बिहार की बच्ची 2 लाख में राजस्थान में बिकी, खरीदने वाले ने जबरदस्ती की शादी, एक हफ्ते बाद लौटी घर
बिहार की बच्ची को राजस्थान में बेचा गया और खरीदने वाले ने उससे जबरदस्ती शादी कर ली. पुलिस इस गिरोह का पता लगाने में जुटी.

Published : February 24, 2026 at 5:43 PM IST
कैमूर: बिहार के कैमूर से हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. यहां की एक नाबालिग को नौकरी का झांसा देकर राजस्थान के सीकर ले जाया गया और फिर 2 लाख रुपये में उसका सौदा कर दिया गया.
परिजनों ने लगाई थी इंसाफ की गुहार: पीड़िता को खरीदने वाले व्यक्ति ने उससे जबरदस्ती शादी कर ली. परिजन बच्ची के लिए पुलिस से इंसाफ की गुहार लगा रहे थे, जिसके बाद कार्रवाई करते हुए एक हफ्ते के अंदर बच्ची को बरामद किया गया. साथ ही एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है.
बिहार की बच्ची को 2 लाख में राजस्थान में बेचा : इस मामले पर प्रेस वार्ता करते हुए भभुआ एसडीपीओ मनोरंजन भारती ने बताया कि एक हफ्ते पहले पुलिस अधीक्षक हरिमोहन शुक्ला के पास चैनपुर थाना क्षेत्र के एक गांव के कुछ लोग गए थे. उन्होंने बताया कि उनके परिवार की एक नाबालिक बच्ची को नौकरी का झांसा देकर बेच दिया गया है. राजस्थान के सीकर जिला का रहने वाला महेश कुमार बच्ची को राजस्थान ले गया और वहां किसी व्यक्ति से उसकी जबरदस्ती शादी करवा दी है.
"इसके बाद कैमूर पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चैनपुर थाना अध्यक्ष और कुछ महिला पुलिसकर्मियों की एक टीम गठित कर कार्रवाई करते हुए कैमूर पुलिस ने लड़की को राजस्थान के चूरू जिला के खरियाबाद बस्ती से सकुशल बरामद किया गया. साथ ही बच्ची को जबरदस्ती अपने कब्जे में रखने वाले व्यक्ति को भी गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार शख्स की पहचान खारियाबाद के रहने वाले सुभाष भामू के रूप में हुई है."- मनोरंजन भारती,भभुआ एसडीपीओ
जबरदस्ती करवायी शादी: पुलिस के अनुसार गिरफ्तार शख्स ने पूछताछ में बताया कि महेश कुमार ने उससे लड़की के बदले 2 लाख रुपये लिए थे और उसके बदले में शादी करवायी थी. डीएसपी ने बताया कि महेश कुमार नाम का जो व्यक्ति है, वह एक गिरोह के तहत काम करता है. वह इसी मकसद से कैमूर आया था. एक गिरोह के तहत यह लोग ऐसी घटना को अंजाम देते हैं.
"पुलिस इस गिरोह के अन्य सदस्यों के नाम पता का सत्यापन और उनकी गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई कर रही है. साथ ही बरामद किशोरी का चिकित्सक परीक्षण और माननीय न्यायालय में बयान करवाने की कार्रवाई की जा रही है. वहीं इस टीम में शामिल सभी पुलिसकर्मीयो को पुरस्कृत किया जाएगा."- मनोरंजन भारती, एसडीपीओ भभुआ
ये भी पढ़ें
3 नाबालिग बच्चियों को पश्चिम बंगाल ले जा रहे थे मानव तस्कर, तभी हो गई बिहार पुलिस की एंट्री

