सीजीबीएसई बोर्ड परीक्षा के नतीजे घोषित, 10वीं में 77.15 प्रतिशत और 12वीं में 83.04 फीसदी छात्र सफल, सीएम ने दी बधाई
छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल ने 10वीं और 12वीं बोर्ड के नतीजे घोषित कर दिए हैं. पढ़िए पूरी रिपोर्ट

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : April 29, 2026 at 7:03 PM IST
रायपुर: छत्तीसगढ़ 10वीं, 12वीं बोर्ड का रिजल्ट जारी कर दिया गया है. सीएम विष्णुदेव साय और स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने 10वीं और 12वीं के रिजल्ट एक साथ जारी किए.
सीएम साय ने विद्यार्थियों को दी बधाई
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने 10वीं, 12वीं के बोर्ड परीक्षा का रिजल्ट जारी कर स्टूडेंट्स को शुभकामनाएं दीं. मुख्यमंत्री साय ने कहा कि दसवीं बोर्ड में 77.15 प्रतिशत और 12वीं बोर्ड में 83.04 परसेंट स्टूडेंट्स ने कामयाबी हासिल की है. मुख्यमंत्री ने बेटियों के बेहतर प्रदर्शन पर खुशी जताई. उन्होंने कहा कि बेटियां लगातार शिक्षा के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित कर रही हैं. उन्होंने इसे न केवल छात्राओं के आत्मविश्वास और परिश्रम का प्रमाण बताया, बल्कि समाज में शिक्षा के प्रति बढ़ती जागरूकता और सकारात्मक बदलाव का भी प्रतीक बताया.
12वीं बोर्ड का रिजल्ट
छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल ने 12वीं बोर्ड के रिजल्ट जारी कर दिए हैं. बलौदाबाजार जिले के पलारी के जिज्ञासु वर्मा ने 98.60% के साथ टॉप किया. जिज्ञासु सरस्वती शिशु मंदिर स्कूल के स्टूडेंट हैं. बेमेतरा जिले के स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिंदी माध्यम स्कूल की स्टूडेंट ओमनी वर्मा ने दूसरा स्थान हासिल किया. उन्हें 98.20 प्रतिशत अंक मिले हैं. जबकि रायगढ़ के कृष महंत ने 97.80 फीसदी अंकों के साथ तीसरा स्थान हासिल किया है.
12वीं बोर्ड परीक्षा 2026 के टॉप थ्री स्टूडेंट्स पर नजर
- जिज्ञासु वर्मा, 98.60%, सरस्वती शिशु मंदिर पलारी, बलौदाबाजार
- ओमनी, 98.20%, स्वामी आत्मानंद स्कूल, बेमेतरा
- कृष महंत, 97.80%, गवर्नमेंट बॉयस स्कूल, छाल रायगढ़
12वीं बोर्ड टॉप 10 में 43 विद्यार्थी
12 वीं बोर्ड की टॉप 10 मेरिट लिस्ट में 43 स्टूडेंट्स के नाम हैं. छत्तीसगढ़ में इस साल 12वीं बोर्ड परीक्षा में 2 लाख 44 हजार 453 विद्यार्थी शामिल हुए थे. कुल 83.04% स्टूडेंट्स पास हुए हैं. इनमें 86.04 फीसदी छात्राएं और 78.86 फीसदी छात्र पास हुए हैं. पास हुए कुल छात्रों में से 52 फीसदी फर्स्ट डिवीजन हैं.
दसवीं बोर्ड का रिजल्ट
दसवीं में टॉप 3 में महासमुंद जिले की 2 लड़कियों ने 594 नंबर के साथ टॉप किया है. इनमें एकलव्य इंग्लिश स्कूल अर्जुंदा की संध्या नायक और एकलव्य स्कूल बलोदा की परीरानी प्रधान शामिल हैं. तीसरे नंबर पर मुंगेली के अंशुल शर्मा हैं.
1- संध्या नायक- महासमुंद- 99.00 % एकलव्य इंग्लिश स्कूल, अर्जुन्दा
2-परिरानी प्रधान- महासमुंद-99.00% एकलव्य इंग्लिश मीडियम हायर सेकेंडरी स्कूल, बलौदा
3-अंशुल शर्मा- मुंगेली-99.00% न्यू जनरेशन पब्लिक हायर सेकेंडरी स्कूल, लोरमी
इस साल 10वीं बोर्ड परीक्षा में करीब 3 लाख 21 हजार स्टूडेंट्स ने एग्जाम दिया था. इनमें 77.15% स्टूडेंट्स पास हुए हैं. टॉप 10 मैरिट लिस्ट में कुल 42 छात्र-छात्राएं शामिल हैं. राज्य सरकार ने टॉपर्स को डेढ़ लाख देने का ऐलान किया है.
सीएम साय ने रिजल्ट पर जताई खुशी
सीएम साय ने कहा कि दूरस्थ एवं वनांचल क्षेत्रों के विद्यार्थियों ने प्रावीण्य सूची में स्थान बनाकर यह सिद्ध कर दिया है कि प्रतिभा संसाधनों की मोहताज नहीं होती. मुख्यमंत्री ने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद इन विद्यार्थियों ने अपने दृढ़ संकल्प और अथक परिश्रम से उल्लेखनीय सफलता हासिल की है, जो पूरे प्रदेश के लिए प्रेरणास्रोत है.
यह सफलता केवल व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं है, बल्कि प्रदेश के समग्र विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है. विद्यार्थी अपने ज्ञान और कौशल का उपयोग राष्ट्र निर्माण में करें और विकसित भारत तथा विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं- विष्णुदेव साय, सीएम, छत्तीसगढ़
असफल विद्यार्थी न हों निराश- सीएम साय
सीएम साय ने ऐसे विद्यार्थियों, जिन्हें अपेक्षित सफलता नहीं मिली है, उन्हें निराश न होने, आत्मविश्वास बनाए रखने और सकारात्मक सोच के साथ निरंतर प्रयास करते रहने के लिए प्रोत्साहित किया. उन्होंने कहा कि निरंतर प्रयास करने से एक दिन निश्चित ही सफलता उनके कदम चूमेगी.

