देहरादून: जिम से निकल रहे हिस्ट्रीशीटर की ताबड़तोड़ गोली मारकर हत्या, गैंगवार की आशंका, 16 दिन में 5 कत्ल
विक्रम शर्मा जिम करके बाहर निकल रहा था, तभी बदमाशों ने उसे तीन गोलियां मार दी. मृतक का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है.

By ETV Bharat Uttarakhand Team
Published : February 13, 2026 at 12:00 PM IST
|Updated : February 13, 2026 at 1:05 PM IST
देहरादून: राजधानी दून में एक और हत्याकांड को अंजाम दिया गया है. शुक्रवार 13 फरवरी सुबह 10 बजे के करीब एक व्यक्ति को गोली मारी गई है. सिल्वर सिटी मॉल के पास इस वारदात को अंजाम दिया गया है. थाना राजपुर पुलिस ने गोली मारे जाने की पुष्टि की है. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है. पुलिस की ओर से बताया गया है कि मृतक व्यक्ति हिस्ट्रीशीटर था और मूल रूप से झारखंड का रहने वाला था. फिलहाल वो देहरादून रह रहा था.
देहरादून में एक और मर्डर: विक्रम शर्मा (45 वर्ष) नाम का ये शख्स राजपुर रोड पर स्थित सिल्वर सिटी मॉल के जिम से बाहर आ रहा था जब उसको गोली मारी गई. उसको तुरंत अस्पताल लेकर जाया गया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया. पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंच गई है और मामले की जांच की जा रही है.
जिम से निकल रहे व्यक्ति की गोली मारकर हत्या: गोली मारकर हत्या करने की ये घटना राजधानी देहरादून के राजपुर रोड सिल्वर सिटी मॉल की है. विक्रम शर्मा निवासी सहस्त्रधारा रोड जिम में फिटनेस करके बाहर निकल रहा था. इसी दौरान दो हमलावर पैदल चलकर विक्रम के पास पहुंचे और ताबड़तोड़ गोलियां चला दी और वहां से फरार हो गए. उनका तीसरा साथी बाइक पर उनका इंतजार कर रहा था. काम होते ही बाकी दोनों भी बाइक पर सवार होकर फरार हो गए. सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, फॉरेंसिक टीम और एसटीएफ मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई.
राजधानी देहरादून में इस एक और हत्याकांड से हड़कंप मच गया है. आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप, एसएसपी अजय सिंह समेत बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा. पुलिस फिलहाल सीसीटीवी फुटेज के सहारे जांच आगे बढ़ा रही है. हमलावरों की पहचान के प्रयास हो रहे हैं. पुलिस आपसी रंजिश या विवाद की आशंका भी जता रही है.
सुबह 10.15 की घटना है. हमलावर दो से तीन लोग हैं. जिम से बाहर आते वक्त विक्रम पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाई गईं. मौके से उनको अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने विक्रम को मृत घोषित कर दिया. सीसीटीवी फुटेज की जांच हो रही है.
मृतक हिस्ट्रीशीटर है. उसपर 50 से ज्यादा मुकदमे दर्ज हैं. लंबा आपराधिक इतिहास रहा है. गैंगवार की आशंका भी है. हर एंगल से जांच की जा रही है. झारखंड पुलिस से भी संपर्क किया जा रहा है.
- अजय सिंह, एसएसपी, देहरादून -
एसएसपी ने ये जानकारी भी दी है कि, मृतक विक्रम शर्मा के पास से एक पिस्टल भी बरामद हुई है. वो अपने साथ पिस्टल लेकर ही जिम से बाहर आ रहा था, लेकिन हमलावरों के सामने उसे पिस्टल निकालने का मौका नहीं मिल सका. कई और गैंगस्टरों के साथ भी विक्रम शर्मा के गठजोड़ की बात प्रथम दृष्टया सामने आई है, जिसके विषय में जांच की जा रही है.
बताया जा रहा है कि विक्रम शर्मा मूल रूप से झारखंड के जमदेशपुर का रहने वाला था. वो उत्तराखंड में प्रॉपर्टी डीलिंग और खनन बिजनेस से जुड़ा हुआ था. देहरादून में अमन विहार सहस्त्रधारा रोड पर उसका घर था.
दो दिन पहले गैस एजेंसी मालिक का मर्डर हुआ था: गौर हो कि, दो दिन पहले ही गैस एजेंसी संचालक अर्जुन शर्मा की तिब्बती मार्केट के पास गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. हालांकि, पुलिस मुठभेड़ के बाद गोली मारने वाले दोनों आरोपियों को पकड़ लिया गया था. पूछताछ में खुलासा हुआ कि अर्जुन की मां ने ही अपने सहयोगियों के साथ 12 लाख रुपए में अर्जुन का मर्डर प्लान किया था. पुलिस ने देर शाम तीनों हत्यारोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया.
देहरादून जिले में 16 दिन के अंदर हुए 5 हत्याकांड-
- 29 जनवरी 2026 को विकासनगर में 18 साल की छात्रा की हत्या (खबर लिंक)
- 31 जनवरी 2026 को ऋषिकेश में महिला की गोली मारकर हत्या (खबर लिंक)
- 2 फरवरी 2026 को देहरादून में युवती की गला रेतकर हत्या (खबर लिंक)
- 11 फरवरी 2026 को देहरादून में 40 साल के शख्स की गोली मारकर हत्या (खबर लिंक)
- 13 फरवरी की सुबह देहरादून में जिम से निकल रहे शख्स की गोली मारकर हत्या (खबर लिंक)
ये भी पढ़ें:
- देहरादून अर्जुन शर्मा हत्याकांड, मां ने 12 लाख की सुपारी देकर कराई थी बेटे की हत्या, पांच आरोपी गिरफ्तार
- देहरादून मर्डर: टेनिस खेलकर लौट रहे गैस एजेंसी मालिक की गोली मारकर हत्या, 14 दिन में 4 कत्ल
- देहरादून गुंजन मर्डर केस, घटना के चौथे दिन SIT ने दाखिल की चार्जशीट, 35 लोगों को बनाया गवाह
- देहरादून गुंजन हत्याकांड: आरोपी आकाश की कोर्ट परिसर में हुई जमकर पिटाई, पेशी के बाद भेजा गया जेल
- देहरादून युवती मर्डर: शादीशुदा आकाश ने 31 जनवरी को दी थी धमकी, एसएसपी ने बताया क्यों नहीं पकड़ सकी पुलिस
- देहरादून में भरे बाजार युवती की हत्या, युवक ने चापड़ से काटा गला, 5 दिन के अंदर तीसरा मर्डर
- ऋषिकेश में महिला की गोली मारकर हत्या करने वाला आरोपी गिरफ्तार, पहले भी दबा चुका था गला
- विकासनगर युवती हत्याकांड: उंगलियां काटी, नाक उड़ाया, सिर पर भारी पत्थर से किया वार, फरार चचेरे भाई की तलाश

