बिहार के अस्पतालों को लेकर ये क्या बोल गए राहुल गांधी, जानें
'बिहार के अस्पतालों में लोग जीने नहीं, मरने जाते हैं.' राहुल गांधी ने नीतीश सरकार के 20 सालों के विकास के दावों पर सवाल उठाया.

Published : October 30, 2025 at 6:58 PM IST
नालंदा: नीतीश के गढ़ नालंदा में गुरुवार (30 अक्टूबर) को कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने हुंकार भरी. उन्होंने नालंदा से कांग्रेस प्रत्याशी कौशलेंद्र कुमार, बिहारशरीफ से उमैर खान और हरनौत से अरुण कुमार को जिताने की अपील की है. इस दौरान राहुल गांधी ने पीएम मोदी पर जमकर हमला किया. साथ ही बिहार के अस्पतालों पर भी सवाल खड़े किए.
'बिहार के अस्पतालों में लोग जीने नहीं, मरने जाते हैं': उन्होंने नीतीश सरकार के 20 साल के विकास के दावों पर सवाल उठाते हुए कहा, क्या बिहार में अच्छी शिक्षा व्यवस्था या स्वास्थ्य मिल सकता है? उन्होंने कहा कि दिल्ली के एम्स के सामने मेट्रो स्टेशन में बिहार के हर जिले के लोग मिलते हैं. हर जिले से इलाज कराने आते हैं. मैंने पूछा कि यहां क्यों आए तो उन लोगों ने बताया कि अगर कोई बिहार के अस्पताल में इलाज कराने जाता है तो वापस नहीं आता है. वहीं मर जाता है. बिहार के अस्पतालों में लोग जीने नहीं, मरने जाते हैं.
'मोदी के हाथ में नीतीश का रिमोट कंट्रोल': उन्होंने नीतीश कुमार पर सीधा हमला किया और कहा कि नीतीश जी के हाथ में कुछ नहीं है. उनका रिमोट कंट्रोल नरेंद्र मोदी के हाथ में है. बिहार को नीतीश नहीं, बल्कि मोदी-शाह और नागपुर (RSS) चलाते हैं.
"केंद्र सरकार ने 'दो हिंदुस्तान' बनाया है. एक अंबानी-अडानी का और दूसरा गरीबों, किसानों और मजदूरों का. किसानों की जमीन छीनकर ₹1 में अडाणी को दी जा रही है. हम चाहते हैं कि 'मेड इन चाइना' की जगह फोन पर 'मेड इन बिहार' और 'मेड इन नालंदा' लिखा हो और यहां की फैक्ट्रियों में स्थानीय युवाओं को रोजगार मिले."- राहुल गांधी, कांग्रेस नेता
'यमुना में स्नान के नाम पर बनवाया छोटा-सा तालाब': साथ ही राहुल गांधी ने एक बार फिर दावा करते हुए कहा कि छठ पूजा के समय पीएम मोदी ने निर्णय लिया कि यमुना में जाकर स्नान करेंगे. फोटो आप लोगों ने देखी? एक तरफ हिंदुस्तान, बिहार की सच्चाई. यमुना गंदगी और गंध से भरी हुई. दूसरी तरफ मोदी ने साफ पानी का छोटा- सा तालाब बनाया. दूर से पानी आया, दिल्ली के लोगों को पीने का साफ पानी नहीं मिलता है, लेकिन मोदी जी के नहाने के लिए दूर से पानी आया.
बिहार में भी 'वोट चोरी': उन्होंने पीएम मोदी पर तीखा हमला करते हुए कहा कि उनमें इतना भी दम नहीं है कि वे अमेरिका के राष्ट्रपति के झूठ का जवाब दे सकें. उन्होंने 1971 के युद्ध का उदाहरण देते हुए इंदिरा गांधी को मोदी से ज्यादा दमदार बताया है. उन्होंने भाजपा पर संविधान को खत्म करने की साजिश रचने और हरियाणा-महाराष्ट्र की तरह बिहार में भी 'वोट चोरी' करने की कोशिश का आरोप लगाया है.
जनता से किया ये वादा: राहुल गांधी ने युवाओं से पोलिंग बूथ पर सजग रहने की अपील की. उन्होंने वादा किया कि अगर केंद्र में इंडिया गठबंधन की सरकार बनती है, तो वे दुनिया की सबसे बेहतरीन यूनिवर्सिटी नालंदा में बनाएंगे, ताकि बिहार को फिर से शिक्षा और रोजगार का केंद्र बनाया जा सके. उन्होंने गारंटी दी कि बिहार में बनने वाली महागठबंधन की सरकार हर जाति और हर धर्म की सरकार होगी, जिसमें पिछड़ा, अति पिछड़ा, दलित, महादलित, अल्पसंख्यक और गरीब सवर्ण, सभी की आवाज शामिल होगी.
ये भी पढ़ें
'चाचा को मार दिया..' जन सुराज पार्टी समर्थकों ने अनंत सिंह पर लगाया आरोप, मोकामा में तनाव
आसान नहीं छपरा में खेसारी लाल यादव की जंग! समझें पूरा जातीय गणित

