यूथ कांग्रेस के 'शर्टलेस' प्रोटेस्ट के खिलाफ देशभर में विरोध प्रदर्शन जारी रखेगी भाजपा, राहुल से मांफी की मांग की
भाजपा ने अपनाया आक्रामक रूख. शर्टलेस प्रोटेस्ट पर कांग्रेस को करेगी 'एक्सपोज'.

Published : February 23, 2026 at 8:37 PM IST
अनामिका रत्ना
नई दिल्ली : इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट में युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए 'शर्टलेस' (बिना शर्ट) विरोध प्रदर्शन को लेकर भाजपा हमलावर है. पार्टी ने पूरे देश में कांग्रेस को 'एक्सपोज' करने की रणनीति अपनाई है. पार्टी का आरोप है कि कांग्रेस पार्टी का यह प्रदर्शन देश की छवि को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खराब करने की साजिश थी. भाजपा ने इसे 'राष्ट्र-विरोधी' और 'अनैतिक' करार दिया है.
पीएम मोदी ने एक दिन पहले रविवार को मेरठ में आयोजित एक सभा में कांग्रेस को जमकर लताड़ लगाई थी. पीएम मोदी ने कहा था, "कांग्रेस ने एक वैश्विक आयोजन को अपनी 'गंदी और नंगी राजनीति' का मंच बना दिया. इसके बाद से भाजपा ने कांग्रेस पार्टी पर अपने हमले तीखे कर दिए हैं. पार्टी ने आने वाले चुनाव में भी इस मुद्दे को उठाने का फैसला किया है.
पीएम की टिप्पणी के बाद भाजपा ने विभिन्न राज्यों में भाजपा युवा मोर्चा, महिला मोर्चा और अन्य इकाइयों के माध्यम से विरोध प्रदर्शन किया. जम्मू में भाजपा महिला मोर्चा ने राहुल गांधी का पुतला जलाया, जबकि पटना में भी पुतला दहन हुआ. कई शहरों में कांग्रेस कार्यालयों के बाहर घेराव और नारेबाजी की गई.
भाजपा प्रवक्ताओं ने कहा कि कांग्रेस अब खुद के सहयोगियों और नेताओं से भी आलोचना झेल रही है, जैसे अखिलेश यादव ने इसे शर्मनाक बताया है. पार्टी का दावा है कि यह प्रदर्शन विकास-विरोधी मानसिकता को दर्शाता है, जबकि सरकार डिजिटल इंडिया और एआई जैसे क्षेत्रों में आगे बढ़ रही है. कांग्रेस की वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री मार्गरेट अल्वा ने भी यूथ कांग्रेस के प्रदर्शन को गलत बताया है. उन्होंने कहा कि एक अंतरराष्ट्रीय आयोजन में "गरिमा, अनुशासन और जिम्मेदारी की भावना" होनी चाहिए.
भाजपा सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने कहा, ''मित्रों, आप सभी ने देखा कि वैश्विक एआई शिखर सम्मेलन में, जहां भारत की बुद्धिमत्ता, तकनीकी क्षमता और हमारे युवाओं की उत्कृष्टता को उच्चतम स्तर पर प्रदर्शित किया गया, वहीं कांग्रेस की संकीर्णता और अभद्रता का भी बेहद दुर्भावनापूर्ण प्रदर्शन हुआ.''
त्रिवेदी ने सवाल किया, "हर कोई देश को नीचा दिखाने वाली राहुल गांधी की शर्मनाक मानसिकता की कड़ी निंदा कर रहा है। क्या राहुल एआई इम्पैक्ट समिट 2026 में किये गए भारत विरोधी प्रदर्शन को लेकर माफी मांगेंगे?"
भाजपा नेता तुहिन सिन्हा ने इसे 'शर्मनाकता की हद' बताया और कहा कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भी अब इसका विरोध कर रहे हैं. पार्टी सूत्रों के अनुसार, आने वाले दिनों में प्रेस कॉन्फ्रेंस, सोशल मीडिया कैंपेन और रैलियों के जरिए कांग्रेस की इस 'नकारात्मक राजनीति' को लगातार उजागर किया जाएगा.
यह पूरा विवाद राजनीतिक गलियारों में गरमा गया है. जहां भाजपा कांग्रेस को 'देश की छवि बिगाड़ने वाली' पार्टी साबित करने में जुटी है, वहीं कांग्रेस इसे शांतिपूर्ण विरोध बताती है. भाजपा अब इसे राष्ट्रविरोधी बताते हुए अलग-अलग राज्यों में प्रेस कॉन्फ्रेंस करने जा रही है. साथ ही पार्टी इस मुद्दे पर राहुल से भी लगातार इस्तीफे की मांग कर रही है.
इस समिट के बाद जिस तरह से दोनों हीं पार्टियों ने एक-दूसरे पर ट्विटर प्रहार और सोशल मीडिया पर बैनर पोस्टर के बहाने हमला बोला है, उसे देखकर ऐसा लगता है कि ये मामला अभी और तूल पकड़ सकता है खासतौर पर पीएम के आरोप के बाद.
ये भी पढ़ें : कांग्रेस के 'शर्टलेस प्रोटेस्ट' पर सियासी घमासान तेज, पीएम मोदी ने कांग्रेस पर बोला हमला

