भालू के हमले में कांकेर में भाई-बहन की मौत, तीसरे की हालत गंभीर, इलाके में दहशत का माहौल
वन विभाग की टीम ने जब खतरनाक भालू को ट्रैंक्यूलाइज किया तो ग्रामीणों ने उसपर लाठी-डंडों से हमला कर दिया. सुशील सलाम की रिपोर्ट.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : August 5, 2026 at 7:00 PM IST
कांकेर: नरहरपुर वन परिक्षेत्र के लारगांव मरकाटोला में मादा भालू ने 2 लोगों को मौत के घाट उतार दिया. मादा भालू के हमले में 1 ग्रामीण की हालत गंभीर है. ग्रामीणों का कहना है कि भालू काफी देर तक दोनों शवों के पास बैठकर उनको नोचता-खसोटता रहा. गांव वालों ने बताया कि मंगलवार को भालू के बच्चे की मौत हो गई थी. बच्चे की मौत के बाद से मादा भालू लगातार इलाके में बच्चे के शव के पास बैठी रही. जिस जगह पर मादा भालू अपने बच्चे के शव के साथ बैठी थी वो स्कूल से सटा हुआ इलाका है.
भालू के हमले में 2 ग्रामीणों की मौत, 1 की हालत गंभीर
गांव वालों ने बताया कि आज सुबह एक ग्रामीण अपने बैल को चराने के लिए खेतों में गया तभी मादा भालू ने उसपर हमला बोल दिया. भाई को भालू से भिड़ते देख बहन भी मौके पर पहुंची लेकिन भालू ने उसपर भी हमला कर उसकी जान ले ली. दो लोगों की मौत के बाद से इलाके में दहशत का माहौल बन गया. घटना की सूचना मिलते ही मौके पर स्थानीय विधायक गांव वालों के साथ पहुंचे. आनन-फानन में घटना की सूचना वन विभाग और पुलिस की टीम को दी गई. पुलिस और वन विभाग की टीम ने काफी कोशिश की कि भालू के चंगुल से दोनों शवों को बाहर निकाला जा सके. लेकिन भालू लगातार शवों के पास बैठा रहा और शवों को नोचता रहा.
सुबह 11 बजे के करीब की घटना है. गांव वालों ने मुझे फोन के माध्यम से घटना के बारे में बताया. मैं तत्काल मौके पर पहुंचा. वहां देखा तो भालू मौके पर डटा था, वो वहां से हट नहीं रहा था. जिन दो लोगों की मौत हुई है वो दोनों भाई-बहन थे. एक महिला को कोमलदेव अस्पताल में भिजवाया गया लेकिन उनकी हालत गंभीर बनी हुई थी. हमने महिला को गंभीर हालत में रायपुर रेफर कराया है. भालू लाश के सामने बैठा हुआ है. हमने पुलिस और 108 को भी घटना की जानकारी दी. भालू को काबू में करने की कोशिश की जा रही है. मृतक के परिवार वालों को हर संभव मदद दी जाएगी: आशाराम नेताम, विधायक

कल मादा भालू का एक बच्चा खतम हो गया था. बाद में भालू के बच्चे को वन विभाग के लोग लेकर गए थे. पीड़ित किसान और उसकी बहन खेत में काम कर रहे थे. तभी भालू ने उनपर हमला कर दिया. मौके पर ही दोनों की मौत हो गई है. तीसरे की हालत काफी गंभीर है. वन विभाग के पास सारे हथियार हैं लेकिन वो भालू को मार नहीं रहे हैं. कल और कोई खतम हो जाएगा तो हम क्या करेंगे: अन्नपूर्णा ठाकुर, पूर्व सरपंच
मादा भालू स्कूल के पीछे अपने मृत बच्चे के साथ थी. मादा भालू धीरे-धीरे बच्चे को खीचकर झाड़ियों में ले गई. हम लोगों ने उसे ऐसा करते हुए देखा. बच्चे की मौत से मादा भालू काफी आक्रोशित थी. स्कूल की दीवार नहीं होने से यहां लगातार खतरा बना रहता है. बीते दिनों यहां पर तेंदुआ भी देखा गया है: रंजना, शिक्षिक
ट्रैक्यूलाइज भालू पर ग्रामीणों ने किया हमला
वन विभाग की टीम ने बड़ी मुश्किल से मादा भालू को ट्रैंक्यूलाइज किया. जैसे ही भालू बेहोश हुआ और वन विभाग की टीम उसे लेकर जाने लगी, तभी गांव वालों ने बेहोश भालू पर लाठी-डंडों से हमला बोल दिया. वन विभाग और पुलिस की टीम ने भी ग्रामीणों को रोकने का प्रयास किया लेकिन आक्रोशित ग्रामीण भालू पर हमला करने को अमादा दिखाई दिए. कड़ी मशक्कत के बाद बेहोश भालू और मृतकों के शवों को मौके से निकाला गया.
पीड़ित परिवार को मिली आर्थिक मदद
पीड़ित परिवारवालों को तत्काल आर्थिक सहायता प्रदान की गई है. वन विभाग और स्थानीय विधायक ने कहा है कि जल्द ही कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद बाकी की राहत राशि भी परिवार को दे दी जाएगी.
कटहल खाने के चक्कर में कुएं में गिरा भालू, मौके पर पहुंची कटघोरा वनमंडल की टीम
एमसीबी में भालू का जानलेवा हमला, मवेशी चराने गया ग्रामीण जख्मी, आईसीयू में भर्ती, हालत गंभीर
मनेंद्रगढ़ के रहवासी इलाके में जंगली भालू, घर लौट रहे युवक पर जानलेवा हमला

