एग्जिट पोल में NDA की बढ़त के बाद BJP आत्मविश्वास से लबरेज, केंद्रीय मुख्यालय में तैयारियां
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के अंतिम चरण की वोटिंग के बाद जारी एग्जिट पोल ने NDA की सत्ता में वापसी का संकेत दिया है.

Published : November 13, 2025 at 8:06 PM IST
अनामिका रत्ना
नई दिल्ली: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के अंतिम चरण की वोटिंग के बाद एक्जिट पोल ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) खेमे में सत्ता में वापसी के दावे में काफी इजाफा कर दिया है. ज्यादातर सर्वे में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) को बड़ी बढ़त मिलती दिखाई गई.
जहां एक्सिस माई इंडिया ने एनडीए को 121-141 सीटें, महागठबंधन को 98-118 और जन सुराज पार्टी को 0-2 सीटें मिलने का अनुमान लगाया है. वहीं, टुडे चाणक्य ने एनडीए को 160 (±12) सीटें, आरजेडी को 77 और अन्य को छह सीटें मिलने का दावा किया है.
अन्य सर्वे एजेंसियों जैसे मैटरीज, जेवीसी, पी-मार्क, पीपुल्स पल्स, दैनिक भास्कर, डीवी रिसर्च, सीएनएक्स, वोट वाइब और पीपुल्स इनसाइट ने भी एनडीए को बहुमत से कहीं अधिक सीटें दिलाने का पूर्वानुमान जताया है.
बीजेपी प्रवक्ता कर रहे जीत के दावे
वहीं, बीजेपी के प्रवक्ता इन एग्जिट पोल का हवाला देते हुए जीत के दावे बढ़ चढ़ कर कर रहे हैं. हालांकि, भाजपा के चुनावी रणनीतिकार केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पहले ही कहा था कि एनडीए इस बार 160 से अधिक सीटें जीतकर दो-तिहाई बहुमत से सरकार बनाएगा.
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रेम शुक्ला ने कहा, "एनडीए दो-तिहाई बहुमत से सत्ता में आएगी. यह नितीश कुमार के नेतृत्व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और 20 वर्षों की अच्छी शासन व्यवस्था का परिणाम होगा. विकसित बिहार विकसित भारत का आधार बनेगा."
उन्होंने प्राशांत किशोर की जन सुराज पार्टी पर तंज कसते हुए कहा कि "उनका खाता भी नहीं खुलेगा, क्योंकि कमांडर खुद मैदान से हट गया." बीजेपी के अन्य नेता भी कुछ ऐसा ही दावा कर रहे एक और राष्ट्रीय प्रवक्ता का कहना है कि चुनाव का परिणाम एग्जिट पोल से भी बेहतर होगा.
महागठबंधन ने एग्जिट पोल किए खारिज
दूसरी ओर, विपक्षी महागठबंधन ने एग्जिट पोल को खारिज करते हुए परिवर्तन का दावा किया है. आरजेडी नेता तेजस्वी यादव जहां लगातार ये दावा कर रहे कि लोगों ने रिकॉर्ड वोटिंग से संदेश दिया है कि वे 'परिणाम' चाहते हैं, न कि 'जुमला'. उन्होंने एग्जिट पोल को भाजपा के उच्च नेतृत्व के निर्देश पर कराए गए सर्वे करार दिया. कांग्रेस सांसद तारिक अनवर ने कहा, "एग्जिट पोल सट्टेबाजी मात्र हैं, इन्हें आंख मूंदकर न माना जाए.
कितने प्रतिशत हुआ मतदान?
इस बीच भाजपा के केंद्रीय मुख्यालय में जीत की तैयारी चल रही हैं. शामियाने लग रहे हैं. पार्टी सूत्रों की मानें तो सेंट्रल दिल्ली के एक बड़े मिठाई कि दुकान को लड्डू का ऑर्डर भी दे दिया गया है. उल्लेखनीय है कि इस बार चुनाव में कुल 67 प्रतिशत से ज्यादा मतदान दर्ज किया गया था.
गिनती के लिए 243 विधानसभाओं में मजबूत सुरक्षा व्यवस्था है और रुझान सुबह नौ बजे से आने शुरू हो सकते हैं. यह चुनाव बिहार की राजनीति में एक महत्वपूर्ण मोड़ साबित हो सकता है. एनडीए अगर एग्जिट पोल के अनुरूप 130-160 सीटें जीतता है, तो नितीश कुमार एक बार फिर मुख्यमंत्री बन सकते हैं. वहीं, महागठबंधन अगर अप्रत्याशित उलटफेर करता है, तो तेजस्वी यादव की राह आसान हो जाएगी. जन सुराज पार्टी को अधिकांश सर्वे में एक से पांच सीटें ही मिलने का अनुमान है.
यह भी पढ़ें- पूर्व मुख्यमंत्री येदियुरप्पा को झटका! हाई कोर्ट ने उनके खिलाफ POCSO कार्यवाही बरकरार रखी

