कुरुक्षेत्र पशु मेले में पहुंचा 21 करोड़ का 'कुबेर', हर महीने 20 लाख करवाता है कमाई
कुरुक्षेत्र पशु मेले में पहुंचा 21 करोड़ का झोटा आकर्षण का केंद्र बना हुआ है.

Published : February 8, 2026 at 8:44 PM IST
कुरुक्षेत्रः पशु मेले में हरियाणा के अलग-अलग जिलों से हजारों की संख्या में पशु पहुंचे हैं लेकिन फतेहाबाद जिले के नगोढी गांव का झोटा मेले में हर किसी के लिए आकर्षण का केंद्र बना रहा. इसके पीछे मुख्य कारण उसकी कीमत है. उसकी कीमत की बात करें तो लाखों में नहीं करोड़ों में है. झोटे की कीमत सुनकर हर किसी के होश उड़ जाते हैं क्योंकि वो 20 लग्जरी गाड़ियों से भी महंगा है.
इटली के व्यापारी ने लगाई थी 21 करोड़ की बोलीः कुबेर के मालिक विकास ने बताया कि "दुनिया के सबसे बड़े पुष्कर राजस्थान के मेले में 3 महीने पहले ही इसने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर दुनिया का सबसे अच्छे और महंगे झोटे का खिताब अपने नाम किया है. जिसके बाद इसकी कीमत 21 करोड़ रुपए लगाई गई है. जो भी उसको देखता है, वो उसका दीवाना हो जाता है. उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर के पशु मेले में नंबर वन का खिताब भी झोटा अपने नाम कर चुका है. इटली के मिडयेटर के साथ आंध्र प्रदेश की पार्टी आई थी, जिन्होंने झोटा खरीदने के लिए 21 करोड़ रुपए की कीमत लगाई थी. हालांकि इससे पहले भी कुबेर की 11 करोड़ पर कीमत लग चुकी है लेकिन वो उसको बेचना नहीं चाहते."
₹500 के हिसाब से बिकता है सीमनः उन्होंने बताया कि वे कुबेर की देखभाल अपने बच्चों की तरह करते हैं. जब त्योहार पर घर में फल, फ्रूट और ड्राई फ्रूट आते हैं. तो खासतौर पर कुबेर के लिए भी ये लेकर आए जाते हैं. उन्होंने कहा कि वह उसके सीमन को ₹500 के हिसाब से बेच रहे हैं और कुबेर उसको एक महीने में करीब 20 लाख रुपए की कमाई करके दे रहा है. उन्होंने कहा कि कुबेर ने उनका नाम पूरी दुनिया में रोशन किया है. उनके पास इटली, अमेरिका और इंग्लैंड जैसे देशों से भी कुबेर के लिए फोन हाथ आते हैं. लेकिन वे उसको अपने बच्चों की तरह रख रहे हैं और बेचना नहीं चाहते हैं.

कुबेर के पिता और दादा रह चुके हैं विश्व चैंपियनः उन्होंने कहा कि ये मुर्रा नस्ल का झोटा है, जिसकी उम्र करीब 4 साल है और उसकी ऊंचाई 5 फुट से भी अधिक है. कुबेर का पिता अर्जुन और दादा खली है जो विश्व चैंपियन रह चुके हैं. जबकि उसकी मां ने भी 23 लीटर दूध देकर अपने समय में रिकॉर्ड बनाया था. उन्होंने कहा कि वह उसको खाने में विशेष फीड देते हैं और चना देते हैं. हर रोज उसको 7 लीटर दूध पिलाया जाता है जिसमें 250 ग्राम घी मिलाया जाता है ताकि वह स्वस्थ रहे और उसकी त्वचा मुलायम रहे. सर्दियों के सीजन में उसको गाजर का जूस पीने के लिए दिया जाता है और खाने के लिए भी गाजर दी जाती है और हर दिन उसकी करीब 5 किलोमीटर सैर कराई जाती है जबकि 2 घंटे तक मालिश की जाती है.

कुबेर की लंबाई 8 फीट, ऊंचाई 5 फीटः कुबेर के मालिक विकास ने बताया कि कुबेर सुंदरता में दूसरे झोटे से काफी अच्छा है. उसकी लंबाई 8 फीट है और ऊंचाई साढे 5 फिट है. इसके सीमन से 3000 से ज्यादा बच्चे पैदा हो चुके हैं और आने वाले समय में हजारों और पशुपालक इससे अच्छी नस्ल के पशु लेंगे.







