ETV Bharat / bharat

आई-पैक के कार्यालय पर छापेमारी से जुड़ी याचिकाओं पर सुनवाई 14 जनवरी तक टली

ईडी ने अपनी याचिका में ममता बनर्जी और राज्य सरकार के कुछ अधिकारियों को प्रतिवादी बनाया है.

cal-hc-adjourns-hearing-of-petitions-on-ed-raids-at-i-pac-sites-till-jan-14-due-to-courtroom-chaos
कोलकाता हाई कोर्ट (ANI)
author img

By ETV Bharat Hindi Team

Published : January 9, 2026 at 6:03 PM IST

|

Updated : January 9, 2026 at 8:37 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

कोलकाता: कोलकाता हाई कोर्ट ने राजनीतिक परामर्श फर्म आई-पैक के कार्यालय और उसके निदेशक प्रतीक जैन के आवास पर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की ओर से की गई छापेमारी से जुड़ी याचिकाओं पर सुनवाई शुक्रवार को अदालत कक्ष के भीतर अनियंत्रित भीड़ के कारण स्थगित कर दी.

न्यायमूर्ति शुभ्रा घोष ने अदालत कक्ष में मौजूद उन लोगों से बार-बार बाहर जाने का आग्रह किया, जो इन याचिकाओं से नहीं जुड़े हुए हैं. हालांकि, भीड़ में शामिल लोगों ने उनके आग्रह को अनसुना कर दिया, जिसके बाद याचिकाओं पर सुनवाई 14 जनवरी तक टाल दी गई.

उच्च न्यायालय को बृहस्पतिवार को हुए उस नाटकीय घटनाक्रम के सिलसिले में ईडी और तृणमूल कांग्रेस की ओर से दायर दो याचिकाओं पर सुनवाई करनी थी, जिनके तहत मुख्यमंत्री ममता बनर्जी उन परिसरों पर पहुंची थीं, जहां केंद्रीय एजेंसी ने तलाशी ली थी और जांचकर्ताओं पर पश्चिम बंगाल के आगामी विधानसभा चुनावों से पहले पार्टी से जुड़ा संवेदनशील डेटा जब्त करने की कोशिश करने का आरोप लगाया था.

तृणमूल ने अपनी रिट याचिका में ईडी को तलाशी के दौरान जब्त किए गए डेटा के “दुरुपयोग और प्रसार” से रोकने के लिए न्यायिक हस्तक्षेप का अनुरोध किया है. वहीं, ईडी ने तृणमूल पर जांच में हस्तक्षेप करने का आरोप लगाते हुए बृहस्पतिवार के घटनाक्रम की जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) को सौंपने का आग्रह किया है. ईडी ने अपनी याचिका में ममता और राज्य सरकार के कुछ अधिकारियों को प्रतिवादी बनाया है. वहीं, तृणमूल ने केंद्र सरकार के खिलाफ याचिका दायर की है.

बता दें कि, पश्चिम बंगाल में IPAC ऑफिस पर प्रवर्तन निदेशालय (ED) की रेड के बाद मुख्यमंत्री ममता बनर्जी कोलकाता में विरोध मार्च किया. ममता का यह मार्च ईडी की छापेमारी के खिलाफ है. सीएम ममता टीएमसी के हजारों समर्थकों के साथ विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व किया.

पार्टी के सीनियर नेताओं, मंत्रियों, सांसदों विधायकों और बड़ी संख्या में समर्थकों के साथ, बनर्जी ने 8B बस स्टैंड इलाके से मार्च शुरू किया. इस दौरान BJP की केंद्र सरकार के खिलाफ नारे लगाए गए. उन्होंने 2026 के विधानसभा चुनावों से पहले राजनीतिक बदले के लिए सेंट्रल एजेंसियों का गलत इस्तेमाल करने का आरोप लगाया. हाजरा मोड़ की ओर बढ़ रही यह रैली, गुरुवार को ED के सर्च ऑपरेशन के दौरान जैन के लाउडन स्ट्रीट वाले घर पर बनर्जी के नाटकीय दौरे के बाद हुई है.

ये भी पढे़ं: ईडी रेड पर बंगाल में बवाल! कोलकाता में ममता बनर्जी का विरोध मार्च...दिल्ली में TMC ने खोला मोर्चा

Last Updated : January 9, 2026 at 8:37 PM IST