नितिन नबीन के वो 'टेनी चाचा', जिनके कंधे पर बैठकर बड़े हुए BJP के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष
2025 में एक नाम ने खूब सुर्खियां बटोरी, वो नाम था नितिन नबीन. बचपन से लेकर अबतक कैसे रहे BJP के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष, जानें

Published : January 1, 2026 at 2:03 PM IST
पटना : बीजेपी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन के बारे में बहुत कुछ पढ़ा और लिखा गया है. ईटीवी भारत उनके पारिवारिक सदस्य में से एक सदस्य के साथ आपको मिलवाना चाहता है. यह सदस्य उनका सगा तो नहीं लेकिन सगे से भी ज्यादा है. इस परिवारिक सदस्य का नाम है महेंद्र प्रसाद. लोग इन्हें टेनी चाचा के नाम से जानते हैं. भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन भी उन्हें पिता तुल्य मानते हैं और उनका बहुत सम्मान करते हैं.
घर के केयर-टेकर थे टेनी चाचा : महेंद्र प्रसाद भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन को बचपन से जानते हैं. महेंद्र प्रसाद बचपन से उन्हें सिर्फ जानते ही नहीं है, बल्कि रग-रग से वाकिफ हैं. जब नितिन नबीन इस दुनिया में आए तब से महेंद्र प्रसाद उनके साथ रहे हैं.
नवीन किशोर सिन्हा देकर जाते थे जिम्मेदारी : वजह यह थी कि नितिन नबीन के पिता नवीन किशोर सिन्हा लगातार राजनीतिक कार्यक्रमों में व्यस्त रहते थे. ऐसे में नितिन नवीन की पूरी जिम्मेदारी महेंद्र प्रसाद पर ही होती थी. यहां तक कि पूरे घर की देखभाल भी महेंद्र प्रसाद ही करते थे. महेंद्र प्रसाद बताते हैं कि नवीन किशोर सिन्हा राजनीतिक कार्यक्रमों के लिए कई-कई दिनों तक बाहर रहते थे तो उनकी पूरी जिम्मेदारी रहती थी कि वह नितिन नबीन और उनके घर की देखभाल करें.

'बचपन में कमजोर थे' : महेंद्र प्रसाद बताते हैं कि नितिन नबीन बचपन में काफी कमजोर हुआ करते थे. वह चाहते थे कि नितिन नबीन मजबूत और मोटे तगड़े हो जाएं. ऐसे में उन्हें वह तरह-तरह की चीज खिलाने थे. जिससे उनका शरीर मोटा और तगड़ा हो जाए. अंडे खिलाने से लेकर तमाम तरह की जुगत करते थे. कंधे पर बिठाकर बाजार ले जाया करते थे. पढ़ने में बहुत अच्छे थे.

''नितिन नबीन गुड बॉय रहे हैं. वह कभी भी किसी से लड़ते-झगड़ते नहीं थे. मैं उन्हें कंधे पर बैठाकर स्कूल ले जाया करता था. वह चुपचाप मेरे कंधे पर बैठ जाते थे और स्कूल जाते थे. तब से चला आ रहा प्यार आज तक कायम है. भले नितिन नबीन भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बन गए हों लेकिन आज भी वह मुझे पिता तुल्य मानते हैं.''- महेंद्र प्रसाद उर्फ टेनी चाचा

'और ऊंचे पद पर जाएं नितिन' : महेंद्र प्रसाद कहते हैं कि कभी भी घर में पूजा पाठ हो या कोई भी कार्यक्रम हो. नितिन नबीन पहले मुझे बुलाकर पैर छूकर प्रणाम करते हैं. पहली बार जब विधायक बने तब भी और जब मंत्री बने तब भी, गले लगा कर वह मुझे प्यार करते हैं. महेंद्र प्रसाद से जब यह पूछा गया कि क्या प्रधानमंत्री और केंद्र में मंत्री बनना देखना चाहते हैं तो महेंद्र प्रसाद ने कहा कि वह और भी ऊपर जाएंगे तो मुझे बहुत खुशी होगी.

''मेरा कोई भी ऊपर नीचे देखने वाला नहीं है. इस उम्र में भी मैं उनके यहां रहता हूं और वह मुझे बहुत प्यार से रखते हैं. मैं चाहता हूं कि नितिन नबीन और भी आगे बढ़ें. इससे भी ऊंचा पद पर जाएं.''- महेंद्र प्रसाद उर्फ टेनी चाचा

ये भी पढ़ें :-
कौन थे नितिन नबीन के पिता नवीन किशोर सिन्हा, जिन्हें आज किया जा रहा है नमन
'बंगाल और केरल में भी भगवा लहराएगा' बिहार की धरती से नितिन नबीन की हुंकार
बिहार पंचायत चुनाव को लेकर नितिन नबीन की कार्यकर्ताओं से बड़ी अपील, बोले- 'अपने-अपने क्षेत्र में..'

