पहली बार सदन पहुंचे पवन सिंह और निशांत कुमार, बिहार विधान परिषद में 10 नए सदस्यों ने ली शपथ
बिहार विधान परिषद के 10 नवनिर्वाचित सदस्यों ने शपथ ली. पहली बार सदन पहुंचे पवन सिंह और निशांत कुमार रहे आकर्षण का केंद्र.

Published : July 1, 2026 at 6:04 PM IST
पटना: बिहार विधान परिषद के सभागार में बुधवार को नवनिर्वाचित विधान पार्षदों का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया. विधान परिषद के सभापति ने सभी 10 सदस्यों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई. शपथ ग्रहण के साथ ही सभी सदस्य सदन की कार्यवाही में भाग लेने के लिए अधिकृत हो गए. समारोह का सबसे बड़ा आकर्षण पहली बार विधान परिषद पहुंचे भोजपुरी अभिनेता एवं गायक पवन सिंह और जदयू नेता निशांत कुमार रहे.
मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री रहे मौजूद : शपथ ग्रहण समारोह में मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री, मंत्रिमंडल के कई सदस्य और विभिन्न राजनीतिक दलों के वरिष्ठ नेताओं ने हिस्सा लिया. समारोह के दौरान नवनिर्वाचित सदस्यों का स्वागत किया गया और उन्हें नई जिम्मेदारियों के लिए शुभकामनाएं दी गईं.
शपथ लेने वाले 10 नवनिर्वाचित विधान पार्षदों में
- पवन सिंह (भाजपा)
- संजय प्रकाश मयूख (भाजपा)
- अनिल ठाकुर (भाजपा)
- शीला पंडित (भाजपा)
- निशांत कुमार (जदयू)
- भारती मेहता (जदयू)
- शिवानी देवी प्रजापति (जदयू)
- ललन प्रसाद (जदयू)
- अशरफ अंसारी (लोजपा-रामविलास)
- सुनील सिंह (राजद)
सभी उम्मीदवार निर्विरोध चुने गए थे : विधान परिषद की इन 10 सीटों पर सभी उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित हुए थे. नामांकन वापसी की अंतिम तिथि तक किसी भी सीट पर मुकाबले की स्थिति नहीं बनी, जिसके बाद सभी प्रत्याशियों को निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिया गया था.
आज बिहार विधान परिषद् के नव-निर्वाचित माननीय सदस्यगण के शपथ ग्रहण समारोह में सम्मिलित होकर उन्हें हार्दिक बधाई एवं यशस्वी कार्यकाल की अग्रिम शुभकामनाएँ दीं।
— Samrat Choudhary (@samrat4bjp) July 1, 2026
विश्वास है कि आप सभी अपने अनुभव, प्रतिबद्धता और सकारात्मक योगदान से राज्य के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका… pic.twitter.com/dBGoDRlwpC
सदन में एनडीए की स्थिति और मजबूत : 10 नए सदस्यों के शपथ लेने के बाद विधान परिषद में राजनीतिक समीकरण और स्पष्ट हो गया है. इनमें नौ सदस्य एनडीए गठबंधन से हैं, जबकि एक सदस्य राष्ट्रीय जनता दल से है. ऐसे में आगामी सत्रों में सदन में एनडीए की स्थिति और मजबूत मानी जा रही है.
तीन महिलाओं की हुई एंट्री : इस बार तीन महिला सदस्य भी विधान परिषद पहुंचीं. भाजपा की शीला पंडित और जदयू की भारती मेहता व शिवानी देवी प्रजापति ने भी शपथ ली. महिला सदस्यों ने नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी प्राथमिकता महिला सशक्तिकरण, शिक्षा और सामाजिक विकास से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से सदन में उठाना होगी.

'कलाकारों का बढ़ेगा मनोबल' : पहली बार विधान परिषद पहुंचे भोजपुरी अभिनेता एवं गायक पवन सिंह ने शपथ लेने के बाद कहा कि यह उनके लिए सम्मान और बड़ी जिम्मेदारी का अवसर है. उन्होंने कहा कि उनके सदन तक पहुंचने से कला और संस्कृति से जुड़े लोगों का मनोबल बढ़ेगा तथा वे जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का प्रयास करेंगे.
निशांत कुमार की राजनीतिक पारी पर नजर : जदयू के निशांत कुमार के पहली बार विधान परिषद पहुंचने को भी राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है. शपथ ग्रहण के साथ ही उनकी सक्रिय संसदीय पारी की शुरुआत हो गई है. आगामी दिनों में सदन के भीतर उनकी भूमिका पर राजनीतिक हलकों की नजर रहेगी.

ये भी पढ़ें-

