हरियाणा में IAS अधिकारी प्रदीप कुमार को CBI ने किया अरेस्ट, बैंक घोटाले में बड़ा एक्शन
हरियाणा के आईडीएफसी फर्स्ट बैंक घोटाले में सीबीआई ने IAS अधिकारी प्रदीप कुमार को गिरफ्तार किया है.

Published : June 30, 2026 at 8:41 PM IST
चंडीगढ़ : हरियाणा में 169 करोड़ रुपये के बैंक घोटाले के आरोप में निलंबित आईएएस प्रदीप डागर को सीबीआई ने आज, मंगलवार को उनकी रिटायरमेंट के दिन ही गिरफ्तार कर लिया है. सीबीआई टीम ने हरियाणा स्टेट पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड (HSPCB) के तत्कालीन मेंबर सेक्रेटरी आईएएस अधिकारी प्रदीप कुमार को IDFC फर्स्ट बैंक की चंडीगढ़ सेक्टर-32 ब्रांच में मौजूद HSPCB के अकाउंट से सरकारी फंड के गलत इस्तेमाल के आरोप में गिरफ्तार किया है. सीबीआई जांच के अनुसार आरोप है कि तत्कालीन सदस्य सचिव प्रदीप कुमार की कार्रवाइयों का इस धोखाधड़ी से सीधा संबंध था.
सीबीआई ने प्रदीप कुमार को किया अरेस्ट : सीबीआई के मुताबिक प्रदीप कुमार लंबे अरसे से जांच में सीबीआई को सहयोग नहीं कर रहे थे. उनकी लोकेशन को ट्रेस करने के बाद उन्हें केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो(CBI) ने गिरफ्तार किया गया है.
ऐसे पाया धोखाधड़ी से सीधा संबंध: सेंट्रल ब्यूरो ऑफ़ इन्वेस्टिगेशन (CBI) की जांच के अनुसार आरोपी आईएएस अधिकारी प्रदीप डागर स्वयं अपने स्तर पर निवेश संबंधी सभी कार्य संभालते थे. निर्धारित सीमा से कहीं अधिक धनराशि आईडीएफसी फर्स्ट बैंक में सावधि जमा के लिए भेजी गई थी. सावधि जमा खोलने के लिए एचएसपीसीबी की धनराशि पहले चंडीगढ़ स्थित सेक्टर-32 शाखा के आईडीएफसी फर्स्ट बैंक में खोले गए एक खाते में स्थानांतरित की गई थी. लेकिन हैरत की बात यह है कि इस खाते के खुलने से संबंधित कोई भी रिकॉर्ड विभाग के पास उपलब्ध नहीं मिला. जांच के अनुसार साजिश इतनी गहरी थी कि बिना किसी मंजूरी के खाता खोला गया और सावधि जमा के नाम पर धनराशि उसमें स्थानांतरित कर दी गई.
504 करोड़ के सरकारी फंड का गबन: गौरतलब है कि राज्य सरकार के अनुरोध पर सीबीआई ने हरियाणा के स्टेट विजिलेंस एवं एंटी-करप्शन ब्यूरो से जांच अपने हाथ में ली थी. HSPCB से जुड़ा यह धोखाधड़ी का मामला IDFC फर्स्ट बैंक, चंडीगढ़ की सेक्टर-32 ब्रांच में हुए एक बड़े बैंकिंग फ्रॉड का हिस्सा है. इस मामले में हरियाणा सरकार के आठ विभागों के लगभग 504 करोड़ रूपये के सरकारी फंड को कथित तौर पर जाली/फर्जी फिक्स्ड डिपॉजिट और धोखाधड़ी वाले डेबिट ट्रांजेक्शन के जरिए निकाल लिया गया और बाद में शेल कंपनियों के जरिए इधर-उधर भेजा गया.
अंडरग्राउंड रहते हुए लगाई जमानत याचिका: इससे पहले सीबीआई जांच के बीच कई दिन से भूमिगत चल रहे डागर ने अग्रिम जमानत के लिए पंचकूला की सीबीआई अदालत में याचिका लगाई हुई है, जिस पर बुधवार को सुनवाई होनी है. लेकिन आज, मंगलवार को ही उन्हें अरेस्ट कर लिया गया. खास बात ये है कि आईएएस अधिकारी प्रदीप कुमार का आज रिटायरमेंट था.
बचाव के लिए सीबीआई से छुपते रहे आईएएस:गौरतलब है कि प्रदीप कुमार कुछ समय से सीबीआई की जांच से बचाव के लिए छुप रहे थे. नतीजतन वह जांच टीम की बार-बार कोशिशों के बावजूद जांच में शामिल नहीं हुए. सीबीआई ने उनके ठिकाने का पता लगाने के बाद उन्हें आज, मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया.
17 आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल: सीबीआई ने अब तक हरियाणा के मामले में 17 आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की है. इनमें IDFC फर्स्ट बैंक और AU स्मॉल फाइनेंस बैंक के छह बैंक अधिकारी, हरियाणा सरकार के तीन सरकारी कर्मचारी, दो कंपनियां और छह प्राइवेट व्यक्ति शामिल हैं. इस गिरफ्तारी से पहले, CBI इस मामले में दो वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है.
पहले दो आईएएस की गिरफ्तारी हो चुकी है : आपको बता दें कि अब तक इस मामले में प्रदीप कुमार को मिलाकर तीन आईएएस अरेस्ट हो चुके हैं. इससे पहले आईएएस आर.के. सिंह और पंकज अग्रवाल की भी गिरफ्तारी हो चुकी है.
बैंक मैनेजर भी अरेस्ट : वहीं सीबीआई ने IDFC फर्स्ट बैंक के तत्कालीन एरिया हेड शमीम दार और AU स्मॉल फाइनेंस बैंक (मोहाली ब्रांच) के तत्कालीन ब्रांच मैनेजर चरणजीत सिंह रंधावा को भी गिरफ्तार किया है. इन पर हरियाणा सरकार के विभागों के फंड का गलत इस्तेमाल करने का आरोप है. ये गड़बड़ी सरप्लस फंड को फिक्स्ड डिपॉजिट में अनियमित तरीके से निवेश करके और इस मकसद के लिए खोले गए बैंक अकाउंट्स के जरिए धोखाधड़ी वाले ट्रांजेक्शन करके की गई थी.
हरियाणा समेत देश की ताजा ख़बरें पढ़ने के लिए ईटीवी भारत ऐप डाउनलोड करें. यहां आपको मिलेंगी तमाम बड़ी ख़बरें, लोकसभा चुनाव से जुड़ी हर ख़बर, हर बड़ा अपडेट, वो भी सबसे सटीक और डिटेल एनालिसिस के साथ - Download App
ये भी पढ़ें : हरियाणा सरकार ने IAS पंकज अग्रवाल को किया सस्पेंड, बैंक फ्रॉड मामले में CBI गिरफ्तारी के बाद कार्रवाई
ये भी पढ़ें : हरियाणा के IAS अफसर को CBI ने किया अरेस्ट, पंचकूला नगर निगम फंड घोटाले में बड़ा एक्शन
ये भी पढ़ें : हरियाणा के IAS अफसर पर हाईकोर्ट ने 1 लाख का जुर्माना लगाया, वेतन से डायरेक्ट कटेगी राशि

