भारत-पाक सीमा पर बड़ी कार्रवाई, हथियार और कारतूस से भरे ड्रोन को BSF ने मार गिराया
राजस्थान के खाजूवाला थाना क्षेत्र के अंतरराष्ट्रीय भारत-पाक सीमा पर हथियार की तस्करी का मामला सामने आया है.

Published : February 26, 2026 at 8:53 PM IST
बीकानेर: अंतरराष्ट्रीय भारत-पाक सीमा पर पड़ोसी मुल्क पाकिस्तान की ओर से एक बार फिर नापाक कोशिश की गई है, लेकिन बॉर्डर पर तैनात सीमा सुरक्षा बल के जवानों की मुस्तैदी और पुलिस के अलर्ट के चलते सीमा पार से नापाक कोशिश नाकाम हो गई. गुरुवार को बीकानेर के खाजूवाला थाना क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय भारत-पाक सीमा के पास एक चीनी ड्रोन में पांच पिस्तौल और 325 कारतूस का पैकेट बरामद किया गया है. इस ड्रोन को बीएसएफ ने मार गिराया और ड्रोन के गिरने के बाद उसकी तलाशी में यह मामला सामने आया. खाजूवाला सीओ अमरजीत चावला और प्रशिक्षु आरपीएस रोहित और बीएसएफ ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया.
सरहद पार से भेजे जा रहे हथियार : पिछले कुछ समय से सीमा क्षेत्र में पाकिस्तान की ओर से मादक पदार्थों की, खास तौर से हेरोइन की तस्करी ड्रोन के जरिए करने के मामले सामने आए थे, लेकिन यह पहली बार सामने आया है कि बीकानेर जिले से लगती सीमा पर ड्रोन के जरिए हथियारों की भी तस्करी की कोशिश हुई हो.
पढे़ं : थाईलैंड से तस्करी कर लाया गया 80 लाख का हाइड्रोपॉनिक गांजा जब्त, तीन आरोपी गिरफ्तार
लगातार नापाक कोशिश नाकाम : ऐसा पहली बार नहीं है कि पाकिस्तान की ओर से नापाक कोशिश को भारतीय सीमा पर बीएसएफ और पुलिस ने मिलकर नाकाम किया हो. इससे पहले भी मादक पदार्थ की तस्करी के कई मामलों में पाकिस्तान को मुंह की खानी पड़ी. उधर इस मामले को लेकर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण बीएल मीणा ने जानकारी देते हुए बताया कि कारतूस और हथियार जब्त किए गए हैं. अब आगे पता लगाने का प्रयास कर रहे हैं कि यह सीमा पर किसको डिलीवरी होना था. हालांकि, अभी तक किसी व्यक्ति के बारे में कोई जानकारी नहीं मिली है.
पिछले महीनों में हुई बड़ी कार्रवाई :
- 27 अगस्त 2025 : बीएसएफ पुलिस के संयुक्त सर्च अभियान के दौरान रावला थाना क्षेत्र में दो तस्कर एवं 13 करोड़ की हेरोइन जब्त.
- 26 अगस्त 2025 : बीएसएफ खाजूवाला पुलिस के साथ संयुक्त चेकिंग के दौरान 1800 नशीले कैप्सूल और एक मोटरसाइकिल जब्त.
- 8 जनवरी 2026 : बीएसएफ खाजूवाला पुलिस के साथ संयुक्त चैंकिंग के दौरान ढाई करोड़ की ड्रोन के जरिए फेंकी गई हेरोइन जब्त.
- 12 अगस्त 2025 : बीएसएफ खाजूवाला पुलिस के साथ संयुक्त सर्च अभियान के दौरान 1.665 किलोग्राम हेरोइन जब्त.
- 26 जनवरी 2026 : श्रीगंगानगर पुलिस ने पाकिस्तान से हेरोइन तस्करी का किया भंडाफोड़. 5 करोड़ कीमत की एक किलो हेरोइन पकड़ी. नाकाबंदी में पुलिस ने पंजाब से लग्जरी गाड़ी में लाई हेरोइन पकड़ी.

