ETV Bharat / bharat

बदरीनाथ चढ़ावा चोरी: BKTC कर्मी प्रमोद नौटियाल के खिलाफ मुकदमा दर्ज, विभाग के बाद अब पुलिस जांच भी शुरू

बीकेटीसी अध्यक्ष के निजी सचिव प्रमोद नौटियाल को मंगलवार को निलंबित कर दिया गया था, अब उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज हो गया है

BADRINATH OFFERING THEFT CASE
प्रमोद नौटियाल के खिलाफ मुकदमा दर्ज (Etv Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttarakhand Team

Published : July 8, 2026 at 9:50 AM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

चमोली: बदरीनाथ धाम में चढ़ावे की धनराशि से जुड़ी कथित अनियमितताओं के मामले ने अब कानूनी रूप ले लिया है. बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के अध्यक्ष कार्यालय में तैनात व्यक्तिगत सहायक प्रमोद नौटियाल के खिलाफ बदरीनाथ थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. इससे पहले समिति उन्हें निलंबित कर विभागीय जांच भी शुरू कर चुकी है.

बीकेटीसी कर्मी प्रमोद नौटियाल पर एफआईआर: बीकेटीसी के मंदिर अधिकारी युद्धवीर पुष्पवाण की लिखित तहरीर पर 8 जुलाई 2026 को थाना बदरीनाथ में एफआईआर संख्या 0006 दर्ज की गई. पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) 2023 की धारा 306 और 316(5) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है.

प्रमोद नौटियाल के खिलाफ इसलिए हुई कार्रवाई: तहरीर में कहा गया है कि 2 जुलाई को सोशल मीडिया पर बदरीनाथ मंदिर में चढ़ावे की धनराशि में कथित गड़बड़ी से संबंधित सूचना सामने आने के बाद बीकेटीसी ने मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय समिति गठित की थी. प्रारंभिक जांच में यह उल्लेख किया गया कि संबंधित कार्मिक द्वारा सुबह लगभग 9 बजे से 9:30 बजे के बीच मंदिर की धनराशि कथित रूप से अनधिकृत तरीके से उठाई गई. इसी आधार पर समिति ने आगे की कार्रवाई की.

मंगलवार को प्रमोद नौटियाल को निलंबित किया गया था: प्रारंभिक जांच रिपोर्ट के आधार पर बीकेटीसी ने 7 जुलाई को प्रमोद नौटियाल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया था. समिति का कहना था कि यदि उन्हें पद पर बनाए रखा जाता है, तो निष्पक्ष जांच प्रभावित होने की आशंका बनी रहेगी. इसके बाद समिति ने पूरे मामले की लिखित शिकायत पुलिस को सौंपी.

अब विभागीय जांच के बाद पुलिस जांच शुरू: बीकेटीसी की शिकायत पर अब मामला केवल विभागीय जांच तक सीमित नहीं रहा, बल्कि आपराधिक जांच के दायरे में भी पहुंच गया है. पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर साक्ष्य जुटाने और पूरे घटनाक्रम की विवेचना शुरू कर दी है.

बदरीनाथ धाम कथित चढ़वा चोरी पर कांग्रेस आक्रामक: गौरतलब है कि बदरीनाथ धाम में चढ़ावे के कथित घोटाले के खिलाफ कांग्रेस और अन्य दल आक्रामक हैं. कांग्रेस के बदरीनाथ सीट से विधायक लखपत बुटोला मंगलवार 7 जुलाई को एक घंटे तक बदरीनाथ में मौत व्रत पर बैठे थे. उन्होंने बीकेटीसी के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी को सस्पेंड करने की मांग की थी. वहां कांग्रेस भी इस मामले में सख्त कार्रवाई की मांग कर रही है.

बदरीनाथ चढ़ावा चोरी मामला क्या है? उत्तराखंड के चमोली जिले में स्थित बदरीनाथ धाम में भक्तों द्वारा दिए गए चढ़ावे और दान की धनराशि में हेरफेर या चोरी का कथित आरोप है. इस मामले में बदरी-केदार मंदिर समिति यानी BKTC के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी के निजी सचिव प्रमोद नौटियाल को मंगलवार को निलंबित कर दिया गया. उत्तराखंड सरकार एक उच्च स्तरीय जांच समिति से इस मामले की जांच करा रही है.

हेराफेरी का आरोप किसने लगाया? दरअसल हिंदूवादी संगठन 'भैरव सेना' ने मंदिर समिति के कर्मचारियों पर चढ़ावे की गिनती में पैसों की हेराफेरी का आरोप लगाया था. आरोप लगने के बाद, बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी के निजी सचिव प्रमोद नौटियाल को सस्पेंड कर दिया गया. गहन जांच के लिए गढ़वाल मंडल के कमिश्नर आनंद स्वरूप की अध्यक्षता में 4 सदस्यीय जांच टीम गठित है. दान और चढ़ावे वाले स्थान के CCTV फुटेज भी चेक किए जा रहे हैं.
बदरीनाथ कथित चढ़ावा चोरी से जुड़ी ये खबरें भी पढ़ें: