ETV Bharat / bharat

स्प्रिट से बनाई जा रही नकली शराब, पलामू में दो साल में 1.5 लाख लीटर अवैध स्प्रिट जब्त

पलामू इलाके में अवैध स्प्रिट से नकली शराब बनाने और फिर उसकी तस्करी के कई मामले सामने आए. लाखों लीटर अवैध स्प्रिट जब्त की गई.

illegal spirit in Palamu
जब्त स्प्रिट (Etv Bharat)
author img

By ETV Bharat Jharkhand Team

Published : February 19, 2026 at 6:00 PM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

पलामू: शराब माफिया लोगों की जान से खिलवाड़ कर रहे हैं. स्प्रिट का इस्तेमाल करके नकली शराब बनाई जा रही है. इस शराब की तस्करी झारखंड के साथ-साथ बिहार के इलाकों में भी की जा रही है. तस्कर स्प्रिट का इस्तेमाल अंग्रेजी और देसी शराब बनाने में कर रहे हैं. देसी शराब बनाने में सबसे ज्यादा स्प्रिट का इस्तेमाल होता है.

बिहार में शराब बैन है. माफिया इसका फायदा उठाकर बिहार में शराब की तस्करी करना चाहते हैं. हाल के दिनों में पलामू में अवैध शराब के खिलाफ कई कार्रवाई की गई हैं, जिससे बड़ी मात्रा में स्प्रिट जब्त हुई है. 2024 से अब तक पलामू के अलग-अलग इलाकों से 1.70 लाख लीटर स्प्रिट जब्त की गई है. इसके अलावा, बड़ी मात्रा में नकली शराब भी जब्त की गई है. पुलिस और उत्पाद विभाग स्प्रिट के खिलाफ कार्रवाई कर रहे हैं.

जानकारी देते उत्पाद अधीक्षक (Etv Bharat)

डुप्लीकेट शराब में स्प्रिट का इस्तेमाल सबसे अधिक

माफिया स्प्रिट का इस्तेमाल अंग्रेजी और देसी शराब बनाने में कर रहे हैं. मानक से कई गुना ज्यादा स्प्रिट का इस्तेमाल करके नकली देसी शराब बनाई जा रही है. असली स्प्रिट के कुछ अंश मिलाकर अंग्रेजी शराब भी तैयार की जा रही है. पलामू उत्पाद विभाग ने हाल ही में स्प्रिट की एक बड़ी खेप पकड़ी है. खेप पकड़े जाने पर पूरे मामले का खुलासा हुआ. पलामू उत्पाद अधीक्षक सुजीत कुमार ने बताया कि स्प्रिट का इस्तेमाल करके नकली शराब बनाई जा रही है. ये खेप बिहार की सीमा से लगे इलाकों से बरामद की जा रही है. आशंका है कि इसे बिहार से सटे सीमावर्ती इलाकों में सप्लाई किया जा सकता है.

केस स्टडी 01

फरवरी के पहले हफ्ते में पलामू के पिपरा थाना इलाके के भीतिहा में 18,880 लीटर अवैध स्प्रिट जब्त की गई थी. इस स्प्रिट का इस्तेमाल नकली शराब बनाने में किया जाना था. उत्पाद विभाग ने मौके से दो लोगों को गिरफ्तार किया. दोनों लोगों ने बताया कि यह खेप पंजाब से लाकर पलामू में डंप की गई थी.

केस स्टडी 02

मार्च 2025 में, उत्पाद विभाग और पुलिस के एक अभियान के दौरान, पलामू के नौडीह बाजार थाना इलाके के महुअरी गांव से 550 गैलन अवैध स्प्रिट बरामद की गई थी. जब्त स्प्रिट से नकली शराब बनाई जा रही थी. करीब 100 कार्टन अवैध शराब भी जब्त की गई.

70 रुपए लीटर बिकता है स्प्रिट, छत्तीसगढ़, ओडिशा समेत कई राज्यों से हो रही है तस्करी

शराब माफिया ₹70 प्रति लीटर के हिसाब से स्प्रिट खरीद रहे हैं. अवैध स्प्रिट का धंधा कई राज्यों तक फैला हुआ है. स्प्रिट सिर्फ लाइसेंस वाली फैक्ट्री से ही खरीदी जा सकती है, लेकिन माफिया इसे आसानी से हासिल कर रहे हैं. हाल ही में पलामू में जब्त की गई अवैध स्प्रिट के तार छत्तीसगढ़, ओडिशा और पंजाब से जुड़े हैं.

तस्कर स्प्रिट को टैंकरों और दूसरी गाड़ियों में भरकर सुरक्षित जगहों पर गैलन में छिपा देते हैं. पलामू का इलाका बिहार से सटा हुआ है. बिहार से सटे इलाके से सबसे ज्यादा स्प्रिट बरामद हो रही है.

नकली शराब सेहत के लिए बहुत खतरनाक

नकली स्प्रिट से बनी शराब सेहत के लिए बहुत खतरनाक होती है. नकली शराब किडनी और लिवर को नुकसान पहुंचा सकती है, और शरीर के दूसरे हिस्सों को भी नुकसान पहुंचा सकती है. पलामू में तैनात डॉक्टर वीरेंद्र कुमार बताते हैं कि इसे ज्यादा मात्रा में लेना बहुत खतरनाक है और इससे 24 से 48 घंटे के अंदर मौत भी हो सकती है. किडनी और लिवर के अलावा यह शरीर के कई दूसरे अंगों को भी नुकसान पहुंचाता है. लगातार इसका सेवन करने से गंभीर बीमारियां हो सकती हैं.

यह भी पढ़ें:

मौत या शराब माफिया का खेल! बोकारो में संदिग्ध अवस्था में मिला युवक का शव

एक्शन में उत्पाद विभागः नगर निकाय चुनाव को लेकर अवैध शराब पर विशेष निगरानी

पलामू में पकड़ी गई 70 लाख की अवैध शराब, तीन तस्कर गिरफ्तार, झारखंड-बिहार पुलिस की संयुक्त कार्रवाई