गाजियाबाद में कैश वैन लूट: ड्राइवर को बंधक बनाकर 25 लाख लूटे, पुलिस की 8 टीमें जांच में जुटीं
पुलिस के मुताबिक बदमाशों ने कैश वैन के ड्राइवर को अकेला पाकर उसे हथियार दिखाकर काबू में कर लिया और वैन लेकर फरार हो गए.

Published : May 6, 2026 at 7:00 PM IST
नई दिल्ली/गाजियाबाद: कमिश्नरेट गाजियाबाद के क्रॉसिंग रिपब्लिक थाना इलाके में दिनदहाड़े कैश वैन लूट की बड़ी वारदात सामने आई है. एटीएम में नकदी भरने पहुंचे कर्मियों को निशाना बनाते हुए बदमाशों ने ड्राइवर को हथियार के बल पर बंधक बनाया. इसके बाद कैश वैन लेकर फरार हो गए. घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. मामले की जांच में 8 टीमें लगाई गई हैं.
पुलिस के अनुसार एवन इंडिया नामक वित्तीय संस्था के कर्मचारी मंगलवार दोपहर करीब एक बजे कैश वैन के साथ विभिन्न एटीएम में नकदी डालने निकले थे. कर्मचारियों ने पांच एटीएम में सफलतापूर्वक कैश डाल दिया था. बताया जा रहा है कि छठे एटीएम के बाहर कुछ कर्मचारी खाना खाने के लिए गए थे, इसी दौरान बदमाशों ने मौके का फायदा उठाया.
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बदमाशों ने कैश वैन के ड्राइवर को अकेला पाकर उसे हथियार दिखाकर काबू में कर लिया और वैन लेकर फरार हो गए. डीसीपी धवल जायसवाल के मुताबिक घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने तुरंत नाकेबंदी कर सघन चेकिंग अभियान शुरू किया. कुछ ही देर में लूटी गई कैश वैन मसूरी थाना क्षेत्र से बरामद कर ली गई, लेकिन उसमें रखा कैश बदमाश लेकर फरार हो चुके थे.
धवल जायसवाल ने बताया कि कैश की सटीक रकम व एटीएम में डाली गई राशि का मिलान किया जा रहा है. इसके लिए संबंधित वित्तीय संस्था से रिकॉर्ड तलब किए गए हैं. वहीं, कैश वैन में तैनात कर्मचारियों व ड्राइवर के बयान भी लिए जा रहे हैं. घटना के बाद पुलिस ने जांच के लिए आठ टीमें गठित की हैं.
आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, जिससे बदमाशों की पहचान हो सके. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर वारदात का खुलासा किया जाएगा. फिलहाल इस घटना ने एटीएम कैश रिफिलिंग की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
ये सभी पढ़ें :

