महाराष्ट्र TET पेपर लीक: हाजीपुर साइबर कैफे में छापेमारी, हिरासत में सोनू कुमार से पूछताछ
महाराष्ट्र TET पेपर लीक मामले में महाराष्ट्र की ठाणे पुलिस ने बिहार में बड़ी कार्रवाई की है. पढ़ें पूरी खबर

Published : July 2, 2026 at 9:16 AM IST
वैशाली: महाराष्ट्र टीईटी पेपर लीक मामले में महाराष्ट्र एसटीएफ और वैशाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. वैशाली पुलिस के सहयोग से महाराष्ट्र ठाणे की पुलिस ने बुधवार रात हाजीपुर के कचहरी रोड स्थित एक साइबर कैफे में छापेमारी की है. पुलिस सूत्रों की माने तो रातभर टीम ने कैफे के अंदर जांच की.
महाराष्ट्र TET पेपर लीक, वैशाली में छापेमारी: वैशाली पुलिस की माने तो, रात लगभग एक बजे तक चली छापेमारी के बाद कैफे संचालक सोनू कुमार सहित तीन लोगों को एसटीएफ की टीम ने हिरासत में लिया है, तीनों से महाराष्ट एसटीएफ की टीम पूछताछ कर रही है. इस दौरान रातभर कचहरी रोड स्थित साइबर कैफे के बाहर ठाणे पुलिस की टीम और वैशाली पुलिस मौके पर मौजूद थी.
महाराष्ट्र पुलिस के हाथ लगे अहम सबूत: पुलिस सूत्रों की माने तो इस छापेमारी के दौरान महाराष्ट्र एसटीएफ की टीम ने कई डिजिटल सबूत भी बरामद किए है, जिसकी बारीकी से जांच की जाएगी. छापेमारी के बाद महाराष्ट्र पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि, महाराष्ट्र टीईटी पेपर लीक से संबंधित कागजात की जांच पड़ताल की गई है.
''महाराष्ट्र TET पेपर लीक से जुड़ा मामला है. इसी सिलसिले में हम लोग यहां जांच के लिए आए थे, यहां से कुछ संदिग्ध कागजात हमें मिले है, आगे की कार्रवाई जारी है.'' - महाराष्ट्र पुलिस
गिरफ्तार सोनू के भाई ने क्या बताया?: गिरफ्तार सोनू के बड़े भाई जितेन्द्र कुमार ने बताया कि, बुधवार शाम में गांव से हाजीपुर आने के लिए निकला था, लेकिन न यहां पहुंचा था न घर लौटा. सोनू की पत्नी ने फोन कर यह बात बताई थी कि सोनू फोन नहीं उठा रहे है. रातभर उसकी तलाश की, लेकिन उसका पता नहीं चला.

''यहां पर सोनू साइबर कैफै चलाता है, आज जब दुकान पर पहुंचे तो पता यहां रेड चल रहा है. जांच टीम ने बताया कि महाराष्ट्र टीईटी पेपर लीक में वो शामिल है. उसे गिरफ्तार कर लिया गया है. मेरे एक और छोटा भाई जो पटना में रहता है, उसकी भी पुलिस तलाश कर रही है.'' - जितेन्द्र कुमार, आरोपी सोनू का बड़े भाई
समस्तीपुर के बिजेंद्र गुप्ता से जुड़े तार: वैशाली पुलिस सूत्रों की माने तो जिले के सहदेई निवासी सोनू हाजीपुर में वर्ष 2009 से साइबर कैफे चलाता है, जिसका कनेक्शन पेपर लीक कांड के मास्टरमाइंड और समस्तीपुर निवासी बिजेंद्र गुप्ता के साथ जुड़ा है. इससे पहले महाराष्ट्र में गिरफ्तार तीन आरोपियों से पूछताछ में सोनू के छोटे भाई विकास का नाम सामने आया था, जिससे पटना साइबर कैफे में पुलिस पहुंची थी.

पेपर लीक से तार बिहार से जुड़े: पेपर लीक के बाद महाराष्ट्र के भिवंडी में पुलिस ने छापेमारी कर बिहार, हरियाणा के कई आरोपियों को गिरफ्तार किया था. आरोपियों से पूछताछ में बिहार के समस्तीपुर जिले के बिजेन्द्र गुप्ता का नाम सामने आया था. जिसके बाद से महाराष्ट्र एसटीएफ की टीम कई राज्यो में छापेमारी कर रही है.
बिजेन्द्र गुप्ता की पत्नी गिरफ्तार: बिजेन्द्र गुप्ता की तलाश में महाराष्ट्र एसटीएम की टीम बिहार भी पहुंची. पुलिस सूत्रों की माने तो मास्टरमाइंड की तलाश में टीम उसके घर समस्तीपुर में भी डेरा डाले हुए है. इसी बीच एसटीएफ की टीम ने बिजेन्द्र गुप्ता की पत्नी को पटना से गिरप्तार किया है, जिससे फिलहाल पूछताछ जारी है.
महाराष्ट्र टीईटी पेपर लीक कांड: महाराष्ट्र टीईटी में 4 लाख 28 हजार से अधिक अभ्यर्थियों ने रजिस्ट्रेशन कराया था, लेकिन 28 जून को आयोजित परीक्षा से 24 घंटे पहले ही पेपर लीक हो गया. जिसके बाद महाराष्ट्र स्टेट एग्जामिनेशन काउंसिल ने परीक्षा रद्द कर दी.
अब तक 3 संदिग्ध हिरासत में : महाराष्ट्र पुलिस की टीम कुछ दिनों से बिहार में टीईटी पेपर लीक की जांच के लिए बिहार में हैं. वैशाली पुलिस के सूत्रों की माने तो हाजीपुर से तीन संदिग्ध को हिरासत में लिया गया है, महाराष्ट्र पुलिस सभी तीनों से पूछताछ कर रही है.
ये भी पढ़ें: महाराष्ट्र TET पेपर लीक: बिहार का निकला मास्टरमाइंड, कई राज्यों में छापेमारी कर रही पुलिस
ये भी पढ़ें: महाराष्ट्र TET पेपर लीक मामले में बड़ी गिरफ्तारी, पटना से मास्टरमाइंड बिजेंद्र गुप्ता की पत्नी गिरफ्तार

