ETV Bharat)

जानिये कौन था विक्रम शर्मा: एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि, विक्रम शर्मा मूल रूप से झारखंड का रहने वाला था. उत्तराखंड के काशीपुर में उसका स्टोन क्रशर का कारोबार था. इसके अलावा भी वह कई अन्य व्यवसायों से जुड़ा हुआ था. चौंकाने वाली बात यह है कि विक्रम पर झारखंड में हत्या, वसूली और अन्य गंभीर धाराओं में 50 से अधिक मुकदमे दर्ज बताए जा रहे हैं. ऐसी जानकारी मिल रही है कि उसके कई बड़े गैंगस्टर से भी संबंध रहे हैं. ऐसे में इस वारदात को आपसी रंजिश या गैंगवार के एंगल से भी देखा जा रहा है.

सवालों के घेरे में पुलिस: बताया जा रहा है कि जून 2025 से विक्रम शर्मा सिल्वर सिटी मॉल के जिम में नियमित रूप से आ रहा था. वो पास के एक फ्लैट में रह रहा था. सवाल ये भी उठ रहा है कि इतने बड़े हिस्ट्रीशीटर की गतिविधियों की जानकारी क्या स्थानीय पुलिस को नहीं थी? यदि थी, तो उसकी सुरक्षा या निगरानी के लिए कोई ठोस कदम क्यों नहीं उठाया गया? यह घटना कानून-व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े कर रही है.

HISTORYSHEETER VIKRAM SHARMA MURDER
फॉरेंसिक टीम. (ETV Bharat)

देहरादून में हाल के दिनों में अपराध की घटनाओं में तेजी आई है. पिछले कुछ दिनों में पांच से अधिक गंभीर आपराधिक वारदातें सामने आ चुकी हैं. लगातार हो रही इन घटनाओं ने शहर की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. जिस देहरादून को कभी शांत व सुरक्षित शहर माना जाता था. वहां इस तरह की दिनदहाड़े हत्याएं चिंता का विषय बन गई हैं.

HISTORYSHEETER VIKRAM SHARMA MURDER
घटना के बाद की तस्वीर. (ETV Bharat)

सिल्वर सिटी मॉल की यह वारदात न सिर्फ एक आपराधिक घटना है, बल्कि यह सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस की सतर्कता पर भी गंभीर सवाल उठाती है. अब देखना होगा कि पुलिस कितनी तेजी से आरोपियों को गिरफ्तार कर इस सनसनीखेज हत्या का खुलासा कर पाती है. फिलहाल शहर में दहशत का माहौल है. लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं.

ये भी पढ़ें: