बिहार चुनाव नतीजे: तेज प्रताप, खेसारी लाल यादव हारे, जानिए VIP सीटों का हाल
बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए ने प्रचंड जीत के साथ 200 का आंकड़ा पार कर लिया है. आइए जानते हैं वीआईपी का हाल...

Published : November 14, 2025 at 9:03 PM IST
पटना: बिहार विधानसभा चुनाव के नतीजे (bihar election results 2025) घोषित हो गए हैं. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में सत्तारूढ़ एनडीए गठबंधन ने ऐतिहासिक जीत दर्ज की और इस बार 200 का आंकड़ा पार कर लिया है. विपक्षी महागठबंधन को अप्रत्याशित हार का सामना करना पड़ा है.
एनडीए की इस आंधी में सत्तापक्ष के ज्यादातर हाईप्रोफाइल उम्मीदवार अपनी सीट बचाने में सफल रहे. जेल में बंद अनंत सिंह भी मोकामा से जीत गए हैं. पहली बार चुनाव लड़ने वालीं 25 वर्षीय गायिका मैथिली ठाकुर भी अलीनगर से जीत गई हैं. वहीं शुरुआती रुझानों में पिछड़ने के बाद दानापुर से भाजपा के रामकृपाल यादव ने कमबैक किया और 29,133 वोटों से विजयी हुए. लखीसराय से भाजपा के विजय कुमार सिन्हा 24940 मतों से जीते.
वहीं, खेसारी लाल यादव से लेकर अभिनेता पवन सिंह की पत्नी ज्योति सिंह चुनाव हार गईं. महुआ से लालू यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव को भी हारा का सामना करना पड़ा. आइए ग्राफिक्स के जरिये जानते हैं वीआई सीटों पर कौन जीता और कौन हारा.




चुनाव आयोग के मुताबिक, बीजेपी को 89 सीट, जेडीयू को 85, लोजपा (रामविलास) को 19, HAMS को 5 और राष्ट्रीय लोक मोर्चा को चार सीटें मिलती दिख रही है. आरजेडी 25 सीटों पर आगे है या जीत रही है. कांग्रेस 6 सीटों पर सिमटती दिख रही है. वाम दलों के खाते में मात्र तीन सीटें आती दिख रही हैं. विकासशील इंसान पार्टी (VIP) का खाता तक नहीं खुला.
बिहार चुनाव में आरजेडी को 22.02 प्रतिशत वोट मिले हैं. इसके बाद भाजपा को 20.11 प्रतिशत, जेडीयू को 19.25 प्रतिशत, कांग्रेस को 8.75 प्रतिशत वोट मिले हैं.
यह भी पढ़ें- Bihar Results 2025: महागठबंधन की बुरी हार, क्या हैं कारण, राजनीतिक विशेषज्ञ से जानें

