ETV Bharat / bharat

बिहार के 4 सिविल कोर्ट को RDX से उड़ाने की धमकी, ईमेल से मचा हड़कंप

एक साथ बिहार के 4 सिविल कोर्ट, पटना, गया, अररिया और किशनगंज को बम से उड़ाने की धमकी मिली है. पढ़ें

patna civil court threat rdx blast
पटना सिविल कोर्ट (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Bihar Team

Published : January 8, 2026 at 1:03 PM IST

5 Min Read
Choose ETV Bharat

पटना: बिहार के 4 सिविल कोर्ट को एक साथ बम से उड़ाने की धमकी मिली है. सबसे पहले पटना सिविल कोर्ट को ईमेल के माध्यम से दी गई है. जिसके बाद पूरे कोर्ट परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. ईमेल भेजकर दावा किया गया है कि कोर्ट कैंपस में तीन आरडीएक्स आईईडी लगाए गए हैं. ऐसी ही धमकी गया सिविल कोर्ट और किशनगंज सिविल कोर्ट को भी मिली है.

पटना सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी : जानकारी मिलते ही पटना सिविल कोर्ट परिसर की सुरक्षा कड़ी कर दी गई. कोर्ट परिसर में मौजूद अधिवक्ताओं, वादकारियों और कर्मचारियों में दहशत फैल गई. एहतियातन कई हिस्सों को खाली कराया गया और आम लोगों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई. मौके पर पीरबहोर थाना की पुलिस पहुंच चुकी है और जांच में जुट गई है.

civil court threat rdx blast
जांच करती पुलिस (ETV Bharat)

ईमेल से मचा हड़कंप, परिसर खाली कराया गया : पटना पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर डॉग स्क्वायड, बम स्क्वायड और स्थानीय थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और पूरे परिसर की गहन तलाशी शुरू कर दी गई. हर कोने की बारीकी से जांच की जा रही है, ताकि किसी भी तरह की संदिग्ध वस्तु को समय रहते निष्क्रिय किया जा सके. पुलिस ईमेल की तकनीकी जांच भी कर रही है, जिससे यह पता लगाया जा सके कि धमकी भेजने वाला कौन है और उसका मकसद क्या है.

patna civil court threat rdx blast
पटना सिविल कोर्ट (ETV Bharat)

''सिविल कोर्ट को ईमेल के माध्यम से बम से उड़ाने की धमकी मिली है. सुरक्षा को लेकर किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरती जा रही है. डॉग स्क्वायड और बम निरोधक दस्ते द्वारा लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है और हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है.'' - दीक्षा, पटना सेंट्रल एसपी

पटना सिविल कोर्ट को धमकी, क्या बोले अधिवक्ता? : पटना सिविल कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता ऋषिकेश नारायण सिन्हा ने इस घटना पर चिंता जताते हुए कहा कि ''बार-बार सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकियां मिल रही हैं, लेकिन अब तक ठोस नतीजे सामने नहीं आए हैं. इस तरह की धमकियों के पीछे जो भी लोग हैं, उन्हें जल्द से जल्द चिन्हित कर कड़ी कार्रवाई की जाए ताकि कोर्ट परिसर में काम करने वाले अधिवक्ताओं और आम लोगों में सुरक्षा का भरोसा कायम रह सके''

गया सिविल कोर्ट को भी धमकी : इस बीच, बिहार के गया सिविल कोर्ट और किशनगंज सिविल कोर्ट को भी ईमेल के जरिए उड़ाने की धमकी मिली. धमकी के बाद अफरातफरी का माहौल कायम हो गया. तुरंत पूरे कोर्ट परिसर में तलाशी का अभियान शुरू कर दिया गया. डॉग स्क्वायड की टीम छानबीन में जुट गई है. बम निरोधक दस्ते को भी बुलाया गया है.

gaya civil court
गया सिविल कोर्ट (ETV Bharat)

''जिला जज को एक मेल आया. यह धमकी वाला मेल था. अरुण कुमार नाम के किसी व्यक्ति ने इस तरह का मेल भेजा है. मेल में कहा गया है, कि कोर्ट परिसर को आरडीएक्स का विस्फोट कर उड़ा दिया जाएगा. 2:30 बजे का टाइम विस्फोट करने का दिया गया है. इस तरह की धमकी मिलने के बाद पूरे कोर्ट परिसर की छानबीन हो रही है. तलाशी का अभियान जारी है. वहीं, एहतियात के तौर पर सिविल कोर्ट पहुंचे लोगों को बाहर किया गया है और कोर्ट परिसर के चारों ओर तलाशी चल रही है.'' - मुकेश कुमार, अधिवक्ता

civil court blast
सिविल कोर्ट को RDX से उड़ाने की धमकी (ETV Bharat)

किशनगंज सिविल कोर्ट को धमकी : किशनगंज सिविल कोर्ट को भी ईमेल के माध्यम से आई है. धमकी मिलने के बाद सिविल कोर्ट की सुरक्षा बढ़ा दी गई. एसडीपीओ गौतम कुमार सहित अन्य वरीय पुलिस पदाधिकारी सिविल कोर्ट पहुंचे है और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा ले रहे हैं.

civil court threat rdx blast
कोर्ट परिसर में पुलिस की तैनाती (ETV Bharat)

अररिया व्यवहार न्यायालय को धमकी : वहीं अररिया सिविल कोर्ट को भी बम से उड़ाने की धमकी मिली है. डिस्ट्रिक्ट जज के ईमेल आईडी पर भेजी गई धमकी के बाद कोर्ट परिसर की सुरक्षा बढ़ा दी गई. ईमेल में लिखा गया है कि ''बम को कोर्ट बिल्डिंग में रखा गया है. लंच के समय रिमोट कंट्रोल से ब्लास्ट किया जाएगा.''

civil court threat rdx blast
सिविल कोर्ट परिसर खाली कराया गया (ETV Bharat)

पहले भी मिल चुकी है धमकी: पटना सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी का यह कोई पहला मामला नहीं है. इससे पहले भी कई बार इस तरह की धमकियां मिल चुकी हैं. पिछले साल अक्टूबर महीने में भी सिविल कोर्ट को उड़ाने की धमकी दी गई थी, जिसके बाद पुलिस ने व्यापक स्तर पर जांच की थी. हालांकि उस दौरान भी कोई विस्फोटक सामग्री बरामद नहीं हुई थी और धमकी को अफवाह करार दिया गया था.

ये भी पढ़ें : पटना सिविल कोर्ट को उड़ाने की धमकी और चेन्नई कनेक्शन, जानें पूरा मामला

ये भी पढ़ें : पटना सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, ईमेल भेज लिखा- जज की बिल्डिंग में RDX रखा है

ये भी पढ़ें : पटना सिविल कोर्ट कैंपस में बड़ा हादसा, ट्रांसफार्मर ब्लास्ट, 1 वकील की जिंदा जलकर मौत, कई झुलसे