कौन होगा बिहार का मुख्यमंत्री? नीतीश कुमार से मुलाकात के बाद चिराग पासवान का बड़ा बयान
बिहार विधानसभा चुनाव में नीतीश कुमार का शानदार प्रदर्शन रहा. जेडीयू को 85 सीटों पर जीत मिली है. ऐसे में चिराग पासवान उनसे मिलने पहुंचे.

Published : November 15, 2025 at 12:55 PM IST
पटना: बिहार विधानसभा चुनाव में नीतीश कुमार की पार्टी का काफी शानदार प्रदर्शन रहा. जेडीयू को 85 सीटों पर जीत मिली है. ऐसे में सीएम आवास पर नेताओं का आना-जाना शुरू हो गया है. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मिलने एलजेपीआर के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान भी उनके आवास पहुंचे. बिहार के अगले सीएम के सवाल पर चिराग ने गोलमोल जवाब दिया.
कौन होगा बिहार का सीएम?: बिहार विधानसभा चुनाव के परिणाम आने के बाद प्रदेश की राजनीति में नीतीश कुमार ध्रुव तारा बनकर चमक रहे हैं. सीएम आवास पर नेताओं की चहलकदमी के बीच मंथन का दौर जारी है. नीतीश अपने विश्वस्त नेताओं के साथ बैठक कर रहे हैं. वहीं बिहार का सीएम कौन होगा इसपर अभी संशय बरकरार है.
नीतीश से मिले चिराग: शनिवार की सुबह चिराग पासवान भी नीतीश कुमार से मिलने सीएम आवास पहुंचे. मुलाकात के बाद चिराग पासवान ने कहा कि मैं सीएम को बधाई देने गया था. मुख्यमंत्री ने हमारे उम्मीदवारों का समर्थन किया, तो अलौली में हमने भी जेडीयू प्रत्याशी का समर्थन किया. जब चिराग से अगले सीएम को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने इसपर कुछ भी नहीं कहा. उन्होंने कहा कि अभी प्रेस कांफ्रेंस है,उसमें सारी बातों को विस्तार से रखा जाएगा.
"नीतीश कुमार के नेतृत्व में NDA ने ऐतिहासिक जीत हासिल की है, इसलिए LJP (रामविलास) का यह प्रतिनिधिमंडल उन्हें बधाई और शुभकामनाएं देने के लिए आया था. जो लोग LJP (रामविलास) और JDU के बीच भ्रम फैला रहे थे, सिर्फ झूठी अफवाह और गलत नैरेटिव बनाने की कोशिश थी, यह ऐतिहासिक जीत सभी दलों के ईमानदार समर्थन के बिना हासिल नहीं होती."- चिराग पासवान, केंद्रीय मंत्री
श्याम रजक और संतोष सुमन ने भी की मुलाकात: जेडीयू नेता श्याम रजक ने सीएम आवास पहुंचकर कहा कि यह बिहार की जनता की जीत है. जनता ने हमारे नेता नीतीश कुमार और एनडीए पर भरोसा जताया है. उनके काम के आधार पर उन्हें एक बार फिर सीएम बनाने का जनादेश दिया गया है. वहीं बिहार के मंत्री और हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (सेक्युलर) के राष्ट्रीय अध्यक्ष संतोष कुमार सुमन ने भी नीतीश से मुलाकात की है.
बिहार विधानसभा चुनाव परिणाम के पश्चात आज बिहार के माननीय मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार जी से मुलाकात कर उन्हें NDA के प्रचंड बहुमत की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी।@NitishKumar pic.twitter.com/EuHJFQNHXm
— युवा बिहारी चिराग पासवान (@iChiragPaswan) November 15, 2025
NDA की जीत: बिहार में एनडीए को 202 सीटों पर जीत मिली है. बीजेपी को 89 सीट, जदयू को 85 सीट, चिराग की एलजेपीआर को 19 सीट, मांझी की हम को 5 सीट और उपेंद्र कुशवाहा की आरएलएम को 4 सीटों पर जीत मिली है.
ये भी पढ़ें
सिर्फ 27 वोटों से जीते JDU के राधा चरण साह, जानिए भोजपुर की बाकी सीटों पर कैसा रहा मुकाबला
बिहार चुनाव नतीजे: तेज प्रताप, खेसारी लाल यादव हारे, जानिए VIP सीटों का हाल
24 सीटों वाले सीमांचल में ओवैसी की लगी लॉटरी! NDA भी फायदे में, महागठबंधन को निराशा

