उत्तराखंड में बड़ा हादसा, अल्मोड़ा में यात्रियों से भरी बस खाई में गिरी, 7 की मौत, 12 घायल, सूची जारी
अल्मोड़ा के सल्ट भिकियासैंण इलाके में यात्रियों से भरी बस खाई में गिरी.

By ETV Bharat Uttarakhand Team
Published : December 30, 2025 at 10:10 AM IST
अल्मोड़ा/रामनगर: उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले के सल्ट भिकियासैंण क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. भिकियासैंण-विनायक रोड पर द्वाराहाट से रामनगर की ओर जा रही एक यात्री बस अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी. हादसे की सूचना मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया.
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इस दुर्घटना में 7 यात्रियों के मौत की सूचना है. जबकि कई अन्य यात्रियों के गंभीर रूप से घायल होने की आशंका जताई जा रही है. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस, प्रशासन, एसडीआरएफ और आपदा प्रबंधन की टीमें मौके के लिए रवाना हो गई हैं. दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र होने के कारण राहत एवं बचाव कार्य में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है.
दुर्घटना हुई बस रामनगर के कुमाऊं मोटर ऑनर्स यूनियन (केएमओयू) लिमिटेड संस्था की बस संख्या यूके 07 पीए 4025 है. बस सोमवार को सुबह 11 बजे रामनगर से द्वाराहाट नोबाड़ा के लिए चली थी. जबकि आज मंगलवार सुबह साढ़े छह बजे बस द्वाराहाट नोबाड़ा से रामनगर के लिए रवाना हुई थी. लेकिन डेढ़ घंटे बाद करीब 8 बजे बस सैलापानी बैंड के समीप दुर्घटनाग्रस्त हो गई. जानकारी के तहत चालक-परिचालक ठीक बताए जा रहे हैं.
अल्मोड़ा जिला प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार, मृतकों में 4 पुरुष और 3 महिलाएं शामिल हैं. वहीं लगभग 12 लोग घायल बताए जा रहे हैं. बस में कुल 19 यात्री सवार थे. इसमें कई लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है.

हादसे को लेकर सीएम धामी ने दुख जताया है. सीएम धामी ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि, अल्मोड़ा में भिकियासैंण से रामनगर जा रही बस के भिकियासैंण–विनायक मोटर मार्ग पर दुर्घटनाग्रस्त होने का अत्यंत दुःखद समाचार प्राप्त हुआ है, जिसमें यात्रियों के हताहत होने की सूचना है. हादसे में घायल यात्रियों को जिला प्रशासन द्वारा त्वरित रूप से नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया जा रहा है. गंभीर रूप से घायलों को बेहतर उपचार हेतु उच्च चिकित्सा केंद्रों में रेफर किया गया है. इस पूरे प्रकरण की सतत निगरानी की जा रही है और स्थानीय प्रशासनिक अधिकारियों से निरंतर संपर्क में हूं. ईश्वर से सभी घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं.
जनपद अल्मोड़ा में भिकियासैंण से रामनगर जा रही बस के भिकियासैंण–विनायक मोटर मार्ग पर दुर्घटनाग्रस्त होने का अत्यंत दुःखद समाचार प्राप्त हुआ है, जिसमें यात्रियों के हताहत होने की सूचना है। यह घटना अत्यंत पीड़ादायक और हृदयविदारक है।
— Pushkar Singh Dhami (@pushkardhami) December 30, 2025
ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगतों की आत्मा को…
वहीं पीएम मोदी ने भी हादसे का संज्ञान लेते हुए दुख जताया है. उन्होंने एक्स पर लिखा है कि अल्मोड़ा जिले में बस हादसे में लोगों की मौत बहुत दुखद है, जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति संवेदनाएं.
हादसे में मृतकों की जानकारी
- गोविंद बल्लभ पुत्र कुलमणि मठपाल निवासी जमोली, उम्र 80 वर्ष
- पार्वती देवी पत्नी गोविंद बल्लभ निवासी जमोली, उम्र 75 वर्ष
- रिटायर्ड सूबेदार नंदन सिंह पुत्र भूपाल सिंह अधिकारी निवासी जमोली, उम्र 65 वर्ष
- तारा देवी पत्नी महेश चंद्र निवासी बाली पटवारी क्षेत्र, उम्र 50 वर्ष
- गणेश पुत्र भीमबहादुर, उम्र 25 वर्ष
- उमेश पुत्र नामालुम, उम्र 25 वर्ष
- शेष एक मृतक की शिनाख्त की जा रही है.
हादसे में घायलों की जानकारी
- नंदा बल्लभ पुत्र सदानंद निवासी नौबाड़ा, उम्र 50 वर्ष
- राकेश कुमार पुत्र महावीर प्रसाद निवासी जीआईसी द्वाराहाट, उम्र 55 वर्ष
- नंदा देवी पत्नी देवेंद्र सिंह निवासी नौबाड़ा, उम्र 40 वर्ष
- हंसी सती पत्नी रमेश चंद्र निवासी सिंगोली, उम्र 36 वर्ष
- मोहित सती निवासी नौघर, उम्र 16 वर्ष
- बुद्धिबल्लभ भगत निवासी अमोली, उम्र 58 वर्ष
- हरीश चंद्र निवासी पाली, उम्र 62 वर्ष
- भूपेंद्र सिंह अधिकारी निवासी जमोली, उम्र 64 वर्ष
- जितेंद्र रेखाड़ी निवासी विनायक, उम्र 37 वर्ष
- नवीन चंद्र पुत्र दुर्गापाल तिवारी, उम्र 55 वर्ष (बस चालक)
- हिमांशु पालीवाल पुत्र महेंद्र चंद्र पालीवाल, उम्र 17 वर्ष
- प्रकाश चंद्र पुत्र रामदत्त निवासी चचरौटी स्यालदे, उम्र 43 वर्ष
सभी घायलों का उपचार भिकियासैंण अस्पताल में चल रहा है. हालांकि, अब गंभीर रूप से दो घायलों को एयरलिफ्ट कर एम्स ऋषिकेश भेजा गया है.
The loss of lives due to a bus mishap in the Almora district of Uttarakhand is extremely saddening. Condolences to those who have lost their loved ones. May the injured recover at the earliest: PM @narendramodi
— PMO India (@PMOIndia) December 30, 2025
14 महीने में सल्ट तहसील क्षेत्र में दूसरा हादसा: अल्मोड़ा जिले के सल्ट क्षेत्र में 14 महीने के भीतर ये दूसरा बस हादसा है. 4 नवंबर 2024 को सल्ट तहसील के मारचूला स्थित कूपी गांव के पास एक बस दुर्घटनाग्रस्त हुई थी. इस भीषण बस हादसे में 36 लोगों की दर्दनाक मौत हुई थी. उस घटना में शिकार हुई बस गढ़वाल मोटर ऑनर्स यूनियन लिमिटेड की थी. जिसमें हादसे के समय 50 यात्री सवार थे.
ये भी पढ़ें: उत्तराखंड में भीषण सड़क हादसा, अल्मोड़ा के सल्ट में गहरी खाई में गिरी यात्री बस, 36 लोगों की मौत

