ETV Bharat / bharat

इंग्लैंड में चरखी दादरी के भाजपा नेता के बेटे की हत्या, शव को देश वापस लाने के लिए पीएम मोदी से गुहार

भाजपा नेता के बेटे की इंग्लैंड में हत्या कर दी गई है. शव वापस मंगाने के लिए परिवार ने गुहार लगाई है.

DADRI YOUTH MURDER IN ENGLAND
इंग्लैंड में चरखी दादरी के भाजपा नेता के बेटे की हत्या (Etv Bharat)
author img

By ETV Bharat Haryana Team

Published : November 30, 2025 at 4:47 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

चरखी दादरी : 24 नवंबर को इंग्लैंड के बर्मिंघम शहर में यूनिवर्सिटी से लौटते समय हरियाणा के चरखी दादरी के भाजपा नेता सुरेंद्र सिंह के 27 वर्षीय पुत्र विजय कुमार की हत्या कर दी गई थी. हत्या के कई दिन बीत जाने के बाद भी मृतक का शव भारत नहीं वापस लाया जा सका है.

शव वापस लाने की गुहार : मृतक के पिता सुरेंद्र सिंह सेना से रिटायर्ड हैं. उन्होंने कहा कि "मैं भाजपा से लंबे समय से जुड़ा हूं, इस दुख की घड़ी में हमारी कोई मदद नहीं कर रहा है. पीएम नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर से अपील है कि हमारी मदद करें. बेटे का शव वापस ला दें ताकि उसका अंतिम संस्कार कर सकें."

इंग्लैंड में चरखी दादरी के भाजपा नेता के बेटे की हत्या (Etv Bharat)

मां को बेटे का इंतजारः विजय की मां सरोज बाला भी अपने बेटे का फोटो लेकर उसके आने का इंतजार कर रही है. परिजन ने बताया कि किसी भी तरह जल्द बेटे का शव घर आ जाए, पूरा परिवार दुखी है. वहीं सांसद धर्मबीर सिंह और दादरी विधायक सुनील सांगवान ने विदेश मंत्री और केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर को विजय के शव को जल्द भारत लाने के बारे में पत्र लिखा है.

हत्या के आरोप में 5 लोग हो चुके हैं गिरफ्तारः मृतक विजय के भाई और सेना में ऑफिसर के तौर पर काम कर रहे रवि कुमार ने बताया कि "दस दिन पूर्व ही वीडियो कॉल पर बात हुई थी और वो घर लौटने की बात कर रहा था. मार्च 2026 में पढ़ाई पूरी कर विजय घर लौटने वाला था. लेकिन उसे वहां नौकरी का ऑफर मिल गया था. वो तत्काल कुछ दिन वहीं नौकरी करना चाहता था. मेरे जीजा वहीं सेटल्ड हैं. दीदी भी वहां रहती है. इसी बीच हमें लंदन के बोस्टन शहर से एक पुलिस अधिकारी नताशा का फोन आया कि विजय पर हमला हुआ है. उनकी हालत क्रिटिकल है. इलाज चल रहा है. हमले के आरोप में 5 लोगों को गिरफ्तार किया गया है. शाम को उसी नंबर पर कॉल करने से पता चला कि भाई की मौत हो गई है. हत्या में गिरफ्तार लोग पंजाब, दिल्ली और हरियाणा के निवासी हैं. हत्या का कारण अभी पता नहीं चला है."

Dadri Youth Murder In England
विदेश मंत्री को सांसद ने लिखा पत्र (Etv Bharat)

जनवरी में एमबीए करने गया था इंग्लैंडः विजय कुमार केंद्रीय जीएसटी निरीक्षक पद की नौकरी से वीआरएस लेकर जनवरी 2025 में एमबीए करने इंग्लैंड गया था. बर्मिंघम शहर में यूनिवर्सिटी से लौटते समय उसकी हत्या कर दी गई थी. हत्या के एक सप्ताह बाद भी बेटे का शव स्वदेश नहीं पहुंचने पर उसके गांव जगरामबास में परिजन और ग्रामीणों ने पीएम मोदी, अमित शाह, विदेश मंत्री और केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल से हाथ जोड़कर मदद की गुहार लगाई है.

घर वाले शादी की तैयारी में थे, मिली मौत की खबरः परिवार वाले एक ओर जहां विजय की शादी के लिए रिश्ता देख रहे थे. एक-दो जगह बातचीत भी चल रही थी. दूसरी ओर विजय एक साल शादी नहीं करने की बात कर रहा था. इसी बीच हत्या की सूचना ने परिजनों को सदमा दे दिया.

ये भी पढ़ें-लंदन में भारतीय-मूल के व्यक्ति की चाकू घोंपकर हत्या