"हरियाणा में सबसे ज्यादा टोल वसूली क्यों"?, नितिन गडकरी ने दिया ऐसा जवाब कि हंस पड़े दीपेंद्र हुड्डा
हरियाणा में सबसे ज्यादा टोल वसूली को लेकर दीपेंद्र हुड्डा ने संसद में मुद्दा उठाया जिस पर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने जवाब दिया.

Published : December 18, 2025 at 10:20 PM IST
नई दिल्ली : देश में सबसे ज्यादा टोल वसूली हरियाणा में होती है. इस मुद्दे को लेकर आज लोकसभा में रोहतक से कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने सवाल पूछा जिसका जवाब केंद्रीय सड़क, परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने दिया है.
दीपेंद्र हुड्डा ने पूछा सवाल : दीपेंद्र हुड्डा ने संसद में सवाल पूछते हुए कहा कि "मैंने मंत्री जी से 4 दिसंबर को सवाल किया था कि किस प्रदेश में कितने किलोमीटर नेशनल हाईवे है और कितने टोल प्लाजा हैं. जवाब में सामने आया कि हरियाणा में 75 टोल प्लाजा हैं, कर्नाटक में 60, गुजरात में 62 टोल प्लाजा हैं. वहीं, देश में सबसे ज्यादा टोल प्लाजा हरियाणा में हैं. हरियाणा में 45 किलोमीटर पर एक टोल पड़ता है, राजस्थान में 62 किलोमीटर पर एक टोल प्लाजा है. महाराष्ट्र में 188 किलो मीटर पर एक टोल प्लाजा है. गुजरात में 142 किलो मीटर पर एक टोल प्लाजा है. उत्तराखंड में 500 किलो मीटर पर एक टोल प्लाजा है. देश में सबसे ज्यादा टोल प्लाजा हरियाणा में हैं और सबसे ज्यादा टोल की वसूली भी यहीं से की जाती है. ऐसे में सवाल है कि सरकार इसे कैसे देखती है."
नितिन गडकरी ने दिया जवाब : दीपेंद्र हुड्डा के सवाल पर केंद्रीय सड़क, परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने जवाब देते हुए कहा कि "सम्मानीय दीपेंद्र हुड्डा सारी बातें बता रहे हैं, लेकिन हरियाणा में सारे फोर लेन बन गए, सबसे ज्यादा सड़कें हरियाणा में बनी है, वो बात नहीं बता रहे हैं. मैं दावा करता हूं कि जब से हरियाणा राज्य का निर्माण हुआ, जिनता काम नहीं हुआ, उतना हमने इस 12 साल में पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हरियाणा में किया है जिसे आप नकार नहीं सकते हैं. एक्सप्रेस हाईवे बने हैं. हरियाणा-पंजाब में ट्रैफिक डेंसिटी ज्यादा है, जब रोड बनेंगे तो टोल लगेगा. अब हम नए ग्रीन एक्सप्रेस हाईवे बना रहे हैं. कटरा हाईवे पूरा हरियाणा से जा रहा है. 3-4 लाख करोड़ रुपए के काम हुए हैं. जब नए रोड बनेंगे तो टोल आएंगे, जहां रोड बनेंगे ही नहीं, वहां टोल आएंगे ही नहीं. टोल की पॉलिसी में भी सरकार बदलाव ला रही है. अभी हमने जो योजना बनाई है, अब आप 80 की स्पीड से निकल जाओगे, कहीं आपको रुकने की जरूरत नहीं, किसी टोल नाके पर आपको रोका नहीं जाएगा. आपके नंबर प्लेट का फोटो लिया जाएगा, आपके फास्ट टैग का फोटो लिया जाएगा और आपके बैंक अकाउंट से पैसा निकल जाएगा. जहां से एंट्री होगी, वहां रिकॉर्ड होगा और जहां से निकलेंगे वहां रिकॉर्ड होगा. अभी 60 किलोमीटर का टोल है तो अगर आप 15 किलोमीटर जाते हैं तो आपको 60 किलोमीटर का टोल देना पड़ता है, लेकिन नई नीति में 15 किलोमीटर का ही टोल लगेगा. अब 3000 रुपए में 200 पास दे रहे हैं. 15 रुपए में एक टोल, पहले 15000 रुपए लगते थे, अब सिर्फ 3000 रुपए लगेंगे. 15 रुपए का एक टोल है, वो भी हमने राहत दे दी है. 40 लाख लोगों ने पास भी ले लिया है. हरियाणा में रोड भी है, टोल भी है, इनकम भी मिलता होगा. पर सबसे ज्यादा रोड हरियाणा में बनाए हैं, जो कभी नहीं बने थे, वो हमने बनाए हैं. इस बात को आप स्वीकार करिए."
हरियाणा समेत देश की ताजा ख़बरें पढ़ने के लिए ईटीवी भारत ऐप डाउनलोड करें. यहां आपको मिलेंगी तमाम बड़ी ख़बरें, हर बड़ा अपडेट, वो भी सबसे सटीक और डिटेल एनालिसिस के साथ - Download App
ये भी पढ़ें - हरियाणा विधानसभा में कांग्रेस ने किया वॉक आउट, सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पर कल होगी चर्चा
ये भी पढ़ें - दीपेंद्र हुड्डा के बयान पर सीएम नायब सैनी का पलटवार, बोले- ईवीएम में खोट होता तो वो सांसद कैसे बन गए ?

