यमुना में उतरने से पहले ही ‘किनारे’ पर अटका क्रूज, करोड़ों की लागत के बाद भी क्यों पॉलीथिन में ढक कर है खड़ा
दिल्ली में बहुप्रतीक्षित क्रूज सेवा अगस्त महीने में भी शुरू नहीं हो पाई, अब तक 3 बार सेवा की शुरूआत टाली गई. रिपोर्ट- धनंजय वर्मा

Published : August 31, 2026 at 6:30 PM IST
|Updated : August 31, 2026 at 7:02 PM IST
नई दिल्ली: दिल्ली सरकार की महत्वाकांक्षी योजना जिसके तहत दिल्ली में यमुना नदी को पर्यटन और जल परिवहन से जोड़ते हुए क्रूज सेवा करनी थी. योजना की जमीनी तस्वीर फिलहाल लोगों को निराश कर रही है. साथ ही इस सेवा के शुरू होने पर सवाल भी खड़े करती है. जिस क्रूज को फरवरी 2026 में यमुना की लहरों पर उतारने की तैयारी की गई थी, वह अगस्त के अंत तक भी नदी में संचालन शुरू नहीं कर सका है.
सोनिया विहार स्थित वाटर स्पोर्ट्स क्लब में करोड़ों रुपये की परियोजना का हिस्सा ये क्रूज पॉलिथीन ओढ़े खड़ा है. जनवरी 2026 में मुंबई से दिल्ली लाया गया 40-सीटर क्रूज अब तक यात्रियों को यमुना की सैर नहीं करा पाया है. परियोजना की अनुमानित लागत करीब 20 करोड़ रुपये है. ऐसे में सवाल सिर्फ क्रूज के नदी में उतरने का नहीं, बल्कि उस पूरी योजना की समयसीमा, तैयारियों व खर्च की प्रभावशीलता का है.
11 मार्च 2025: योजना ने औपचारिक रूप लिया
यमुना नदी में क्रूज चलाने की योजना ने 11 मार्च 2025 को औपचारिक रूप लिया, जब भारतीय अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण (आईडब्ल्यूएआई) और दिल्ली सरकार की कई एजेंसियों के बीच समझौता ज्ञापन हुआ था. इसमें सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग, दिल्ली डेवलपमेंट अथॉरिटी (डीडीए), दिल्ली जल बोर्ड (डीजेबी) और परिवहन से जुड़ी एजेंसियां शामिल थीं. शुरुआत में सोनिया विहार से जगतपुर के बीच 4 किलोमीटर के हिस्से को क्रूज पर्यटन के लिए विकसित करने की बात कही गई.
इस परियोजना को राष्ट्रीय जलमार्ग-110 (NW-110) से जोड़ा गया. सरकारी योजना को पर्यावरण के अनुकूल इलेक्ट्रिक-सोलर हाइब्रिड नावों का इस्तेमाल किया जाना था. प्रत्येक नाव में करीब 20-30 यात्रियों की क्षमता प्रस्तावित थी. नावों में बायो-टॉयलेट, पब्लिक अनाउंसमेंट सिस्टम व लाइफ जैकेट जैसी सुविधाएं रखने की योजना थी. आईडब्ल्यूएआई को 2 HDPE फ्लोटिंग जेट्टी (तैरने वाला नाव का प्लेटफार्म) स्थापित करनी थीं.
दिल्ली के यमुना नदी में क्रूज चलाया जाएगा यह लगभग बनकर तैयार है..
— Kapil Mishra (@KapilMishra_IND) January 12, 2026
हमने संकल्प लिया था दिल्ली में यमुना नदी में क्रूज चलाएंगे आज वह क्रूज बनकर तैयार है, जल्द ही दिल्ली के लोग इसका आनंद ले पाएंगे pic.twitter.com/uLoNT6itGk
20 करोड़ की परियोजना, 6-7 किलोमीटर का राउंड ट्रिप
नवंबर 2025 तक इस परियोजना का स्वरूप और विस्तृत हुआ. 18 नवंबर 2025 को केंद्रीय मंत्री, दिल्ली के उपराज्यपाल व दिल्ली के पर्यटन मंत्री ने सोनिया विहार-जगतपुर परियोजना की प्रगति का जायजा लिया. उस समय परियोजना की अनुमानित लागत 20 करोड़ रुपये बताई गई और राउंड ट्रिप के लिए 6-7 किलोमीटर का कॉरिडोर विकसित करने की जानकारी दी गई. ये पूरा हिस्सा वजीराबाद बैराज के अपस्ट्रीम में है. सोनिया विहार में 2 फ्लोटिंग जेट्टी तैयार करने का काम शुरू किया गया, जिनमें प्रत्येक की क्षमता 50 यात्रियों की बताई गई. इसके अतिरिक्त पार्किंग, टिकटिंग, प्रतीक्षालय व मनोरंजन क्षेत्र जैसी ऑनशोर सुविधाएं विकसित करने की भी योजना बनाई गई.

जनवरी 2026 में मुंबई से दिल्ली पहुंचा क्रूज
13 जनवरी 2026 को दिल्ली के पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा ने मुंबई में निर्माणाधीन क्रूज का निरीक्षण किया था. उस समय बताया गया कि क्रूज को 20 जनवरी को मुंबई से दिल्ली भेजा जाएगा. सड़क मार्ग से इसे दिल्ली पहुंचने में करीब 3-4 दिन लगेंगे. यह 40-सीटर क्रूज बताया गया था और इसमें करीब एक घंटे की यात्रा, भोजन और संगीत जैसी सुविधाएं देने की योजना थी.इसके बाद फरवरी की शुरुआत में क्रूज दिल्ली पहुंच गया और उसे सोनिया विहार स्पोर्ट्स क्लब में रखा गया. ये क्रूज मुंबई की Inspiration Marine Pvt Ltd ने तैयार किया था. यह करीब 40 फुट लंबा कैटमरैन है, जिसमें सुरक्षा के लिए लाइफ जैकेट, लाइफ रिंग व अग्निशमन उपकरण लगाए गए थे.
देखिए ये है वो क्रूज जो फरवरी के महीने से यमुना नदी में चलाया जाएगा...
— Kapil Mishra (@KapilMishra_IND) January 12, 2026
फ़ूड, एंटरटेनमेंट, म्यूजिक जैसी गतिविधियां इस क्रूज में होंगी..
दिल्ली में बहाने नहीं बदलाव लाने के संकल्प को मुख्यमंत्री @gupta_rekha जी की सरकार पूर्ण कर रही है, हर दिशा में आ रहा बदलाव इसकी बानगी है pic.twitter.com/An8AZou4cy
20 फरवरी 2026 को थी लॉन्च की तारीख
20 फरवरी को दिल्ली की सत्ता में आये भाजपा सरकार को एक साल पूरे हुए. इस मौके से पहले क्रूज सेवा की लॉन्चिंग की घोषणा कर दी गई. 20 फरवरी 2026 को मुख्यमंत्री द्वारा सेवा शुरू किए जाने की योजना बनाई गई थी. इससे पहले 16 या 17 फरवरी को ट्रायल रन की तैयारी की गई थी. रूट सोनिया विहार से जगतपुर के बीच बताया गया और यात्रा की अवधि लगभग 1 घंटे रखने की बात कही गई. लेकिन निर्धारित तारीख गुजर गई और यमुना में नियमित क्रूज सेवा शुरू नहीं हो सकी.

मई 2026: फिर अगले महीने की उम्मीद
मई 2026 की शुरुआत में कहा गया कि दिल्ली सरकार अगले 15 दिनों में लॉन्च की तारीख घोषित कर सकती है और सेवा अगले महीने शुरू होने की उम्मीद है. उस समय क्रूज को संचालन के लिए तैयार भी बताया गया था. लेकिन जमीनी स्तर पर टिकटिंग रूम, चार्जिंग स्टेशन, बैठने और प्रतीक्षा की सुविधा, पार्किंग, मनोरंजन क्षेत्र, पेयजल और सार्वजनिक सुविधा जैसी कई व्यवस्थाएं अभी पूरी होने की बात सामने आई थी. फरवरी की समयसीमा निकलने के बाद मई में भी परियोजना को नई समयसीमा की जरूरत पड़ी.

वर्तमान तस्वीर: पॉलीथिन ओढ़े नदी किनारे खड़ा क्रूज
अगस्त 2026 भी खत्म हो गया है. यानी 11 मार्च 2025 के MoU से करीब 17 महीने और फरवरी 2026 की प्रस्तावित लॉन्च तारीख से 6 महीने से ज्यादा वक्त गुजर चुका है. इसके बावजूद भी सोनिया विहार वाटर स्पोर्ट्स क्लब में क्रूज को पॉलिथीन से ढका खड़ा देखा जा रहा है. सरकारी स्तर पर 20 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत वाली परियोजना में 2 फ्लोटिंग जेट्टी, क्रूज और कई बुनियादी ढांचे पर काम किया जा चुका है, लेकिन जिस उद्देश्य से यह पूरा ढांचा तैयार किया गया था यानी कि यमुना में यात्रियों को लेकर क्रूज चलाना वह अब तक पूरा नहीं हुआ है.
यमुना का पानी बना सबसे बड़ा सवाल
इस परियोजना की सबसे बड़ी चुनौती नदी में क्रूज चलाने योग्य पानी की उपलब्धता भी रही है. अप्रैल-मई 2026 की रिपोर्टों में क्रूज संचालन को लेकर पानी की गहराई व नदी की वास्तविक नेविगेशन क्षमता को महत्वपूर्ण अड़चन बताया गया था. यही वजह है कि क्रूज तैयार होने के बावजूद संचालन को लेकर बार-बार समयसीमा आगे बढ़ती रही है.

2 जेट्टी और तैयार क्रूज के बावजूद सेवा शुरू होने का इंतजार
करीब डेढ़ साल की कवायद, 20 करोड़ की अनुमानित परियोजना, 2 जेट्टी और तैयार क्रूज के बावजूद यमुना में यात्रियों की पहली सवारी अभी भी इंतजार में है. अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि जिस क्रूज को फरवरी में दिल्लीवासियों के लिए उतारने का दावा किया गया था, वह आखिर कब यमुना की धारा में उतरेगा?
यमुना नदी किनारे घूमने पहुंचे सोनिया विहार निवासी दीपक ने ईटीवी भारत से बातचीत में बताया कि कई महीने से क्रूज नदी के किनारे खड़ा है. अभी तक नहीं चल पाया. इसको चलाने के लिए काम चल रहा है. उम्मीद है कि जल्द क्रूज चलेगा और यमुना नदी पर्यटन का केंद्र बनेगी. लोग यहां पर क्रूज पर सवार होकर घूम सकेंगे.
ये भी पढ़ें :

