ETV Bharat / bharat

ढाई महीने बाद जेल से रिहा हुए फिल्म निर्देशक विक्रम भट्ट, बोले- सत्य कभी पराजित नहीं होता

बॉलीवुड निर्देशक विक्रम भट्ट धोखाधड़ी मामले में ढाई महीने की कैद के बाद उदयपुर सेंट्रल जेल से रिहा हो गए.

जेल से रिहा हुए फिल्म निर्देशक विक्रम भट्ट
जेल से रिहा हुए फिल्म निर्देशक विक्रम भट्ट (ETV Bharat Udaipur)
author img

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : February 20, 2026 at 4:58 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

उदयपुर: बॉलीवुड के चर्चित फिल्म निर्देशक विक्रम भट्ट करीब ढाई महीने की कैद के बाद आज उदयपुर सेंट्रल जेल से रिहा हो गए. जेल से बाहर निकलते ही उन्होंने सबसे पहले परिसर में स्थित भगवान शिव के मंदिर में दर्शन किए और आशीर्वाद लिया. इसके बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने अपने अनुभव साझा किए और देश की न्याय व्यवस्था पर पूरा भरोसा जताया.

भट्ट ने बताया कि उन्होंने उदयपुर की जेल में लगभग ढाई महीने बिताए, जहां उन्हें पूरा विश्वास था कि सच्चाई सामने आएगी. उन्होंने कहा, "जेल में मेरी मुलाकात एक ऐसे व्यक्ति से हुई, जिसने मुझे मेवाड़ की संस्कृति और यहां की मिट्टी की खासियत के बारे में बताया. मेवाड़ की पहचान ही यह है कि यहां सत्य परेशान जरूर हो सकता है, लेकिन कभी हारता नहीं." प्रतीकात्मक रूप से मेवाड़ का टीका लगाकर उन्होंने यह संदेश दिया कि सच की जीत निश्चित है.

सुनिए क्या बोले विक्रम भट्ट (ETV Bharat Udaipur)

इसे भी पढ़ें- सुप्रीम कोर्ट ने धोखाधड़ी के मामले में फिल्म निर्माता विक्रम भट्ट को जमानत दी

सुप्रीम कोर्ट से मिली जमानत: यह मामला फिल्म निर्माण के नाम पर लगभग 30 करोड़ रुपए की कथित धोखाधड़ी से जुड़ा है. विक्रम भट्ट को 7 दिसंबर 2025 को मुंबई से गिरफ्तार किया गया था. बाद में 19 फरवरी 2026 को सुप्रीम कोर्ट ऑफ इंडिया से उन्हें और उनकी पत्नी श्वेतांबरी भट्ट को नियमित जमानत मिल गई. इससे पहले उनकी पत्नी को 13 फरवरी को अंतरिम जमानत पर रिहाई मिल चुकी थी. रिहाई के बाद भट्ट ने अपनी आस्था का जिक्र करते हुए कहा कि वह भगवान श्रीकृष्ण के भक्त हैं.

उन्होंने खुद को पहले से बेहतर और मजबूत इंसान बताते हुए कहा, "अब मैं एक नए संघर्ष के लिए तैयार हूं और मुझे देश की न्याय व्यवस्था पर पूरा भरोसा है." उदयपुर पुलिस की एक टीम ने उन्हें मुंबई के जुहू स्थित फ्लैट से गिरफ्तार किया था. पुलिस पहले से पूरी जानकारी के साथ पहुंची थी, जहां शुरू में सुरक्षा गार्डों ने उन्हें रोकने की कोशिश की, लेकिन अंततः दोनों को हिरासत में ले लिया गया.

इसे भी पढ़ें- 30 करोड़ की ठगी: विक्रम भट्ट और उनकी पत्नी श्वेतांबरी भट्ट को उदयपुर लेकर पहुंची पुलिस, आज कोर्ट में पेशी