हिमाचल में मिड-डे मील की खीर खाते ही बिगड़ी बच्चों की तबीयत, 40 बच्चे अस्पताल में भर्ती
हिमाचल के कुल्लू जिले में खीर खाने के बाद 30 से 40 बच्चों को उल्टी, पेट दर्द और चक्कर आने की शिकायत से हड़कंप.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : August 19, 2026 at 7:17 AM IST
कुल्लू: हिमाचल प्रदेश के जिला कुल्लू के पतलीकूहल के बाड़ी प्राइमरी स्कूल में मंगलवार को मिड-डे मील में परोसी गई खीर खाने के बाद करीब 30 से 40 बच्चों की तबीयत बिगड़ने का गंभीर मामला सामने आया है. खीर खाने के कुछ समय बाद बच्चों को उल्टियां शुरू हो गईं. कई बच्चों की हालत बिगड़ने पर उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पतलीकूहल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है.
मिड-डे मील की खीर खाने के बाद 30-40 बच्चे बीमार
अभिभावकों के अनुसार, प्रभावित बच्चे जैंडी, बाड़ी, बशकोला, रंखड़ू और बाजगाड़ी सहित आसपास के गांवों के रहने वाले हैं. परिजनों के अनुसार बच्चों ने स्कूल में मिड-डे मील के दौरान खीर खाई थी. शाम करीब चार बजे छुट्टी के बाद जब बच्चे घर पहुंचे तो उनकी तबीयत अचानक खराब होने लगी. बच्चों की तबीयत बिगड़ने की सूचना मिलते ही पंचायत प्रधान कमलाकांत और उपप्रधान ललित मौके पर पहुंचे और बच्चों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाने में मदद की. बड़ी संख्या में बच्चों के बीमार होने की सूचना के बाद परिजन भी अस्पताल पहुंच गए.

सीएचसी पतलीकूहल में बच्चों का उपचार कर रहे चिकित्सक डॉक्टर मोहित शर्मा के अनुसार, प्रारंभिक तौर पर मामला फूड पॉइजनिंग का प्रतीत हो रहा है. डॉक्टरों ने आशंका जताई है कि इसकी वजह दूषित पानी भी हो सकता है. हालांकि, बीमारी के वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल पाएगा.

बच्चों की हालत पर डॉक्टर की नजर
बीएमओ नग्गर कर्ण ने बताया कि, "सीएचसी पतलीकूहल में बच्चों का उपचार जारी है और चिकित्सकों की टीम उनकी निगरानी कर रही है. बच्चों की हालत पर लगातार नजर रखी जा रही है. घटना की जानकारी मिलने के बाद मनाली के विधायक भुवनेश्वर गौड़ ने भी अस्पताल का दौरा कर बच्चों और उनके परिजनों से मुलाकात की और उपचार व्यवस्था का जायजा लिया. विधायक ने चिकित्सकों से बच्चों की स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी ली है."

अभिभावकों की प्रशासन से मांग
मीड डे मील खाने से एक साथ बड़ी संख्या में स्कूली बच्चों के बीमार पड़ने से क्षेत्र में चिंता का माहौल है. बच्चों के परिजनों रामचंद, मुकेश कुमार, ईशांत, देवराज, हीरा लाल, मेहर चंद और सुनील ने इस घटना पर चिंता जताई है. इसके साथ ही अभिभावकों ने प्रशासन से मिड-डे मील में इस्तेमाल खाद्य सामग्री और पानी के सैंपल लेकर जांच करवाने और मामले की पूरी जांच की मांग की है.

ये भी पढ़ें: "गजब की है ये सुक्खू सरकार, भ्रष्ट अधिकारियों को एक्सटेंशन और नए से इनकार', सीएम के बयान पर जयराम का तंज
ये भी पढ़ें: ITI चंबा की छात्राओं को मिला 20 गद्दी ड्रेस बनाने का ऑर्डर, एक लाख तक पहुंच जाती है एक पोशाक की कीमत

