छत्तीसगढ़ के मंत्री टंकराम वर्मा ने बताया नाथूराम गोडसे को राष्ट्रवादी व्यक्ति
वीबी जी राम जी योजना को लेकर कर रहे थे मंत्री धमतरी में प्रेस कांफ्रेंस.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : January 7, 2026 at 7:19 PM IST
धमतरी: कैबिनेट मंत्री और धमतरी जिले के प्रभारी मंत्री टंकराम वर्मा अपने बयान को लेकर विवादों में घिर गए हैं. दरअसल, मंत्री टंकराम वर्मा VB G-RAM-G को लेकर प्रेसवार्ता कर रहे थे. इस दौरान उन्होंने कांग्रेस पर पलटवार करते हुए एक बड़ा बयान दे दिया. मंत्री के दिए बयान से सियासी घमासान मचना तय है.
मंत्री टंकराम वर्मा ने बताया नाथूराम गोडसे को राष्ट्रवादी
मीडिया से बातचीत के दौरान प्रभारी मंत्री टंकराम वर्मा बोले "गोडसे राष्ट्रवादी व्यक्ति थे". प्रभारी मंत्री ने कहा कि VB G RAM G कोई भाजपा या व्यक्ति विशेष की योजना नहीं है. मंत्री ने कहा कि कांग्रेस द्वारा महात्मा गांधी का नाम हटाने का आरोप लगाया जा रहा है जो कि बात गलत है, नाम जोड़ने और हटाने का काम एक ही परिवार ने किया है. पहले भी योजना में किसी का नाम महात्मा गांधी, इंदिरा गांधी, राजीव गांधी एक ही परिवार का नाम दिया जा चुका है.
राजस्व मंत्री के बयान पर मचेगा बवाल
राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने कहा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ग्रामीण विकास के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक कदम उठाते हुए, विकसित भारत जी-राम-जी अधिनियम 2025 लाया गया है. यह अधिनियम देश के गांवों को विकसित बनाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा. मंत्री ने कहा कि यह अधिनियम किसानों, मजदूरों और गरीबों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की प्रधानमंत्री की प्रतिबद्धता का प्रमाण है. टंकराम वर्मा ने याद दिलाते हुये कहा कि साल 2014 में प्रधानमंत्री बनने के बाद नरेंद्र मोदी ने संसद में अपने पहले भाषण में ही स्पष्ट किया था कि उनकी सरकार गरीबों के नाम समर्पित रहेगी. उसी भावना के अनुरूप घर-घर बिजली, शौचालय, आवास और जनधन खाते जैसी ऐतिहासिक योजनाएं लागू की गई है.
मनरेगा से बताया बेहतर
राजस्व मंत्री ने कहा कि विकसित भारत जी-राम-जी अधिनियम मनरेगा योजना का उन्नत और अधिक प्रभावी रूप है. कई मायनों में यह मनरेगा से भी बेहतर है. मंत्री ने कहा कि मनरेगा में जहां 100 दिनों का रोजगार मिलता था, वहीं अब ग्रामीण परिवारों को 125 दिनों का गारंटी रोजगार मिलेगी. इससे मजदूरों की आमदनी में बढ़ोतरी होगी. मंत्री ने ये भी बताया कि मजदूरी भुगतान अब 7 दिनों के भीतर किया जाएगा. यदि निर्धारित समय सीमा में भुगतान नहीं होता है तो अतिरिक्त भुगतान मजदूर को किया जाएगा. टंकराम वर्मा ने कहा कि इससे फर्जी मस्टर रोल बनाने पर भी रोक लग जाएगी.
कांग्रेस योजनाओं का नाम बदलने में माहिर:टंकराम वर्मा
कांग्रेस के महात्मा गांधी के नाम को हटाने की आपत्ति पर मंत्री ने कहा, इस योजना में पहले महात्मा गांधी का नाम ही नहीं था. राजीव गांधी ने जवाहर रोजगार योजना का नाम दिया. सोनिया मनमोहन की सरकार ने नरेगा कर दिया फिर इसे मनरेगा किया गया. कांग्रेस द्वारा कई योजनाओं का नाम एक ही परिवार पर जबरन डाले गए हैं. कांग्रेस सरकार ने देश के लगभग 600 संस्थाओं, योजनाओं, पुरस्कारों के नाम गांधी परिवार के नाम रखे.

