राहुल गांधी और विपक्षी सांसदों को गोली मारने की धमकी, भाजपा-करणी सेना ने किया किनारा
एक युवक ने विपक्ष के सांसदों और राहुल गांधी को जान से मारने की धमकी सोशल मीडिया पर दी है. जानिए पूरा मामला...

Published : February 19, 2026 at 4:21 PM IST
कोटा/जयपुर: राजस्थान के कोटा के रहने वाले युवक ने सोशल मीडिया के जरिए विपक्ष के सांसदों को जान से मारने और राहुल गांधी को गोली से उड़ाने की धमकी दी है. उसका कहना है कि वह भाजपा और करणी सेना का कार्यकर्ता है. इस पूरे प्रकरण को कांग्रेस के मीडिया चेयरपर्सन और आईसीसी मेंबर पवन खेड़ा ने सोशल मीडिया के जरिए सार्वजनिक किया है.
इस वीडियो के सोशल मीडिया पर जारी करने के बाद कोटा सिटी पुलिस एक्टिव हो गई और तत्काल आरोपी राज सिंह आमेरा को हिरासत में लिया. भाजपा जिला अध्यक्ष राकेश जैन ने इस पूरे मामले पर अपनी सफाई देते हुए कहा कि राज सिंह आमेरा का भारतीय जनता पार्टी से कोई संबंध नहीं है. वह भाजपा का सदस्य भी नहीं है. मामले में पुलिस उस पर सख्त कार्रवाई करे. वहीं, श्री राजपूत करणी सेना ने आरोपी युवक से किनारा कर लिया है.
पवन खेड़ा ने सार्वजनिक किया वीडियो : पवन खेड़ा ने सोशल मीडिया के जरिए इस मामले में भाजपा पर गंभीर आरोप लगा दिए हैं. उन्होंने भाजपा और आरएसएस को 'गोडसे फैक्ट्री' बता दिया है. विपक्ष के सांसदों को धमकी देने के मामले को उन्होंने सुनियोजित कपट पूर्ण साजिश भी बताया है. इस मामले में केंद्रीय मंत्री किरण रिजिजू पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं.
अनुसंधान के बाद क्लियर होगा, क्यों बनाया वीडियो ? : इस पूरे मामले पर कोटा सिटी एसपी तेजस्वनी गौतम का कहना है कि फिलहाल किसी ने मुकदमा दर्ज नहीं कराया है. पुलिस ने स्वतः ही एक्शन लेते हुए राज सिंह को डिटेन किया है. वह किसी संगठन से जुड़ा हुआ है या नहीं ? अभी यह खुलासा नहीं हुआ है. संबंध का अनुसंधान के बाद ही क्लियर हो पाएगा, लेकिन यह वायरल वीडियो के आधार पर एक्शन लिया है. आरोपी राज सिंह आमेरा के खिलाफ अभी तक सूचना के अनुसार पूर्व में चार मुकदमे दर्ज हैं. इसने जिस तरह के कृत्य किए हैं, जिसमें नई क्रिमिनल प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी.
पूरा RSS-भाजपा तंत्र एक “गोडसे फैक्ट्री” है।
— Pawan Khera 🇮🇳 (@Pawankhera) February 19, 2026
तथाकथित करणी सेना द्वारा राहुल गांधी और “25 सांसदों” के खिलाफ दी गई धमकी कोई अलग-थलग पड़ी घटना नहीं है। यह एक सुनियोजित और कपटपूर्ण साज़िश का हिस्सा है।
▪️पहले, @KirenRijiju ने सार्वजनिक रूप से झूठ बोला और देश को गुमराह किया कि… pic.twitter.com/jB8HjM9MdP
पढ़ें : कांग्रेस नेता मनीष लोढ़ा को गैंगस्टर रोहित गोदारा की धमकी, घर तैनात हुआ गनमैन
यह है वायरल वीडियो में : राज सिंह आमेरा मूल रूप से उद्योग नगर इलाके का रहने वाला है. उसने वीडियो वायरल करते हुए स्वयं को करणी सेना का संभागीय प्रवक्ता और भाजपा कार्यकर्ता बताया है. यह भी दावा किया है कि लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के चेंबर में घुसकर विपक्ष के सांसदों ने गाली-गलौच की है. जिस पर ही उसने यह धमकी दी है कि दोबारा अगर इस तरह की घटना की गई है तो कांग्रेस सांसदों के घर में घुसकर तोड़फोड़ करेंगे.
यह घटना राहुल गांधी के इशारे पर की गई थी. ऐसे में राहुल गांधी को घर मे घुसकर गोली मार देंगे. इसका जिम्मेदार प्रशासन होगा. हमारा प्रशासन से निवेदन है कि सभी सांसदों पर कार्रवाई होनी चाहिए. केंद्रीय मंत्री किरण रिजिजू का बयान आया है, जिससे हम सभी गुस्से में हैं. सांसदों की 24 घंटे में गिरफ्तारी नहीं होती है तो हम एक-एक करके सभी 25 सांसदों को गोली मारेंगे.
Self-proclaimed Modi bhakts are brazenly issuing death threats against LOP Sh. @RahulGandhi ji in broad daylight - without any reprimand from the ruling regime.
— K C Venugopal (@kcvenugopalmp) February 19, 2026
This is a direct result of the toxic culture of animosity and vengeance created by the BJP in national discourse -… pic.twitter.com/DdYDru80fB
नए क्रिमिनल कानून में करेंगे कार्रवाई : राज सिंह आमेरा ने कहा है कि यह वीडियो किसी और व्यक्ति ने फर्जी अकाउंट बना अपलोड किया है. इस पर एसपी गौतम का कहना है कि फिलहाल मामले की जांच के बाद ही सब कुछ क्लियर हो पाएगा. यह वीडियो भी हमारी सोशल मीडिया सेल के पास आया था. नए क्रिमिनल कानून के तहत सख्त धारा में कार्रवाई करेंगे.
इस मामले में एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई भी की जाएगी. आरोपी भाजपा या करणी सेना से जुड़ा होने की पुष्टि हुई है क्या? इस पर एसपी गौतम का कहना है कि अभी फिलहाल कोई पुष्टि नहीं हुई है. किन-किन सांसदों को धमकी दी गई है ? इस संबंध में एसपी का कहना है कि जांच हो रही है कि यह धमकी क्यों दी व यह वीडियो क्यों बनाया है. कौन-कौन लोग उसके साथ थे. पहले यह कांग्रेस से जुड़ा था. इस संबंध में भी एसपी गौतम का कहना है कि यह फिलहाल जानकारी नहीं है.
किरण रिजिजू ने झूठ बोला और देश को गुमराह किया : वहीं, पवन खेड़ा का कहना है कि केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरण रिजिजू ने सार्वजनिक रूप से झूठ बोला और देश को गुमराह किया है कि कांग्रेस सांसदों ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला का अपमान किया है. जबकि उपलब्ध वीडियो-फुटेज इस दावे का खंडन करती हैं, जिसमें ऐसा कोई अपमान दिखाई नहीं देता. इस दौरान स्पीकर ओम बिरला तो मुस्कुरा रहे थे. विपक्ष को बदनाम करने और राजनीतिक प्रतिद्वंदियों के खिलाफ हिंसा और सुनियोजित अभियान शुरू किया है. अब फिर भाजपा सांसद कह रहे हैं कि राहुल गांधी राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा हैं.
पढ़ें : पानी पर दो भाइयों में पंगा : घर में घुसकर हमले में वृद्धा समेत पांच गंभीर घायल
भाजपा बोली- सख्त कार्रवाई हो : भारतीय जनता पार्टी के कोटा जिला अध्यक्ष राकेश जैन ने इस मामले में राज सिंह आमेरा के भाजपा कार्यकर्ता होने से इनकार कर दिया है. उनका कहना है कि भाजपा अनुशासित पार्टी है. राष्ट्र निर्माण के संकल्प के साथ काम करने वाली पार्टी है. इस तरह की भाषा और आचरण हमारे नैतिक मूल्यों के सख्त खिलाफ है. भारतीय जनता पार्टी ऐसी भाषा स्वीकार नहीं करती है. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग हम करते हैं.
करणी सेना ने किया किनारा : इस घटनाक्रम के बीच श्री राजपूत करणी सेना ने आधिकारिक रूप से वीडियो से दूरी बना ली है. गुरुवार को संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष महिपाल सिंह मकराना ने बयान जारी कर कहा कि किसी भी व्यक्ति को जान से मारने की धमकी देना संगठन की विचारधारा के खिलाफ है. उन्होंने स्पष्ट कहा- करणी सेना का ऐसा कोई वक्तव्य कभी नहीं आता. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राहुल गांधी दोनों हमारे लिए सम्मानीय हैं.
पढे़ं : शराब के नशे में सोशल मीडिया पर सांसद रोत को दी थी जान से मारने की धमकी, आरोपी गिरफ्तार
संगठन की छवि धूमिल न हो : महिपाल मकराना ने यह भी कहा कि वायरल वीडियो में दिख रहा व्यक्ति संगठन से जुड़ा नहीं है और उसका करणी सेना से कोई वास्ता नहीं है. उन्होंने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है, ताकि संगठन की छवि धूमिल न हो. उन्होंने कहा कि करणी सेना का कोई भी व्यक्ति इस तरह की हरकत नहीं करता है. कोई भी व्यक्ति इस तरह की हरकत कर रहा है तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए. फिलहाल इस मामले ने राजनीतिक माहौल को गरमा दिया है.
लोकसभा में नेता विपक्ष @RahulGandhi जी को जान से मारने की धमकी देने वाला भाजपा नेता भले ही गिरफ्तार हो गया इसके लिए तो पुलिस प्रशासन को बधाई । किन्तु इससे भाजपा की आपराधिक मानसिकता साफ झलक गई है (1/2) pic.twitter.com/iKq2c2TYlj
— Prahlad Gunjal (@PrahladGunjal) February 19, 2026
कांग्रेस भी हुई हमलावर, एसपी से मिलने गए नेता : कांग्रेस नेता राहुल गांधी और विपक्ष के सांसदों के खिलाफ वीडियो वायरल करने वाले आरोपी पर कार्रवाई की मांग को लेकर कांग्रेस भी एक्शन मूड में आ गई है. कांग्रेस शहर जिला अध्यक्ष राखी गौतम, देहात भानु प्रताप सिंह और पूर्व जिला अध्यक्ष रविंद्र त्यागी सहित बड़ी संख्या में एसपी सिटी तेजस्विनी गौतम के पास पहुंचे. आरोपी पर सख्त कार्रवाई की मांग की गई है. कांग्रेस से लोकसभा के प्रत्याशी रहे और पूर्व विधायक प्रहलाद गुंजल ने भी हमला बोला है. इस मामले में प्रहलाद गुंजल ने सोशल मीडिया पर आरोपी राज सिंह आमेरा के ओम बिरला के साथ वाले फोटो जारी किए हैं. इस मामले में निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की गई.

