भाजपा नेता संगीत सोम को बांग्लादेश से मिली जान से मारने की धमकी, जानिए फोन करने वाले ने क्या कहा?
शाहरुख खान की आईपीएल टीम में बांग्लादेशी खिलाड़ी को शामिल करने पर संगोत सोम ने जताया था विरोध

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : January 5, 2026 at 1:31 PM IST
मेरठः भारतीय जनता पार्टी के फायर ब्रांड नेता और पूर्व विधायक संगीत सोम ने हाल ही में शाहरुख खान की IPL टीम केकेआर में बांग्लादेश के खिलाड़ी को शामिल करने का खुलकर विरोध किया था. इसके बाद संगीत सोम को जान से मारने की धमकी मिली है. बांग्लादेश के नंबर से कॉल करके बम से उड़ने की धमकी दी गई है. पूर्व विधायक ने सरधना थाने में मुकदमा दर्ज करने के लिए तहरीर दी है. इसके साथ ही कहा कि वह ऐसी धमकियों से डरने वाले नहीं हैं.
तुम्हें उड़ा देंगेः पूर्व विधायक संगीत सोम ईटीवी भारत को बताया कि उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई है. कई बार उनके नंबर पर फोन आया. उनके पीए ने फोन अटेंड किया और कॉल करने वाला बांग्ला में चीख रहा था. वे ये समझ रहे थे कि उसकी भाषा धमकाने की है. फोन करने वाले ने कहा कि 'तुम और कुछ न्यूज चैनल मुस्लिमों पर अत्याचार कर रहे हैं और शाहरुख खान को टारगेट कर रहे हैं. तुम क्या सोच रहे हो हम बांग्लादेश में बैठे हैं. हम तुम्हारे देश में हर जिले में बैठे हैं, तुम्हें उड़ा देंगे.'
व्हाट्सएप पर भी धमकी मैसेज भेजाः पूर्व विधायक संगीत सोम ने बताया कि कॉल करने वाले ने काफी अभद्रता की. उनके सिक्योरिटी ऑफिसर ने भी उससे बात की. काफी बदतमीजी उसने की. उसके नंबर की भी जानकारी कर ली गई है, बांग्ला देश के नंबर से ही धमकी दी गई है. व्हाट्सएप नंबर पर भी जान से मारने की धमकी देते हुए कुछ मैसेज भी आए हैं.
धमकियों से डरने वाले नहींः संगीत सोम ने कहा कि सरधना थाने पुलिस को लिखित शिकायत दी गई है. संगीत सोम ने वाट्सअप पर भेजे गए धमकी भरे स्क्रीनशॉट भी शेयर किये हैं. जिनमें अमर्यादित भाषा और गंदी गाली का भी इस्तेमाल हुआ है. पूर्व विधायक संगीत सोम ने बताया कि जिस वक्त कॉल आई, तब वह हल्द्वानी में ही थे. उन्होंने कहा कि वह ऐसी धमकियों से डरने वाले नहीं है.
सीओ सरधना आशुतोष कुमार ने बताया कि संगीत सोम की ओर से तहरीर मिल गई है. मुकदमा दर्ज कर जांच की जाएगी. एसपी देहात अभिजीत कुमार ने बताया कि मामले की जांच कराई जा रही है और फोन करने वाले नंबर के बारे में पता किया जा रहा है.
क्या था विवादः सरधना विधानसभा सीट से दो बार विधायक रहे चुके संगीत संगीत सोम ने अपने क्षेत्र में एक जनसभा के दौरान अभिनेता और कोलकत्ता नाईट राइडर के हिस्सेदार शाहरुख खान पर जुबानी हमला बोला था. उन्होंने शाहरुख खान को देश का गद्दार तक बता दिया था. उन्होंने कहा कि बांग्लादेश में हिन्दुओं की हत्या की जा रही है और शाहरुख की टीम में बांग्लादेश के खिलाड़ी को जगह दी गई. देश भर में विरोध के बाद बीसीसीआई ने बांग्लादेशी खिलाड़ी को टीम से रिलीज कर दिया है.

