ETV Bharat / bharat

भक्ति के साथ सेवा की मिसाल बना किन्नर समाज का शिविर, कांवरियों को मिल रही दवा, शरबत और विश्राम की सुविधा

देवघर में श्रावणी मेला के दौरान कांवरिया पथ पर किन्नर समाज की ओर से सेवा शिविर लगाया गया है.

Shravani Mela 2026
ग्राफिक्स इमेज (Etv Bharat)
author img

By ETV Bharat Jharkhand Team

Published : August 15, 2026 at 8:14 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

देवघर: विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला के दौरान देवघर के मेला क्षेत्र और कांवरिया पथ पर श्रद्धालुओं की सेवा के लिए कई सेवा शिविर लगाए गए हैं. जिला प्रशासन के साथ-साथ स्थानीय लोग और विभिन्न सामाजिक संगठन भी कांवरियों की सेवा में जुटे हुए हैं. इन्हीं सेवा शिविरों में एक शिविर ऐसा भी है, जहां भक्ति के साथ सेवा का अनूठा संगम देखने को मिल रहा है.

देवघर के किन्नर समाज की ओर से कांवरिया पथ पर लगाया गया यह सेवा शिविर श्रद्धालुओं के बीच आकर्षण का केंद्र बना हुआ है. शिविर में पहुंचने वाले कांवरियों को पानी, शरबत, दवा और विश्राम जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं. लंबी यात्रा के बाद यहां पहुंचने वाले श्रद्धालु कुछ देर रुककर आराम भी कर रहे हैं.

सेवा की मिसाल बना किन्नर समाज का शिविर (Etv Bharat)

दो साल से पूरे सावन माह चलता है सेवा शिविर

सेवा शिविर के संचालक अजीत प्रकाश बताते हैं कि किन्नर समाज की ओर से पिछले दो वर्षों से पूरे सावन माह यह सेवा शिविर लगाया जा रहा है. इससे पहले यह सेवा शिविर सिर्फ सोमवार के दिन लगाया जाता था, लेकिन श्रद्धालुओं की आस्था और सेवा के प्रति उनके प्रेम को देखते हुए अब पूरे महीने शिविर का संचालन किया जा रहा है.

दान-दक्षिणा से श्रद्धालुओं की सेवा

किन्नर समाज की ओर से की जा रही इस सेवा व्यवस्था को लेकर महामंडलेश्वर राजनंद गिरि उर्फ रोज मौसी ने कहा कि आस्था के साथ सेवा की यह प्रक्रिया लगातार जारी है. शिविर में आने वाले श्रद्धालुओं को जरूरत के अनुसार दवा, पानी, शरबत के साथ-साथ आराम करने की सुविधा भी दी जा रही है.

उन्होंने बताया कि प्रतिदिन सैकड़ों श्रद्धालु शिविर में पहुंचकर कुछ समय विश्राम करते हैं. इस पूरे सेवा शिविर का संचालन किन्नर समाज को मिलने वाली दान-दक्षिणा से किया जाता है. समाज के सम्मान में मिलने वाली दान-दक्षिणा को श्रद्धालुओं की सेवा में लगा दिया जाता है.

Shravani Mela 2026
सेवा की मिसाल बना किन्नर समाज का शिविर (Etv Bharat)

किन्नर समाज की ओर से लगाए गए इस सेवा शिविर की स्थानीय लोगों ने भी सराहना की है. भोजपुरी गायक अरविंद अकेला कल्लू ने कहा कि अर्धनारीश्वर के आश्रम में आने के बाद एक अलग तरह की अनुभूति होती है. उन्होंने कहा कि यहां सेवा करने वाले लोग श्रद्धालुओं की सेवा में पूरी तरह समर्पित नजर आते हैं.

गौरतलब है कि श्रावणी मेला के दौरान सुल्तानगंज से देवघर तक कांवरिया पथ पर कई सेवा शिविर लगाए गए हैं. इन शिविरों में श्रद्धालुओं को अलग-अलग तरह की सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं. इसी कड़ी में किन्नर समाज का यह सेवा शिविर भी आस्था, सेवा और सामाजिक समर्पण की एक अलग मिसाल पेश कर रहा है.

यह भी पढ़ें:

देवघर की नगर आयुक्त सुलोचना मीणा देर रात स्कूटी से मेला क्षेत्र का लिया जायजा, श्रद्धालुओं से संवाद कर समस्याओं से अवगत हुईं

श्रावणी मेला 2026: खाद्य सुरक्षा विभाग का सघन निरीक्षण अभियान जारी, मिलावटी पेड़ा को किया नष्ट

श्रावणी मेला 2026: प्रशासन की व्यवस्था ने जीता विश्वास, बिछड़े भूटानी बुजुर्ग को परिजन से मिलवाया