'मैंने छोटे भाई को मार डाला', हत्या के बाद थाने पहुंचा बड़ा भाई, राजस्थान से आकर पलवल में कर रहा था काम
पलवल मुख्य मार्केट में भाई ने ही सगे भाई की हत्या कर दी. आरोपी ने खुद ही थाने जाकर पुलिस को इसकी सूचना दी.

Published : May 6, 2026 at 2:40 PM IST
पलवल: बुधवार को पलवल से रिश्तों को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई. पलवल मुख्य मार्केट में भाई ने ही सगे भाई की हत्या कर दी. हैरानी की बात ये है कि आरोपी ने खुद ही थाने जाकर पुलिस को इसकी सूचना दी. सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भिजवाया. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उससे पूछताछ शुरू कर दी है.
पहले की छोटे भाई की हत्या, फिर खुद पुलिस को बताया: मकान मालिक सुरेश चंद ने बताया कि घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मार्केट में काफी देर तक घूमता रहा. उसने आस-पड़ोस को भी इस बात की जानकारी दी कि मैंने अपने भाई की हत्या कर दी. इसके बाद वो खुद पुलिस थाना गया और पुलिस को इसकी सूचना दी.
राजस्थान के रहने वाले हैं दोनों भाई: पलवल शहर थाना प्रभारी प्रकाशचंद ने बताया कि "विक्रम और सुरेश दोनों सगे भाई हैं. दोनों मूल रूप से राजस्थान के रहने वाले हैं. बीते एक साल से दोनों पवलव की मुख्य मार्केट में किराए पर कमरा लेकर रह रहे थे. दोनों पलवल में ही सुनार का काम करते थे. बुधवार सुबह किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई. बात इतनी बढ़ गई कि बड़े भाई सुरेश ने चाकू और पेचकस से छोटे भाई विक्रम (19 साल) की हत्या कर दी."
आरोपी गिरफ्तार, पूछाताछ जारी: थाना प्रभारी प्रकाशचंद ने बताया कि "अभी इस बात का खुलासा नहीं हुआ है कि आरोपी ने इतनी बड़ी वारदात को किस वजह से अंजाम दिया. फिलहाल आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. उससे पूछताछ जारी है."

