बीजेपी विधायक दीपेश साहू बने दूल्हा, बैलगाड़ी से निकली बारात, मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत लिए 7 फेरे
जिस बैलगाड़ी से दूल्हे की बारात निकली उस बैलगाड़ी के सारथी डिप्टी सीएम अरुण साव बने.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : June 1, 2026 at 8:10 AM IST
|Updated : June 1, 2026 at 8:50 AM IST
बेमेतरा: बीजेपी के युवा विधायक दीपेश साहू ने रविवार को मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत सात फेरे लिए. बीजेपी विधायक ने शाही इंतजाम को छोड़ सामान्य तरीके से विवाह रचाया. सीएम विष्णु देव साय ने विधायक के इस फैसले की तारीफ करते हुए कहा कि दीपेश साहू ने एक मिसाल युवाओं के लिए पेश किया है. दीपेश साहू की बारात बैलगाड़ी से निकली. जिस बैलगाड़ी से दुल्हन लेने के लिए बीजेपी विधायक दीपेश साहू निकले, उस बैलगाड़ी के सारथी डिप्टी सीएम अरुण साव बने. ढोल नगाड़ों की धुन पर बीजेपी विधायक की बारात लग्न मंडप तक पहुंची. लग्न मंडप में एक साथ 20 से ज्यादा जोड़ों ने विवाह के सात फेरे लिए.
बीजेपी विधायक की बारात बैलगाड़ी से निकली, डिप्टी सीएम बने सारथी
बीजेपी विधायक की शादी को देखने के लिए बड़ी संख्या में जिलेभर से लोग पहुंचे थे. लोगों ने जहां वर वधू को आशीर्वाद दिया वहीं बीजेपी विधायक की इस पहल का स्वागत भी किया. लोगों ने कहा कि जब देश आर्थिक मोर्चे पर लड़ाई लड़ रहा है, ऐसे में विधायक की ये पहल दूसरे युवाओं के लिए मिसाल से कम नहीं है.
मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत हुई शादी
मुख्यमंत्री कन्या विवाह समारोह में विवाह कर रहे विधायक दीपेश साहू और वधू तरुणा समेत कुल 23 जोड़ों को डिप्टी सीएम अरुण साव ने आशीर्वाद दिया. बारिश की वजह से विवाह समारोह में बाधा भी खड़ी हुई. सीएम विष्णु देव साय को भी आयोजन में शामिल होना था. लेकिन बारिश की वजह से कार्यक्रम स्थल पर नहीं पहुंच पाए. सीएम ने रेस्ट हाउस से ही इस मौके पर बेमेतरा को 10504.69 लाख रुपए के विकास कार्यों की सौगात दी. सीएम ने 18 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमि पूजन किया. इनमें 7801.33 लाख रुपए की लागत से बनने जा रहे 13 विकास कार्यों का भूमि पूजन एवं 2703.36 लाख रुपए की लागत से निर्मित 5 विकास कार्यों का लोकार्पण भी किया.

एक बार दीपेश साहू से मेरी मुलाकात हुई तो मैंने कहा कि आपकी शादी अभी नहीं हुई है, आप जब शादी करें तो सामान्य इंसान की तरह करें, दिखावे और फिजूलखर्ची से बचें. मैंने कहा कि अगर आप चाहें तो मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत शादी कर समाज को एक संदेश भी दे सकते हैं. मेरी बात सुनने के बाद हमारे विधायक ने मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत शादी करने की बात स्वीकार कर ली. मुझे खुशी है कि हमारे विधायक ने समाज को एक नया संदेश दिया: विष्णु देव साय, सीएम
विधानसभा अध्यक्ष हुए नाराज
मुख्यमंत्री कन्या विवाह समारोह के वर - वधू को आशीर्वाद देने के लिए एक समारोह का आयोजन किया गया. इसमें शामिल होने पहुंचे विधानसभा अध्यक्ष डॉ रमन सिंह ने कार्यक्रम में व्याप्त अव्यवस्थाओ को लेकर कलेक्टर और एसपी को जमकर फटकार लगाई. उन्होने कहा कि मेरा बेमेतरा से पुराना नाता रहा है. मैं 15 सालों तक इस प्रदेश का मुखिया रहा, लेकिन इतनी घटिया व्यवस्था मैंने आज तक कहीं नहीं देखी.

बेमेतरा में मैं 1 साल रहा हूं,आज मुख्यमंत्री जी बेमेतरा में हैं और मुख्यमंत्री की गरिमा के अनुरूप यह कार्यक्रम नहीं है. कलेक्टर और एसपी को साफ - साफ कहना चाहता हूं कि कार्यक्रम की जो तैयारी की गई थी वो अच्छी तरह से नहीं की गई. मुख्यमंत्री जी का पीछे के द्वार से स्वागत करना पड़ा. सीएम के साथ ही मंत्रिमंडल के साथी यहां बैठे हैं और आप ढाई घंटे से कोई जगह नहीं ढूंढ पाए, इतनी नकारात्मकता की बताने के बाद भी उस जगह में जाने को तैयार नहीं हो रहे हैं. मैंने अपने राजनीतिक जीवन में ऐसी अव्यवस्था नहीं देखी. अब जब मंच से कहा है तो शायद आप सीख जाएंगे: रमन सिंह, विधानसभा अध्यक्ष, छत्तीसगढ़
वाटर प्रूफ पंडाल नहीं होने से हुई अव्यवस्था
दरअसल, बेमेतरा में मुख्यमंत्री कन्या विवाह कार्यक्रम का आयोजन किया गया था, जिसमें बेमेतरा के विधायक दीपेश साहू भी दूल्हा बने थे. आयोजन में 20 से ज्यादा जोड़ों का विवाह संपन्न हुआ. विवाह में सात फेरे के बाद आंधी तूफान के साथ बारिश आ गई, जिसने प्रशासनिक व्यवस्थाओं की पोल खोल कर रख दी. मंच और पंडाल में बारिश से बचाव के कोई उपाय नहीं किए थे. वाटर प्रूफ डोम पंडाल भी नहीं लगाए थे, जिससे कार्यक्रम में सीएम के जाने के पूर्व ही पंडाल बारिश की भेट चढ़ गया.
बीजेपी विधायक दीपेश साहू की शादी में बारिश ने डाला खलल, सरकारी व्यवस्थाओं की खुली पोल
बेमेतरा के कोहड़िया में स्पंज आयरन फैक्ट्री का विरोध, जनसुनवाई में लोगों का फैसला

