ETV Bharat / bharat

कांग्रेस विधायक को हुआ स्वाइन फ्लू, IGMC में एक मरीज की हो चुकी है मौत

विधायक ने खुद स्वाइन फ्लू होने की पुष्टि की है और बताया है कि फिलहाल वो घर पर आइसोलेशन में रहेंगी. विनोद पाठक की रिपोर्ट...

कांग्रेस विधायक अनुराधा राणा
कांग्रेस विधायक अनुराधा राणा (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team

Published : September 2, 2026 at 10:10 PM IST

|

Updated : September 3, 2026 at 11:29 AM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

शिमला: हिमाचल प्रदेश में स्वाइन फ्लू ने विधायक को भी चपेट में ले लिया है. कांग्रेस विधायक अनुराधा राणा को स्वाइन फ्लू हुआ है और विधायक ने खुद ही इस बात की जानकारी सोशल मीडिया पर शेयर की है. उनका इलाज आईजीएमसी शिमला में चल रहा था. जहां स्वास्थ्य में सुधार के बाद IGMC डॉक्टरों ने अस्पताल से उन्हें डिस्चार्ज कर दिया है. फिलहाल विधायक घर लौट आई हैं. उनकी रिपोर्ट में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई है, जिसके चलते चिकित्सकों ने उन्हें एक सप्ताह से 10 दिनों तक सेल्फ आइसोलेशन में रहने की सलाह दी है.

इसकी जानकारी विधायक अनुराधा राणा ने सोशल मीडिया पर दी है. अपने पोस्ट में उन्होंने कहा कि इस दौरान वह लोगों से व्यक्तिगत रूप से नहीं मिल पाएंगी, लेकिन अपने जिले की समस्याओं और जनहित से जुड़े मामलों के लिए फोन के माध्यम से लगातार उपलब्ध रहेंगी.

देश और प्रदेश में स्वाइन फ्लू के मामले सामने आ रहे हैं. ऐसे में सभी लोग अपने स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखें और आवश्यक सावधानी बरतें. अस्पताल में भर्ती रहने के कारण वह विधानसभा के मौजूदा सत्र में भाग नहीं ले सकीं, जिसका उन्हें अत्यंत खेद है. स्वास्थ्य लाभ के बाद अगले विधानसभा सत्र में वह दुगुनी ऊर्जा के साथ भाग लेंगी और क्षेत्र की आवाज को मजबूती से उठाएंगी.- अनुराधा राणा, कांग्रेस विधायक

कौन हैं अनुराधा राणा?

हिमाचल प्रदेश की लाहौल स्पीति विधानसभा क्षेत्र से अनुराधा राणा कांग्रेस से विधायक है. वह हिमाचल विधानसभा की सबसे युवा विधायक हैं. अनुराधा राणा इससे पहले सरकारी विभाग में आउटसोर्सिंग पर भी काम कर चुकी हैं. अनुराधा राणा ने जिला परिषद चुनाव जीता और जिला परिषद अध्यक्ष रह चुकी हैं. उन्होंने हिमाचल विधानसभा उपचुनाव 2024 में लाहौल-स्पीति के विधायक रवि ठाकुर को हराया, जो उनके राजनीतिक गुरु भी माने जाते हैं. पंचायती राज चुनाव में रवि ठाकुर ने ही उन्हें सिस्सू वॉर्ड से जिला परिषद सदस्य के लिए चुनावी मैदान में उतारा था.

विधायक ने अपने स्वास्थ्य को लेकर चिंता जताने के लिए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, मंत्रियों, विधायकों, संगठन के पदाधिकारियों, चेयरमैन, डायरेक्टरों, कार्यकर्ताओं और सभी शुभचिंतकों का आभार जताया. उन्होंने कहा कि अस्पताल में भर्ती रहने के दौरान कई लोग उनका कुशलक्षेम जानने पहुंचे, जबकि बड़ी संख्या में शुभचिंतकों ने फोन और सोशल मीडिया के माध्यम से दुआएं और शुभकामनाएं भेजीं.

हिमाचल में एक मरीज की मौत हो चुकी है

गौरतलब है कि पिछले दिनों बिलासपुर में भी एक मरीज में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई थी. जिसके बाद राजधानी शिमला के इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (IGMC) में 64 वर्षीय साईं डोभा की उपचार के दौरान मौत हो गई थी. मरीज को 13 अगस्त को IGMC में भर्ती किया गया था और 29 अगस्त को उसकी H1N1 रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी.

हिमाचल में स्वाइन फ्लू के कितने मामले ?

IGMC में अब तक स्वाइन फ्लू के तीन मामले दर्ज किए जा चुके हैं. अस्पताल प्रबंधन और स्वास्थ्य विभाग ने संक्रमण को लेकर सतर्कता बढ़ा दी है. संक्रमण की आशंका को देखते हुए IGMC के कोविड वार्ड को स्वाइन फ्लू मरीजों के लिए आइसोलेशन सेंटर बनाया गया है. यहां मरीजों के उपचार के लिए आवश्यक दवाओं और अन्य जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था की गई है. वहीं, अस्पताल पहुंचने वाले संदिग्ध लक्षणों वाले मरीजों की रैंडम सैंपलिंग भी शुरू कर दी गई है.

स्वाइन फ्लू के लक्षण

तेज बुखार
खांसी
गले में खराश
सांस लेने में दिक्कत

लक्षण दिखने पर क्या करें?

किसी मरीज में स्वाइन फ्लू के लक्षण दिखें तो समय पर चिकित्सकीय सलाह ले. बुजुर्गों और फेफड़ों की गंभीर बीमारी से पीड़ित लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है.

ये भी पढ़ें: हिमाचल में स्वाइन फ्लू से पहली मौत! 64 वर्षीय मरीज ने IGMC में तोड़ा दम

Last Updated : September 3, 2026 at 11:29 AM IST