हिमाचल के चंबा में खाई में गिरी कार, 6 लोगों की मौत, 4 घायल, गुजरात के थे सभी पर्यटक
चंबा में एक दर्दनाक हादसा पेश आया है. हादसे में गुजरात के पांच पर्यटकों की मौत हो गई.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : May 11, 2026 at 11:11 AM IST
|Updated : May 11, 2026 at 11:45 AM IST
चंबा: जिले के चंबा-पठानकोट एनएच पर तुनुहट्टी क्षेत्र के काकीरा घार के पास रात करीब तीन बजे एक दर्दनाक हादसा सामने आया है. जानकारी के मुताबिक धर्मशाला से डलहौजी की ओर जा रही एक इनोवा टैक्सी अचानक अनियंत्रित होकर करीब 300 मीटर गहरी खाई में जा गिरी. इस हादसे में गुजरात के पांच पर्यटकों और चालक की मौत हो गई, जबकि चार गंभीर रूप से घायल हैं.
गाड़ी में गुजरात के पर्यटक टैक्सी किराए पर लेकर घूमने जा रहे थे. प्राथमिक जानकारी के मुताबिक दुर्घटनाग्रस्त गाड़ी में 10 लोग सवार थे, लेकिन बीच रास्ते में ही गाड़ी हादसे का शिकार हो गई. स्थानीय लोगों ने हादसे के बाद तेज आवाज सुनकर तुरंत पुलिस और प्रशासन को सूचना दी. इसके बाद पुलिस, स्थानीय प्रशासन और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचे. अंधेरा और बारिश के बीच राहत कार्य शुरू किया गया. तेज बारिश के कारण रेस्क्यू में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा. कड़ी मशक्कत के बाद घायलों और शवों को खाई से बाहर निकाला गया.
घायलों तो तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया. गंभीर रूप से घायल चारों पर्यटकों को प्राथमिक उपचार देने के बाद टांडा मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया गया है. सूचना मिलते ही एसपी भी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे थे. पुलिस ने दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है. वहीं, दुर्घटनाग्रस्त गाड़ी मंडी जिले की बताई जा रही है.
फिसलन हो सकती है हादसे की वजह
बताया हादसे के समय क्षेत्र में भारी बारिश का दौर जारी था. बारिश के कारण सड़क पर फिसलन बनी हुई थी. आशंका जताई जा रही है कि खराब मौसम और फिसलन हादसे की बड़ी वजह हो सकती है. फिलहाल हादसे के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है. पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है. पुलिस अधीक्षक चंबा ने विजय कुमार सकलानी ने कहा कि 'पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है. प्रशासन की ओर से मृतकों और घायलों के परिजनों को सूचना देने का प्रयास किया जा रहा है.'
पैरापिट होता तो शायद बच जाती जिंदगियां
अंदेशा ये भी लगाया जा रहा है कि नींद की झपकी आने के कारण चालक गाड़ी ने गाड़ी से नियंत्रण खो दिया और ये हादसा पेश आया. वहीं, घटनास्थल पर सड़क किनारे कोई पैरापिट नहीं था. इसके कारण गाड़ी सीधे 300 मीटर गहरी खाई में गिरी है. सड़क पर अगर पैराफिट होता तो शायद अनमोल जिंदगियां बच जाती. हैरानी की बात ये है कि पुलिस शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल में एंबुलेंस की जगह पिकअप गाड़ी में ले जाती दिखी.
ये भी पढ़ें: निर्माणाधीन घर की छत से ईंट गिरने के कारण 14 वर्षीय बच्चे की मौत, मकान मालिक गिरफ्तार

