सारंडा में आईईडी विस्फोट: कोबरा के सहायक कमांडेंट घायल, एयरलिफ्ट कर लाया गया रांची
चाईबासा के सारंडा में आईईडी विस्फोट से कोबरा के सहायक कमांडेंट घायल हो गए. उन्हें बेहतर इलाज के लिए रांची एयरलिफ्ट किया जा रहा है.

Published : March 1, 2026 at 9:36 AM IST
|Updated : March 1, 2026 at 3:16 PM IST
रिपोर्ट: देवेंद्र कुमार के साथ प्रशांत कुमार
चाईबासा/रांची: पश्चिमी सिंहभूम जिले के सारंडा क्षेत्र में नक्सलियों के खिलाफ चलाए जा रहे सर्च ऑपरेशन के दौरान आईईडी विस्फोट में कोबरा बटालियन के एक अधिकारी गंभीर रूप से घायल हो गए. घायल अधिकारी की पहचान कोबरा के सहायक कमांडेंट अजय मल्लिक के रूप में हुई है. घटना के बाद सुरक्षा बलों नें सतर्कता और बढ़ा दी है. उधर घायल कमांडेंट का रांची में इलाज जारी है.
क्या है पूरा मामला
चाईबासा के सारंडा जंगल में नक्सलियों द्वारा लगाए गए आईईडी (इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस) में हुए विस्फोट ने एक बार फिर सुरक्षा बल निशाना बने हैं. इस धमाके में कोबरा बटालियन के सहायक कमांडेंट गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. पुलिस मुख्यालय के द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार रांची से घायल अधिकारी को एयरलिफ्ट करने के लिए हेलीकॉप्टर भेज दिया गया है. कोबरा बटालियन के जवान रविवार सुबह सर्च ऑपरेशन के तहत सारंडा के घने जंगलों में नक्सली ठिकानों की तलाश कर रहे थे. इसी दौरान नक्सलियों द्वारा पहले से ही प्लांट किए गए आईईडी में विस्फोट हो गया, जिससे जबरदस्त धमाका हुआ.
एसपी ने की घटना की पुष्टि
इस घटना की पुष्टि पश्चिमी सिंहभूम के पुलिस अधीक्षक अमित रेणु ने की है. उन्होंने बताया कि नक्सलियों द्वारा इस प्रकार के कायराना हमले पहले भी किए जाते रहे हैं. जिनमें कई निर्दोष ग्रामीणों की जान जा चुकी है. उन्होंने कहा कि सुरक्षा बलों द्वारा नक्सलियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और भविष्य में भी यह अभियान और तेज किया जाएगा.
घटना के बाद सुरक्षा बलों ने इलाके में सर्च ऑपरेशन और तेज कर दिया है. पूरे क्षेत्र में सतर्कता बढ़ा दी गई है और नक्सलियों की तलाश में अभियान जारी है. अधिकारियों ने कहा कि किसी भी स्थिति में नक्सलियों को बख्शा नहीं जाएगा और क्षेत्र में शांति और सुरक्षा बहाल करने के लिए हर संभव कदम उठाए जा रहे हैं.
नक्सलियों के साथ मुठभेड़ में एक और जवान घायल
सारंडा में हुए आईईडी विस्फोट के बाद सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई है. इस मुठभेड़ में कोबरा बटालियन के हवलदार विक्रम यादव घायल हो गए हैं. सूचना है कि उनके पेट में गोली लगी है. घायल हवलदार की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे भी बेहतर इलाज के लिए एयर लिफ्ट कर रांची लाया गया है.
15 दिनों में तीसरी घटना
सारंडा में पुलिस और नक्सलियों के बीच निर्णायक लड़ाई चल रही है. जनवरी महीने में एक साथ 17 नक्सलियों के मारे जाने के बाद नक्सलियों ने अपने बचाव के लिए जंगल में भारी तादाद में विस्फोटक जमीन के अंदर लगा दिए हैं. अभियान में निकले जवान और अफसर उन्हीं विस्फोटकों का शिकार हो रहे हैं. पिछले 15 दिनों के भीतर सारंडा में तीन भीषण ब्लास्ट हुए हैं. जिसमें एक ग्रामीण की मौत हुई, एक घायल हुआ, जबकि दो कोबरा बटालियन के जवान भी घायल हुए हैं. जो अभी भी इलाजरत है.
ये भी पढ़ें: सारंडा में आईईडी ब्लास्ट: कोबरा के दो जवान घायल, बेहतर इलाज के लिए रांची एयरलिफ्ट
धमतरी में भीषण सड़क हादसा, 201 कोबरा बटालियन के 3 जवानों समेत चार लोगों की मौत
सारंडा में लगातार दो विस्फोट, कोबरा के जवान हुए घायल, एयरलिफ्ट कर लाया गया रांची

