BJP पर अखिलेश के गंभीर आरोप, कहा - हर बूथ पर 200 अतिरिक्त वोट बढ़ा रही भाजपा
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा पर फर्जीवाड़ा का आरोप लगाते हुए कहाकि SIR के दौरान काफी गड़बड़ियां हुई हैं.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : January 10, 2026 at 2:16 PM IST
|Updated : January 10, 2026 at 2:40 PM IST
लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शनिवार को लखनऊ में एक प्रेस वार्ता के दौरान भाजपा सरकार पर मतदाता सूची को लेकर गंभीर आरोप लगाए.
उन्होंने विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के दौरान तैयार ड्रॉफ्ट वोटर लिस्ट पर सवाल उठाते हुए कहा कि भाजपा फर्जी तरीके से वोट बढ़ाने की कोशिश कर रही है.
" भारतीय जनता पार्टी को पता है कि बंगाल में वो जीतने वाले नहीं हैं, वहां की जनता ममता जी को पुनः समर्थन कर रही है।"
— Samajwadi Party (@samajwadiparty) January 10, 2026
- माननीय राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अखिलेश यादव जी pic.twitter.com/NTZktDru4m
अखिलेश यादव ने कहाकि एसआईआर में वोटरों की संख्या कम दिख रही है, लेकिन पंचायत चुनाव की वोटर लिस्ट में ग्रामीण क्षेत्रों के वोटरों की कुल संख्या उत्तर प्रदेश की एसआईआर लिस्ट से ज्यादा आ रही है.
उन्होंने पूछा कि जब पंचायत चुनाव और विधानसभा चुनाव दोनों में एक ही बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) काम कर रहा है, तो ग्रामीण वोटरों की संख्या एसआईआर में कम कैसे हो गई? यह साफ संकेत है कि कुछ गड़बड़ी हुई है.
उन्होंने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी के पास बूथ स्तर पर ऐसी मशीनें हैं, जिनसे नकली आधार कार्ड बनाए जा सकते हैं.
प्रेस वार्ता में अखिलेश ने कहा, भाजपा ने पहले ही करीब एक करोड़ फर्जी वोट बढ़वा दिए हैं. अगर ऐसा जारी रहा, तो हम कानूनी कार्रवाई करेंगे और मुकदमा दायर करेंगे.
उन्होंने अपने कार्यकर्ताओं को एक खास प्रोफार्मा देने का भी ऐलान किया, ताकि वे फर्जी वोटों की शिकायत आसानी से दर्ज करा सकें.
अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ का हवाला देते हुए कहा कि खुद योगी जी ने पहले कहा था कि चार करोड़ वोट काटे जाएंगे.
कन्नौज में भाजपा के एक पूर्व सांसद ने भी अलग-अलग जिलों की विधानसभा में वोट कटवाने की बात कही है. जब सत्ताधारी दल के लोग खुद ऐसी बातें कर रहे हैं, तो ड्रॉफ्ट मतदाता सूची पर भरोसा कैसे किया जाए?
उन्होंने दावा किया कि हर बूथ पर भाजपा 200 अतिरिक्त वोट बढ़ाने की योजना बना रही है. खासकर पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) समाज के वोटों को निशाना बनाया जा रहा है.
अखिलेश ने कहा कि मुख्यमंत्री के बयान के बाद ही एक-एक विधानसभा में लाखों वोट कटे हैं. अखिलेश यादव ने एक बार फिर मांग की कि वोटर लिस्ट को आधार कार्ड से जोड़ा जाए, ताकि फर्जीवाड़ा रोका जा सके.
उन्होंने कहा कि यह लोकतंत्र की बुनियाद है और निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने के लिए जरूरी कदम है. समाजवादी पार्टी इस मुद्दे पर लगातार सतर्क है और कार्यकर्ताओं को हर बूथ पर नजर रखने का निर्देश दिया गया है.
अखिलेश ने लोगों से अपील की कि वे अपनी वोटर लिस्ट चेक करें और कोई गड़बड़ी दिखे, तो तुरंत पार्टी को सूचित करें.

मृत BLO परिवारों को दिए दो-दो लाख के चेक
इस प्रेस कांफ्रेंस के दौरान समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने अनेक जिलों से मृत BLO के परिवारी जनों को बुलाया था. परिवार के लोगों को समाजवादी पार्टी ने दो-दो लाख रुपए के चेक देने की घोषणा की थी, जो कि अखिलेश यादव के हाथों से दिए गए.
ये भी पढ़ें - UP में SIR; ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जारी होते ही मचा सियासी घमासान, करीब 2.89 करोड़ नाम कटे, सपा और बीजेपी आमने-सामने

