पत्नी को थार से कुचलवाया ताकि न देना पड़े गुजारा भत्ता, बस में लगे कैमरे ने खोला खूनी राज
पिछले दस सालों से पति-पत्नी के रिश्तों में खटास आ गई थी, जिसके बाद पत्नी ने गुज़ारे भत्ते के लिए अदालत का दरवाज़ा खटखटाया था.


Published : March 3, 2026 at 10:45 PM IST
धारवाड़ (कर्नाटक): कर्नाटक के धारवाड़ में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक पति ने पत्नी को गुज़ारा भत्ता (2 एकड़ जमीन) ना देने पड़े इसलिए सुपारी देकर उसकी हत्या करवा दी. हत्या की साजिश ऐसे रची कि घटना एक्सीडेंट लगे. पुलिस ने मंगलवार को हत्याकांड का सनसनीखेज खुलासा करते हुए आरोपी पति उदय हट्टारागी और उसके तीन दोस्तों को गिरफ्तार कर लिया है.
क्या है पूरा मामला
धारवाड़ की पुलिस अधीक्षक गुंजन आर्य ने बताया कि उदय ने साल 2000 में सोमपुरा गांव की ललिता से शादी की थी. पिछले दस सालों से उनके रिश्तों में खटास आ गई थी, जिसके बाद ललिता ने गुज़ारे भत्ते के तौर पर दो एकड़ जमीन की मांग करते हुए अदालत का दरवाज़ा खटखटाया था. केस की सुनवाई अंतिम चरण में थी. चूंकि उदय ज़मीन देने को तैयार नहीं था, इसलिए उसने पत्नी को रास्ते से हटाने की साजिश रची.
कब की है घटना
धारवाड़ ग्रामीण पुलिस के अनुसार, नरेंद्र गांव के रहने वाले उदय हत्तरगी ने अपनी पत्नी ललिता (43) की हत्या के लिए अपने तीन दोस्तों- नागप्पा पडेकल, अभिषेक वरगन्नवर और नागराज उप्पिन को सुपारी दी थी. इन तीनों ने 26 फरवरी को सवदत्ती रोड पर दुर्गादेवी मंदिर के पास ललिता पर थार चढ़ा दी, ताकि यह एक दुर्घटना लगे.
कैसे खुला राज
SP आर्य के मुताबिक, घटना वाले दिन उदय ने ललिता को बातचीत के बहाने एक तय जगह पर बुलाया, जहां उसके तीनों दोस्त पहले से इंतजार कर रहे थे. जब ललिता सड़क किनारे पैदल चल रही थीं, तब पीछे से आई एक महिंद्रा थार ने उन्हें ज़ोरदार टक्कर मारी और कुचल दिया.
पूरी घटना पीछे से आ रही एक बस के डैशबोर्ड कैमरे में कैद हो गई. बस ड्राइवर ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके आधार पर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया. हत्या में इस्तेमाल की गई गाड़ी भी जब्त कर ली गई है.
इसे भी पढ़ेंः

