ETV Bharat / bharat

बांग्लादेश पर मिलिंद परांदे ने दिया बड़ा बयान, रेखा आर्या के पति के विवादित बयान पर अजय भट्ट ने दी नसीहत

कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या के पति गिरधारी लाल साहू के बयान से घिरी बीजेपी, सांसद अजय भट्ट बोले- अपनी वाणी पर रखना चाहिए संयमित

MILIND PARANDE
शांतिकुंज के शताब्दी समारोह अजय भट्ट समेत अन्य दिग्गज (फोटो सोर्स- X@AjaybhattBJP4UK)
author img

By ETV Bharat Uttarakhand Team

Published : January 2, 2026 at 7:32 PM IST

5 Min Read
Choose ETV Bharat

हरिद्वार: उत्तराखंड की महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या के पति गिरधारी लाल साहू के विवादित बयान पर सियासत गरमाई हुई है. गिरधारी लाल साहू अपने बयान में बिहार में 20-25 हजार में लड़कियां मिलने की बात कहते नजर आ रहे हैं. साहू के इस बयान की तीखी आलोचना हो रही है. इस मामले पर बीजेपी सांसद अजय भट्ट ने अपने नेताओं से वाणी पर संयम रखने की नसीहत दी है. वहीं, विश्व हिंदू परिषद के महामंत्री मिलिंद परांदे ने बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचार पर बड़ा बयान दिया है.

गिरधारी लाल साहू ने दिया विवादित बयान: दरअसल, उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या के पति गिरधारी लाल साहू अल्मोड़ा के सोमेश्वर में एक कार्यक्रम में गए थे. जहां उन्होंने भरे मंच से कुछ युवाओं से बात की. जिसमें उन्होंने पूछा कि क्या उनकी शादी हो गई है?

रेखा आर्या के पति के विवादित बयान पर अजय भट्ट की नसीहत (वीडियो सोर्स- ETV Bharat)

इतना ही नहीं इसके आगे वो कहते हैं कि 'इतनी उम्र में तो हमारे 3-4 बच्चे हो जाते.' गिरधारी लाल साहू यहीं पर नहीं रुके. उन्होंने बिहार का नाम लेते हुए कहा कि 'तुम लोग वहां चले जाओ. वहां 20 से 25 हजार रुपए में शादी के लिए युवतियां मिल जाती हैं.'

उनका यह वीडियो सामने आते ही सरकार और बीजेपी की फजीहत हो गई. पहले से ही अंकिता भंडारी प्रकरण पर घिरी हुई बीजेपी की और किरकिरी हो गई. कांग्रेस ने मुद्दे को लपेटते हुए बीजेपी को महिला विरोधी पार्टी करार दिया है.

मामले ने तूल पकड़ा तो गिरधारी लाल साहू ने वीडियो जारी कर इसे साजिश बताया. साथ ही बयान को तोड़ मरोड़ कर पेश किए जाने की बात कही. साथ ही आनन-फानन में माफी भी मांग ली, लेकिन विपक्ष मामले पर घेरने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ रहा है.

सांसद अजय भट्ट ने दी प्रतिक्रिया: वहीं, नैनीताल उधम सिंह नगर सांसद अजय भट्ट ने रेखा आर्या के पति की ओर से दिए बयान पर प्रतिक्रिया दी. यह प्रतिक्रिया उन्होंने हरिद्वार में शांतिकुंज के शताब्दी समारोह के शिरकत के दौरान दी. जिसमें अजय भट्ट ने कहा कि अपनी वाणी पर हर किसी को संयम रखना चाहिए. वाणी अगर असंयमित हो जाती है तो उसके अर्थ के अनर्थ निकलते हैं. इस विषय पर वो इससे ज्यादा कुछ नहीं बोल सकते.

ऐसा बयान देने वाला पार्टी का कोई सदस्य नहीं: उन्होंने आगे कहा कि अपनी वाणी बिल्कुल शुद्ध होनी चाहिए और ऐसी असंयमित वाणी पर बिल्कुल रोक लगनी चाहिए. उन्होंने कहा कि जहां तक उनकी जानकारी है, ऐसा बयान देने वाला उनकी पार्टी का कोई सदस्य नहीं हैं. इसमें उनके प्रदेश अध्यक्ष ही कोई उत्तर दे सकते हैं. फिर भी कोई भी व्यक्ति हो, उसे अपनी वाणी पर संयम रखना बहुत जरूरी है.

"अपनी वाणी पर सभी को संयम रखना चाहिए. अगर वाणी असंयमित हो तो अर्थ का अनर्थ हो जाता है. इसमें हमारी पार्टी का कोई भी व्यक्ति नहीं है. जहां तक मुझे पता है, मेरे प्रदेश अध्यक्ष इस पर उत्तर दे सकते हैं, लेकिन मैं वाणी संयम से कह रहा हूं. कोई भी व्यक्ति हो या मैं खुद क्यों न हूं, वाणी पर संयम होना बहुत जरूरी है."- अजय भट्ट, बीजेपी सांसद

बांग्लादेश में हो रहे अत्याचार पर मिलिंद परांदे ने दिया बड़ा बयान: विश्व हिंदू परिषद के महामंत्री मिलिंद परांदे आज शांतिकुंज के शताब्दी समारोह में शिरकत करने पहुंचे. जहां उन्होंने बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचार को लेकर बड़ा बयान दिया. उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है, जब भारत ही नहीं, बल्कि विश्वभर के हिंदू समाज को एकजुट होकर जागरूकता के साथ ठोस पहल करनी होगी. अंतरराष्ट्रीय स्तर पर दबाव बनाना होगा.

उन्होंने अंतरराष्ट्रीय संगठनों की चुप्पी पर सवाल उठाए और कहा कि जब भी मानवाधिकारों की बात होती है, तब हिंदुओं के अधिकारों को नजरअंदाज किया जाना दुर्भाग्यपूर्ण है. मिलिंद परांदे ने आरोप लगाया कि बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचारों पर कई अंतरराष्ट्रीय संगठन और संस्थाएं खामोश नजर आ रही हैं. मानो सभी के मुंह में दही जम गई हो.

Haridwar Shantikunj Centenary Celebrations
हरिद्वार में शांतिकुंज का शताब्दी समारोह (फोटो सोर्स- ETV Bharat)

मिलिंद परांदे ने कहा कि विश्व के लोकतांत्रिक देशों और अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार संस्थाओं को इस मुद्दे पर खुलकर सामने आना चाहिए. भारत और भारत का हिंदू समाज अपनी भूमिका निभाएगा, लेकिन अब यह लड़ाई केवल भारत तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि वैश्विक स्तर पर हिंदुओं के अधिकारों की रक्षा के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं.

विश्व हिंदू परिषद के महामंत्री मिलिंद परांदे ने कही ये बात: वहीं, मिलिंद परांदे ने कहा कि गायत्री परिवार की ओर से एक युग परिवर्तन का कार्य चल रहा है. यह प्रयास भारत की विश्व कल्याण की भूमिका में भी महत्वपूर्ण साबित हो रहा है. शांतिकुंज से निकलने वाली धाराएं विश्व कल्याण के लिए ही निकल रही हैं. यह समाज को जोड़ने वाला कार्य पूरे विश्व में फैल रहा है.

शांतिकुंज के शताब्दी समारोह में मुख्य सचिव आनंद वर्धन ने की शिरकत: उत्तराखंड के मुख्य सचिव आनंद वर्धन ने सहभागिता कर इसे सौभाग्य का विषय बताया. उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन व्यक्ति को अपने कर्तव्यों, संस्कारों और जीवन मूल्यों की याद दिलाते हैं. हरिद्वार जैसी पावन भूमि पर इस तरह के आयोजनों का होना अपने आप में विशेष महत्व रखता है.

ये भी पढ़ें-