ETV Bharat / bharat

नीतीश के चहेते पुराने अफसरों को सम्राट चौधरी ने हटाया, सीएम हाउस और मुख्यमंत्री सचिवालय में नई टीम तैयार

सीएम हाउस का सिर्फ नाम ही नहीं बदला बल्कि वहां काम करने वाली पूरी टीम ही सम्राट सरकार ने बदल डाली. पढ़ें पूरी खबर

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Bihar Team

Published : May 10, 2026 at 8:37 PM IST

6 Min Read
Choose ETV Bharat

पटना: बिहार के मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ लिए हुए एक महीने भी नहीं बीते हैं कि सम्राट चौधरी ने अधिकारियों की पुरानी टीम को बदल दिया गया है. अब सम्राट चौधरी ने अपनी टीम बना ली है. महत्वपूर्ण पदों पर ईमानदार और प्रतिबद्ध अधिकारियों की तैनाती की प्रक्रिया शुरू की जा चुकी है.

पुराने अधिकारियों को मिली नई जिम्मेदारी: बिहार सरकार में हाल में हुए बड़े प्रशासनिक फेरबदल के तहत मुख्यमंत्री सचिवालय में लंबे समय से तैनात कई वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां दी गई हैं. सरकार के अन्दर मुख्यमंत्री सचिवालय को प्रभावशाली केंद्र माना जाता है और यहां पदस्थापित अधिकारी सीधे मुख्यमंत्री के साथ समन्वय कर शासन संचालन में अहम भूमिका निभाते रहे हैं. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने तमाम पुराने अधिकारियों के लिए नई जिम्मेदारी तय कर दी है.

नीतीश के चहेते पुराने अफसरों को सम्राट ने हटाया
नीतीश के चहेते पुराने अफसरों को सम्राट ने हटाया (ETV Bharat)

नीतीश कुमार के करीबी अधिकारियों को बदला : वरिष्ठ आईएएस अधिकारी अनुपम कुमार 2003 बैच के बिहार कैडर के अधिकारी हैं. वे कई वर्षों से मुख्यमंत्री सचिवालय में सचिव के तौर पर कार्यरत थे और नीतीश कुमार के करीबी प्रशासनिक अधिकारियों में माने जाते रहे हैं. अनुपम कुमार वर्तमान में केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर जा चुके हैं. अनुपम कुमार ने लंबे समय तक मुख्यमंत्री सचिवालय में रहे और नीतीश कुमार की नीतियों को लागू करने में अपनी भूमिका निभाई.

निशांत के साथ रहेंगे कुमार रवि : कुमार रवि 2005 बैच के आईएएस अधिकारी हैं. कुमार रवि लंबे समय से मुख्यमंत्री सचिवालय में सचिव के रूप में तैनात थे और विकास योजनाओं की मॉनिटरिंग तथा विभागीय समन्वय में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे थे. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कुमार रवि के लिए नई भूमिका तय कर दी है, कुमार रवि अब नीतीश कुमार पुत्र निशांत कुमार के साथ स्वास्थ्य विभाग का काम देखेंगे. आपको बता दें कि कुमार रवि नालंदा जिले के रहने वाले हैं.

निशांत के साथ रहेंगे कुमार रवि
निशांत के साथ रहेंगे कुमार रवि (ETV Bharat)

जल संसाधन विभाग देखेंगे चंद्रशेखर सिंह : सीनियर आईएएस चंद्रशेखर सिंह 2010 बैच के अधिकारी हैं. वे भी मुख्यमंत्री सचिवालय में सचिव के रूप में कार्य कर चुके हैं और प्रशासनिक कार्यशैली तथा फील्ड अनुभव के कारण सरकार के भरोसेमंद अधिकारियों में गिने जाते रहे हैं. चंद्रशेखर सिंह ने भी लंबे समय तक नीतीश कुमार के साथ काम किया. वर्तमान में चंद्रशेखर सिंह को जल संसाधन विभाग में पदस्थापित किया गया है.

गोपाल सिंह कोयला मंत्रालय में हुए पदस्थापित : इसके अलावा गोपाल सिंह मुख्यमंत्री सचिवालय में विशेष कार्य पदाधिकारी (OSD) के तौर पर कार्यरत हैं. वे लंबे समय से नीतीश कुमार के साथ समन्वय और कार्यक्रम प्रबंधन की जिम्मेदारी संभालते रहे हैं. गोपाल सिंह आईएफएससी कैडर के अधिकारी हैं और नीतीश कुमार के साथ डेढ़ दशक से काम कर रहे थे. गोपाल सिंह 2003 बैच के आईएएस अधिकारी हैं और वर्तमान में इन्हें कोयला मंत्रालय में जॉइंट सेक्रेटरी के तौर पर तैनात किया गया है. 8 मई को गोपाल सिंह के लिए केंद्र सरकार की ओर से नोटिफिकेशन जारी किए गए थे.

लोकेश कुमार मुख्यमंत्री के होंगे सचिव : सम्राट चौधरी ने अधिकारियों की नई टीम को आकार देना शुरू कर दिया है. मुख्यमंत्री सचिवालय में लोकेश कुमार को सचिन के पद पर तैनात किया गया है. लोकेश कुमार 2003 बैच के आईएएस अधिकारी हैं और इनकी पहचान कमिटेड और ईमानदार अधिकारी के रूप में की जाती है. लोकेश कुमार स्वास्थ्य और वित्त विभाग में काम कर चुके हैं. वर्तमान में लोकेश कुमार अब सम्राट चौधरी टीम का हिस्सा होंगे.

गृह मंत्री अमित शाह के साथ सीएम सम्राट
गृह मंत्री अमित शाह के साथ सीएम सम्राट (ETV Bharat)

संजय कुमार सिंह भी होंगे मुख्यमंत्री के सचिव : संजय कुमार सिंह भी मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के सचिव बनाए गए हैं. संजय कुमार सिंह 2007 बैच के आईएएस अधिकारी हैं और यह भी स्वास्थ्य विभाग में काम कर चुके हैं. संजय कुमार सिंह मुख्यमंत्री सचिवालय का हिस्सा होंगे और नई व्यवस्था में उनके लिए नई जिम्मेदारी तय की गई है. संजय कुमार सिंह की छवि भी काम करने वाले अधिकारियों की है.

पुराने अधिकारियों की हुई छुट्टी : 15 अप्रैल को 24 वें मुख्यमंत्री के तौर पर सम्राट चौधरी ने शपथ लिया था. सवाल यह उठ रहे थे कि क्या सम्राट चौधरी इस अधिकारियों की टीम के साथ काम करेंगे या फिर अपनी टीम बनाएंगे. एक महीने नहीं बीते की सीएम हाउस में चीज बदलने लगी. धीरे-धीरे पुराने अधिकारियों की पोस्टिंग दूसरे जगह पर की गई. लंबे समय से मुख्यमंत्री सचिवालय में पदस्थापित अधिकारियों की एक तरीके से छुट्टी कर दी गई.

मुख्यमंत्री सचिवालय से पुराने अधिकारियों का तबादला : नीतीश कुमार लंबे समय तक बिहार के मुख्यमंत्री थे और ब्यूरोक्रेसी उनकी ताकत मानी जाती थी. नीतीश कुमार के साथ कई अधिकारी ऐसे थे जो लंबे समय से काम कर रहे थे. मुख्यमंत्री सचिवालय में पदस्थापित सीनियर आईएएस अनुपम कुमार, कुमार रवि, चंद्रशेखर सिंह और गोपाल सिंह की पोस्टिंग अलग-अलग जगह पर की जा चुकी है.

पुराने अफसरों को बाय-बाय करने का मकसद? : राजनीति के जानकार डॉक्टर संजय कुमार सिंह कहते हैं कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अपने काम करने के तरीकों के बारे में संकेत दे दिया है. विधि व्यवस्था को लेकर तो वह पहले ही अधिकारियों को कह चुके हैं. पुराने अधिकारियों को बाय-बाय कह कर सम्राट चौधरी ने अपने इरादे जाहिर कर दिए हैं.

''सम्राट चौधरी ऐसे अधिकारियों की टीम बनना चाहते हैं जो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सपनों को सच करने की दिशा में भूमिका निभायें. सम्राट चौधरी कमिटेड अधिकारियों की टीम बनना चाहते हैं और इस दिशा में वह निर्णय ले रहे हैं.''- डॉ. संजय कुमार सिंह, राजनीतिक विश्लेषक

ये भी पढ़ें-