लालकुआं: बिजनेसमैन दंपति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, घर में मिले शव
नैनीताल जिले से सनसनीखेज खबर सामने आई है. यहां पति-पत्नी की लाश घर में ही अलग-अलग कमरों में मिली है.

By ETV Bharat Uttarakhand Team
Published : December 3, 2025 at 2:35 PM IST
हल्द्वानी: उत्तराखंड के नैनीताल जिले से बड़ी खबर सामने आई है. लालकुआं कोतवाली क्षेत्र में दंपति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. दोनों की लाश अलग-अलग कमरों में मिली है. पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्यया मामला आत्महत्या का लग रहा है. फिलहाल पुलिस तमाम एंगल से मामले की जांच कर रही है.
अलग-अलग कमरों में लटके थे शव: पुलिस ने बताया कि लालकुआं कोतवाली क्षेत्र के हल्दूचौड़ इलाके में व्यापारी दंपत्ति के शव मिले हैं. दोनों की लाश घर के ही अलग-अलग कमरों में पंखे से लटकी हुई थीं. जैसे ही ये सूचना पुलिस को मिली, उनकी टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच पड़ताल जुटी थी.
पुलिस ने दोनों के शवों को नीचे उतारा: पुलिस के मुताबिक आज सुबह सूचना मिली थी कि हल्दूचौड़ निवासी रमेश दुमका और उनकी पत्नी कमला दुमका का शव ग्राउंड फ्लोर के अलग-अलग कमरों में पंखे की कुंडी से लटका हुआ है. मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों के शवों को नीचे उतारकर मामले की जांच शुरू कर दी है.
कर्ज में डूबे हुए थे व्यापारी दंपति: जांच के दौरान पता चला कि दंपति पेशे से व्यापारी थे, जो कर्ज में डूबे हुए थे. इस कारण दोनों पति-पत्नी काफी परेशान चल रहे थे. शायद इसी वजह से दोनों ने आत्महत्या कर ली. बताया जा रहा है कि कल देर रात दोनों ने परिवार संग भोजन भी किया था. खाना खाने के बाद दोनों ही सोने के लिए चले गए. आज सुबह जब दोनों लोग कमरे से बाहर नहीं आए तो बेटा ग्राउंड फ्लोर में बने कमरे में गया और माता-पिता को उठाने के लिए आवाज लगाई. लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई.
बताया जा रहा है कि इसके बाद बेटे ने खिड़की से झांका तो कमरे के अंदर का नजारा देखकर उसके होश उड़ गए. क्योंकि अलग-अलग कमरों में उसके माता-पिता के शव लटके हुए थे. ये नजारा देखकर बेटे की चीख निकल गई. बेटे की आवाज सुनकर घर में मौजूद अन्य लोग भी ग्राउंड फ्लोर पर पहुंचे.
पुलिस मामले की जांच में जुटी: इसके बाद परिजनों ने ही पुलिस को मामले की सूचना दी. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों शवों को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेजा. एसपी सीटी मनोज कत्याल ने बताया कि दंपति के आत्महत्या की सूचना मिली थी. चौकी पुलिस ने शवों को कब्जे में लेते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है. पोस्टमार्टम में मौत के कारणों का पता चल जाएगा, उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
पढ़ें--

