ETV Bharat / bharat

रुद्रपुर में सरस मेले से लौट रही महिला से देवर के दोस्तों ने किया गैंगरेप, वीडियो बनाने का भी आरोप

महिला अपने देवर के साथ सरस मेले में गई थी, रात में लौटते समय हुई वारदात

GANG RAPE IN RUDRAPUR
महिला से सामूहिक दुष्कर्म (Photo ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttarakhand Team

Published : February 24, 2026 at 7:11 AM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

रुद्रपुर: उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर में कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है. रुद्रपुर में आयोजित 'सरस मेले' से घर लौट रही एक महिला को कथित तौर पर हथियार के बल पर अगवा कर तीन युवकों ने सामूहिक दुष्कर्म किया. आरोपियों ने घटना का वीडियो बनाकर वायरल करने और जान से मारने की धमकी भी दी है. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

सरस मेले से लौट रही महिला से सामूहिक दुष्कर्म: गैंग रेप की ये घटना उत्तराखंड के जनपद मुख्यालय रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र में 22 फरवरी की देर रात करीब 11 बजे की बताई जा रही है. पीड़िता अपने देवर के साथ मेले से घर लौट रही थी. पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, जब वे एक मैदान के पास पहुंचे, तभी दो मोटर साइकिलों पर सवार तीन युवकों ने उन्हें रोक लिया. बताया जा रहा है कि आरोपी महिला के देवर को पहले से जानते थे. ये भी कहा जा रहा है कि वो देवर के दोस्त थे. इसलिए देवर ने भी विरोध नहीं किया.

जहां युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म हुआ वहां से सबूत जुटाती फॉरेंसिक टीम (Video- ETV Bharat)

देवर के सामने किया गैंगरेप: पहले सामान्य बातचीत की गई, लेकिन कुछ ही देर में आरोपियों ने तमंचा निकालकर दोनों को धमकाना शुरू कर दिया. आरोप है कि बदमाशों ने गोली मारने की धमकी देते हुए महिला को जबरन मोटर साइकिल पर बैठाया और एक सुनसान स्थान पर ले गए. देवर भाभी को बचाने गया, लेकिन सफल नहीं हो पाया. पीड़िता ने अपनी शिकायत में कहा है कि आरोपियों ने उसके देवर के सामने ही बारी-बारी से दुष्कर्म किया. विरोध करने पर एक आरोपी ने चाकू से हमला कर उसकी उंगली घायल कर दी.

दुष्कर्म के आरोपियों ने वीडियो भी बनाया: घटना के दौरान महिला रहम की गुहार लगाती रही, लेकिन आरोपियों ने उसकी एक नहीं सुनी. आरोपियों ने पूरी वारदात का वीडियो भी बना लिया और धमकी दी कि यदि पुलिस में शिकायत की गई तो वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर देंगे. आरोपियों ने खुद को शातिर अपराधी बताते हुए पुलिस से बेखौफ होने की बात भी कही. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल सामूहिक दुष्कर्म और अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है.

आरोपियों की तलाश में पुलिस: सीओ सिटी रुद्रपुर प्रशांत कुमार ने बताया कि-

फॉरेंसिक टीम साक्ष्य जुटाने में लगी है. पीड़िता को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया है. आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है. किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा.
- प्रशांत कुमार, सीओ सिटी -

ये भी पढ़ें: